विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्पाइसजेट पर गहराया संकट, दिल्ली से 8 फ्लाइट्स कैंसिल; दुबई में ₹35.85 करोड़ बकाया होने पर रुका चेक-इन

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:40 PM (IST)

सस्ती हवाई यात्रा का विकल्प देने वाली स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं, दिल्ली में आठ उड़ानें रद्द हुईं ...और पढ़ें

स्पाइसजेट की उड़ानों पर गहराया संकट। फोटो: आर्काइव

स्पाइसजेट की उड़ानों पर गहराया संकट। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली में एक ही दिन में आठ उड़ानें रद हुईं।

  2. दुबई एयरपोर्ट पर बकाया भुगतान के कारण चेक-इन रुका।

  3. स्पाइसजेट के अधिकांश विमान परिचालन से बाहर, बाजार हिस्सेदारी घटी।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। यात्रियों को सस्ती हवाई यात्रा का विकल्प देने वाली स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर एक ही दिन में आठ उड़ानें रद होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं एक दिन पूर्व दुबई एयरपोर्ट पर बकाया भुगतान के कारण कंपनी की चेक-इन सेवाएं रोक दी गईं।

संकट अब केवल आर्थिक नहीं, बल्कि परिचालन और यात्रियों के भरोसे से भी जुड़ गया है। सवाल है कि कभी देश की प्रमुख बजट एयरलाइंस में शामिल रही स्पाइसजेट इस हालत में कैसे पहुंच गई।

दिल्ली में 8 उड़ानें रद, दुबई में भी परेशानी 

13 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को स्पाइसजेट की उड़ानों की स्थिति पता करने के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी।

फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे से रात आठ बजे के बीच दिल्ली से स्पाइसजेट की आठ उड़ानें रद हुईं। इनमें मुंबई, गुवाहाटी, पुणे, लेह, श्रीनगर, अहमदाबाद और सिलिगुड़ी की उड़ानें शामिल थीं।

इससे एक दिन पहले दुबई में भुगतान विवाद के कारण एयरपोर्ट की सेवा प्रदाता कंपनी डीएनएटीए ने चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। इसके चलते 12 नवंबर को अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली की चार उड़ानें रद हुईं। करीब 35.85 करोड़ रुपये का बकाया बताया गया।

50 विमानों का बेड़ा, अधिकांश खड़े 

स्पाइसजेट की परेशानी की एक बड़ी वजह विमानों का परिचालन से बाहर होना है। विमानन वेबसाइट प्लेनस्पाटर्स के 12 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के कुल 50 विमानों में अधिकांश पार्क थे, विमानों की कमी से उड़ानों का कार्यक्रम प्रभावित होता है। एक उड़ान की देरी का असर आगे की उड़ानों पर भी पड़ता है।

बाजार में हिस्सेदारी भी घटी 

डीजीसीए के सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू विमानन बाजार में स्पाइसजेट की हिस्सेदारी जनवरी के 3.9 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 0.6 प्रतिशत रह गई। सितंबर में कंपनी ने करीब 73 हजार यात्रियों को सफर कराया।

इससे बाजार में कंपनी की कमजोर होती स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस संकट के कारणों पर प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए जब स्पाइसजेट से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 4 बांग्लादेशी गिरफ्तार, ग्रीस भागने की फिराक में थे; खत्म हो चुका था वीजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।