फ्लाइट कैंसिल होने पर एयरलाइन नहीं कर सकती मनमानी, यात्रियों के लिए DGCA ने बनाए हैं ये खास नियम
क्या आप जानते हैं कि अगर आपकी फ्लाइट कैंसिल हो जाए, तो एक यात्री के तौर पर आपके क्या कुछ अधिकार होते हैं?

हवाई सफर करने वाले हर यात्री को पता होने चाहिए DGCA के ये नियम (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। छुट्टियों या किसी जरूरी काम के लिए आपने पैकिंग कर ली है, आप खुशी-खुशी एयरपोर्ट पहुंचते हैं और अचानक डिस्प्ले बोर्ड पर आपकी फ्लाइट के आगे 'कैंसिल' लिखा हुआ नजर आता है। यह किसी भी यात्री के लिए बेहद परेशानी भरा पल होता है, लेकिन क्या आपको मालूम है कि ऐसी स्थिति में नुकसान सहकर खामोश बैठने की जरूरत नहीं है?
डीजीसीए ने यात्रियों की सहूलियत के लिए कड़े नियम बनाए हैं, जो आपको कई खास सुविधाएं और मोटा हर्जाना दिला सकते हैं। आइए आसान शब्दों में जानते हैं कि उड़ान रद्द होने पर एक पैसेंजर के तौर पर आपके पास क्या-क्या राइट्स हैं।

(Image Source: AI-Generated)
पूरा रिफंड लें या मांगें दूसरी फ्लाइट
अगर एयरलाइन की तरफ से उड़ान रद्द की जाती है, तो फैसला आपके हाथ में होता है। आप चाहें तो अपनी टिकट का 100 प्रतिशत रिफंड ले सकते हैं। वहीं, अगर आपको सफर करना ही है, तो आप एयरलाइन से बिना कोई एक्स्ट्रा पैसा दिए अगली फ्लाइट में सीट देने की मांग कर सकते हैं।
एयरपोर्ट पर भूख लगे तो खाना बिल्कुल मुफ्त
मान लीजिए कि आपने अगली फ्लाइट का विकल्प चुन लिया है, लेकिन उसमें अभी कुछ घंटों का वक्त बाकी है। इस दौरान आपको अपनी जेब से कैफे का महंगा खाना खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। एयरलाइन की यह कानूनी जिम्मेदारी है कि वह आपके इंतजार के दौरान आपको फ्री खाना और पीने की चीजें मुहैया कराए।
10 हजार रुपये तक का नकद मुआवजा
- अगर एयरलाइन ने आपको उड़ान के समय से 24 घंटे से भी कम वक्त पहले कैंसिलेशन की जानकारी दी है, तो आप नकद हर्जाने के हकदार हैं।
- यात्रा की दूरी और लगने वाले समय के हिसाब से एयरलाइन को आपको 5,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का मुआवजा देना पड़ सकता है।
- एक और खास बात, अगर इस कैंसिलेशन की वजह से आपकी कोई आगे की 'कनेक्टिंग फ्लाइट' भी छूट जाती है, तो एयरलाइन को उसका भी हर्जाना भरना होगा।
रातभर का हो इंतजार, तो मिलेगा फ्री होटल
अगर आपकी दूसरी उड़ान अगले दिन के लिए तय की गई है, तो आपको एयरपोर्ट की कुर्सियों पर रात नहीं गुजारनी होगी। एयरलाइन को आपको रुकने के लिए एक अच्छे होटल का कमरा देना होगा, वह भी बिल्कुल मुफ्त। इसके अलावा, एयरपोर्ट से होटल तक आने-जाने के लिए टैक्सी या बस की सुविधा भी उन्हें ही देनी होगी। इसमें बुजुर्गों, छोटे बच्चों वाले परिवारों और गर्भवती महिलाओं को सबसे पहले यह सुविधा दी जाती है।
कब एयरलाइन नहीं देगी रिफंड?
यहां एक बात का ध्यान रखना जरूरी है। अगर फ्लाइट किसी प्राकृतिक आपदा या खराब मौसम के कारण रद्द हुई है, तो एयरलाइन आपको हर्जाना देने के लिए बाध्य नहीं है। हालांकि, अगर कारण उनकी खुद की तकनीकी खराबी या कर्मचारियों की कमी है, तो उन्हें आपको हर सुविधा और मुआवजा देना ही होगा।
एयरलाइन आनाकानी करे तो क्या करें?
अगर कभी स्टाफ आपको ये सुविधाएं देने से साफ मना कर दे या परेशान करे, तो बहस करने के बजाय स्मार्ट तरीका अपनाएं। आप भारत सरकार के 'AirSewa' पोर्टल पर जाकर तुरंत उनके खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।