दो अलग-अलग एयरलाइन की फ्लाइट बुक की है तो संभलकर! जानिए कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने पर रिफंड मिलेगा या नहीं
कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने पर एयरलाइन यात्रियों की पूरी मदद करती है, खासकर अगर टिकट एक ही PNR पर बुक किया गया हो।

कनेक्टिंग फ्लाइट मिस होने पर क्या करना चाहिए? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जरा सोचिए, आप एक बड़े से एयरपोर्ट पर अपना बैग खींचते हुए पागलों की तरह दौड़ रहे हैं। आपकी नजरें बार-बार घड़ी पर हैं, सांसें फूली हुई हैं, लेकिन जैसे ही आप बोर्डिंग गेट पर पहुंचते हैं... पता चलता है कि आपकी कनेक्टिंग फ्लाइट टेकऑफ कर चुकी है।
सफर के बीचों-बीच, घर से कोसों दूर किसी अनजान शहर में यूं फंस जाना किसी डरावने सपने जैसा लगता है। दिमाग में सबसे पहला ख्याल यही आता है कि अब नया टिकट खरीदने में हजारों रुपये बर्बाद होंगे।
लेकिन, अगर हम कहें कि आपको अपनी जेब से एक भी पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक ऐसा 'गोल्डन रूल' है जो ऐसी मुश्किल घड़ी में आपको बिल्कुल मुफ्त में आपकी मंजिल तक पहुंचा सकता है। जी हां, आइए डिटेल में समझ लीजिए इस बारे में।
मुफ्त में मिलेगी नई फ्लाइट, बस शर्त है 'सिंगल टिकट'
अगर आपने अपनी पूरी जर्नी की बुकिंग एक ही टिकट, यानी सिंगल PNR पर की है, तो आप पूरी तरह सेफ हैं। अगर आपकी कोई गलती नहीं है और आपके कंट्रोल से बाहर की चीजों के कारण फ्लाइट छूटी है, तो आपको आपकी आखिरी मंजिल तक पहुंचाना एयरलाइन की जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसे कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा। इमिग्रेशन की लंबी लाइन, पहली फ्लाइट का लेट होना, बैगेज ट्रांसफर में दिक्कत या टर्मिनल बदलने में ज्यादा समय लगना, ये सब आम बातें हैं और इसमें यात्री का कोई दोष नहीं होता।
कैसे मदद करती है एयरलाइन?
अगर ऊपर बताई गई स्थिति में आपकी फ्लाइट छूटती है, तो एयरलाइन आपको ये सुविधाएं देती है:
- आपको बिना किसी खर्च के अगली मौजूद फ्लाइट में रीबुक कर दिया जाता है।
- अगर अगली फ्लाइट में काफी समय है, तो एयरलाइन आपको खाने-पीने के लिए मील वाउचर दे सकती है।
- बात अगर रात भर रुकने की आ जाए, तो एयरलाइन आपको होटल और एयरपोर्ट से वहां तक आने-जाने के लिए ट्रांसपोर्ट भी उपलब्ध करा सकती है।
- कुछ खास मामलों में, अगर देरी एयरलाइन की अपनी गलती की वजह से हुई है, तो आप रिफंड के भी हकदार हो सकते हैं।
किन स्थितियों में काम नहीं आएगा यह नियम?
यह सुविधा आपको तब नहीं मिलेगी, जब आपने अलग-अलग एयरलाइंस या अलग-अलग टिकट बुक किए हों। ऐसे में अगर पहली फ्लाइट की वजह से आपकी दूसरी फ्लाइट छूटती है, तो दूसरी एयरलाइन आपको फ्री में टिकट देने के लिए बाध्य नहीं है। इसके अलावा, अगर आप खुद एयरपोर्ट देर से पहुंचे हैं या कैफे में बैठकर आपने बोर्डिंग अनाउंसमेंट को अनसुना कर दिया है, तो भी एयरलाइन आपकी कोई मदद नहीं करेगी।
फ्लाइट छूटने का पता चलते ही तुरंत करें ये काम
- परेशान होने के बजाय सीधे एयरलाइन के ट्रांसफर डेस्क या कस्टमर सर्विस काउंटर पर पहुंचें।
- अपना बोर्डिंग पास और बाकी कागजात हाथ में तैयार रखें ताकि काम जल्दी हो सके।
- लाइन में लगने के साथ ही अपने फोन में एयरलाइन का ऐप जरूर चेक करें। कई बार बिना लाइन में लगे ही सिस्टम आपको अपने आप अगली फ्लाइट में रीबुक कर देता है।
- चेक-इन बैगेज के बारे में पूछना न भूलें। कई बार आप भले ही एयरपोर्ट पर रह जाएं, आपका सामान आपसे पहले ही आपकी फाइनल डेस्टिनेशन तक पहुंच जाता है।
बुकिंग करते समय हमेशा रखें ये सावधानी
इस पूरे सिरदर्द से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि टिकट बुक करते समय ही समझदारी दिखाई जाए। हमेशा दो फ्लाइट्स के बीच पर्याप्त समय रखें, खासकर तब जब एयरपोर्ट बहुत बड़ा या आपके लिए नया हो। अगर आप विदेश जा रहे हैं, तो सिक्योरिटी और इमिग्रेशन के लिए और भी ज्यादा समय लेकर चलें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।