इन 5 जानवरों को भी होता है अपने पार्टनर से अटूट प्रेम, ताउम्र निभाते हैं एक-दूसरे के साथ वफादारी
इंसान एकलौता ऐसा प्राणी नहीं है जो अपने पार्टनर के साथ लॉयल रहता है। कई जानवर (5 Loyal Animals) और पक्षी भी ऐसे हैं जो अपने पार्टनर के साथ जिंदगीभर लॉयल रहते हैं। ये जीव मरते दम तक अपने साथी का साथ नहीं छोड़ते हैं और सिर्फ उन्हीं के साथ अपना परिवार बसाते हैं। आइए जानें इनके नाम।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी हम पार्टनर से वफादारी की बात करते हैं, तो सबसे पहला नाम हमारी जुबां पर इंसानों का आता है। अपने साथी का हमेशा साथ देने के लिए इंसानों को खूब सराहा जाता है। लेकिन यह वफादारी का रिश्ता सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। प्रकृति में कई जीव (5 Loyal Animals) ऐसे होते हैं, जो अपने पार्टनर के साथ ताउम्र वफादारी निभाते हैं। ये जीवनभर एक ही साथ के साथ रहते हैं और कई बार तो अपने साथी के जाने के बाद भी अकेले ही रहते हैं। आइए जानते हैं कौन-से जीव (Faithful Animals Name) जिंदगीभर अपने पार्टनर के साथ लॉयल रहते हैं।
भेड़िया (Wolf)
जी हां, भेड़िया, जिसे लोनर और खूंखार समझा जाता है, अपने पार्टनर और परिवार के लिए बेहद लॉयल होते हैं। अपने परिवार और पार्टनर के लिए ये मरने-मारने को भी तैयार रहते हैं। दरअसल, भेड़िए आमतौर पर मोनोगैमस यानी एक ही पार्टनर के साथ जीवन बिताने वाले होते हैं। एक बार जब वे अपना साथी चुन लेते हैं, तो जीवनभर उसी के साथ रहते हैं। वे साथ मिलकर शिकार करते हैं, अपने बच्चों की देखभाल करते हैं और एक-दूसरे की रक्षा करते हैं। कई बार अगर एक साथी की मृत्यु हो जाती है, तो दूसरा भेड़िया अक्सर अकेला ही रह जाता है और नया साथी नहीं ढूंढता।
यह भी पढ़ें: प्यार में डूबे कपल को क्यों कहते हैं 'दो हंसों का जोड़ा', वजह जानकर हर किसी को इसका मतलब बताएंगे आप
हंस (Swan)
हंस अपने साथी के साथ वफादारी के लिए जाने जाते हैं। इसलिए कई बार किसी प्रेमी जोड़े को ‘दो हंसों का जोड़ा’ भी कहा जाता है। ये पक्षी भी मोनोगैमस होते हैं और एक बार साथी चुनने के बाद जीवनभर उसी के साथ रहते हैं। खाना ढूंढ़ना, बच्चों की देखभाल करना ये सब वे मिल जुलकर ही करते हैं। अपने साथी के जाने के बाद कई बार वे नया साथी नहीं ढूंढते और अकेले ही रहते हैं। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। साथी के मरने के बाद हंस नया पार्टनर खोज सकते हैं।
बीवर (Beaver)
बीवर एक और जानवर है जो अपने साथी के साथ बेहद वफादार होता है। ये जानवर काफी मेहनती होते हैं और जोड़े बनाकर रहते हैं और साथ मिलकर ही सभी काम करते हैं। बीवर भी जिंदगीभर अपने चुने हुए साथी के साथ रहते हैं और अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं।
पेंग्विन (Penguin)
पेंग्विन्स भी अपने साथी के बेहद वफादार होते हैं। पेंग्विन भी जीवनभर एक ही साथी के साथ रहते हैं। वे साथ मिलकर अंडे सेते हैं और चूजों की देखभाल करते हैं। पेंग्विन्स के बीच प्रेम की भावना बहुत मजबूत होती है। कई बार तो नर पेंग्विन मादा को छोटा पत्थर तोहफे में देने के लिए खूब मेहनत करते हैं और अगर मादा उस पत्थर को स्वीकार कर लें, तो वे जीवनभर साथ रहते हैं। इस तरह पेग्विंन्स अपने पार्टनर चुनते हैं।
बाल्ड ईगल (Bald Eagle)
ईगल एक शिकारी पक्षी है, जो एक बार जोड़ा बनाने के बाद हमेशा साथ ही रहते हैं। हालांकि, अगर एक साथी की मृत्यु हो जाती है, तो दूसरा ईगल नया साथी ढूंढ सकता है, लेकिन जब तक दोनों जीवित होते हैं, वे कोई दूसरा पार्टनर नहीं ढूंढ़ते।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।