दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 4 बांग्लादेशी गिरफ्तार, ग्रीस भागने की फिराक में थे; खत्म हो चुका था वीजा
दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने पकड़ा है। ये सभी वीजा अवधि समाप्त ...और पढ़ें

चार बांग्लादेशी गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाहरी जिला पुलिस की फॉरेनर सेल ने चार बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है।
चारों भारत में वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वे ग्रीस जाने के लिए वीजा हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। इनके पासपोर्ट और वीजा की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने इन्हें बांग्लादेश वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़े गए चारों
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के मुताबिक, टीम को विशेष सत्यापन अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक मंगोलपुरी रेलवे स्टेशन के पास घूम रहे हैं।
सूचना पर इंस्पेक्टर सुंदर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
इनकी पहचान मो. रियाद हुसैन, आसिफ मिया, मो. शवन इस्लाम और मो. फारूकी हुसैन के रूप में हुई है। सभी बांग्लादेश के रहने वाले हैं।
सत्यापन के दौरान वे वैध भारतीय पहचान और यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच में उनके पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त होने की पुष्टि हुई।
इस साल 77 विदेशी नागरिकों को पकड़ चुकी है पुलिस
पुलिस के मुताबिक, इस साल बाहरी जिला पुलिस अब तक 77 विदेशी नागरिकों को पकड़ चुकी है। इनमें 33 बांग्लादेशी, 20 नाइजीरियाई, नौ थाई, आठ आइवरी कोस्ट, दो लाइबेरिया और दो घाना के नागरिक हैं।
इसके अलावा सेनेगल, गाम्बिया, युगांडा और गिनी के एक-एक नागरिक को भी पकड़ा गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों पर बिना PUCC निकले तो कटेगा चालान, प्रदूषण जांच के लिए जाने से पहले कर लें ये जरूरी काम