त्योहारों पर पुरानी रसोई को दें नया लुक, कम खर्च में भी नए जैसा लगने लगेगा किचन
जन्माष्टमी गणेश चतुर्थी के बाद अब दशहरा और दीवाली की तैयारियां शुरू होने वाली हैं। हर कोई अपने घरों की साफ-सफाई में व्यस्त होगा। यदि आप भी अपनी रसोई को नया लुक देना चाहते हैं तो चलिए इंटीरियर एक्सपर्ट से जानते है कैसे आप अपनी पुरानी रसोई में छोटे बदलाव करके उसे नया और ट्रेंडी बना सकती हैं।

सुमन अग्रवाल, नई दिल्ली। घरों में महिलाओं की पसंदीदा जगह किचन होती है क्योंकि उनका अधिक समय रसोई में ही बीतता है। त्योहारों के सीजन में घर में इसलिए उनका ध्यान रसोई की सजावट और साफ-सफाई पर रहता है।
अब आप सोच रहे होंगे कि रसोई को दोबारा से डेकोर करने में काफी खर्च होगा, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। एक्सपर्ट्स की मानें तो कम खर्च में भी आप अपनी रसोई में छोटे-छोटे बदलाव करके उसे नया और ट्रेंडी लुक दे सकती हैं।
लगाएं मार्बल टाइल्स वाले वॉलपेपर
रसोई में मानलं या दीवारों के टाइल्स बदलने में काफी खर्च आता है। आजकल बाजार में मार्बल- टाइल्स जैसे दिखने वाले अलग-अलग डिजाइन्स के वालपेपर उपलब्ध हैं। आप चाहें तो रसोई की दीवारों पर उन्हें लगाकर रसोई को नया लुक दे सकती हैं। आपको किचन के रंग और जगह के हिसाब से ही वालपेपर का डिजाइन और साइज चुनना होगा।
खुले शैल्फ बनाएं
भंडारण का सामान रखने की वजह से किचन बहुत भरा-भरा और अव्यवस्थित लगने लगता है। अगर आपके किचन में भी सामान खुले में बिखरा हुआ रहता है, तो आप खुले शैल्फ बनवा सकते हैं, जिससे जगह भी बचेगी।
लकड़ी का करें प्रयोग
अक्सर देखा जाता है कि रसोई में खाना पकाने के बाद उसकी गंध रह जाती है और किचन की फ्रेशनेस चली जाती है। ऐसे में अगर आपकी किचन में खिड़की है तो आप उसके पास कुछ छोटे पौधे या मनी प्लांट लगा सकते हैं, इससे नेचुरल वातावरण का एहसास होगा। इसके साथ ही लकड़ी के छोटे कैबिनेट या अलमारी भी किचन को नेचुरल लुक देते हैं।
कला-संस्कृति का संगम
अगर आपका किचन थोड़ा बड़ा और खाली खाली सा लगता है, तो आप किसी एक दीवार पर कोई क्लासिक आर्ट या पेंटिंग लगा सकती हैं। हालांकि कई लोग अपने परिवार का फोटो लगाना भी पसंद करते हैं।
पुरानी चीजों से डेकोर
घर में अक्सर कितनी ऐसी पुरानी चीजें रखी रहती हैं जिसका हम उपयोग नहीं करते। अगर घर में कोई रचनात्मक व्यक्ति है तो लैंटर्न, दीपक, लकड़ी के पुराने सामान आदि से किचन को एंटीक लुक दी जा सकती है। इनसे अच्छे शोपीस बनाकर किचन को ट्रेंडी लुक दिया जा सकता है।
आकांक्षा साहनी (इंटीरियर डिजाइनर) बताती हैं कि किचन के डेकोर में ज्यादा खर्च किए बगैर ही उसे नया और ट्रेंडी लुक दिया जा सकता है। किचन की छोटी-मोटी चीजें बदलकर आप उसे रेनोवेट कर सकते हैं, जैसे गैस ओवन ज्यादा पुराना प्रयोग में नहीं लेना चाहिए, उसे बदलकर नया ले सकते है। काकरी रखने के लिए एक अलग से स्पेस बनाएं ताकि रसोई का लुक रायल लगे।
वैसे भी आजकल कस्टमाइज्ड चीजों से बाजार भरपूर है, आपको अपनी पसंद और जगह के हिसाब से बस चुनना होता है मोबाइल या टैब रखने के लिए एक स्टैंड भी पास में रख सकते हैं। साथ ही अरोमा की खुशबू के साथ एक लाइट या दीया जला सकते हैं। इससे किचन का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।