14 नहीं, पहले 20 नवंबर को मनाया जाता था बाल दिवस? बहुत दिलचस्प है Children’s Day का इतिहास
भारत में बाल दिवस 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर मनाया जाता है।

14 नवंबर को क्यों मनाते हैं बाल दिवस? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में हर साल 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। स्कूल-कॉलेजों में इस दिन खास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आप जानते ही होंगे कि 14 नवंबर को ही भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिवस भी है और इन्हीं के जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाते हैं।
हालांकि, ऐसे में सवाल आता है कि इनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में क्यों मनाया जाता है। इसके पीछे पंडित नेहरू का बच्चों के लिए प्रेम और उनके अधिकारों को लेकर दूरदर्शी सोच छिपी है। आइए जानें इस बारे में।
चाचा नेहरू और बच्चों से उनका लगाव
पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से काफी प्रेम था और बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश की असली शक्ति और समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा था कि आज के बच्चे कल के भारत का निर्माण करेंगे। जिस तरह हम उनका पालन-पोषण करेंगे, वो देश का भविष्य तय करेगा। प्रधानमंत्री के तौर पर अपने बिजी शेड्यूल में से समय निकालकर वो बच्चों के साथ वक्त बिताने का कोई अवसर नहीं छोड़ते थे।
उनसे जुड़ी एक कहानी मशहूर है कि एक बार वो बच्चों के साथ बैठे, तो एक बच्चे ने उनसे पूछा कि वो अपने कोट पर गुलाब क्यों लगाते हैं। पंडित नेहरू ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें फूल और बच्चे, दोनों बहुत पसंद हैं, क्योंकि दोनों ही बहुत कोमल, खूबसूरत और जीवन में खुशबू फैलाने वाले होते हैं। बच्चों के लिए उनके इस प्रेम के कारण ही वे चाचा नेहरू कहलाए।
14 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है बाल दिवस?
इसके पीछे एक रोचक तथ्य है। साल 1964 में पहले भारत में बाल दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता था। संयुक्त राष्ट्र ने 20 नवंबर को ही चिल्ड्रन्स डे के रूप में घोषित किया था, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद भारत ने उनके जन्मदिन यानी 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की और तब से हर साल 14 नवंबर को भारत में बाल दिवस मनाया जाने लगा।
बाल दिवस मनाने का मकसद
बाल दिवस सिर्फ मिठाइयां बांटने तक सीमित नहीं है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज में बच्चों के अधिकारों, उनकी शिक्षा, पोषण और सुरक्षित बचपन के बारे में जागरूकता फैलाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।