इस ‘भोजपुरी लोकगीत’ के बिना अधूरा लगता है छठ पूजा का घाट, सुनते ही छठी मैया की भक्ति में डूब जाता है मन
छठ पूजा बिहार का महापर्व है। इस पर्व पर कई खास लोकगीत गाए जाते हैं, जिनमें मारबो रे सुगवा भी शामिल है।

छठ पूजा पर गाया जाने वाला पारंपरिक लोकगीत (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के लोकगीतों में छठ पूजा के गीतों की खास जगह है। ये गीत छठी मैया और सूर्य देव को समर्पित होते हैं। इन गीतों में छठ पूजा की महिमा और रीति-रिवाजों को बहुत खूबसूरती से बयां किया जाता है। ऐसा ही एक गीत है मारबो रे सुगवा धनुष से।
ये छठ गीत काफी मशहूर है, जिसे अनुराधा पौडवाल और कल्पना पटवारी ने भी अपनी आवाज दी है। आइए जानें इस पारंपरिक छठ गीत की क्या खासियत है।
गीत में क्या कहा गया है?
छठ महापर्व में शुद्धता का खास ध्यान है और नियम है कि छठ पूजा के प्रसाद को अर्घ्य को कोई भी जीवित प्राणी जूठा नहीं कर सकता। ये गीत इसी नियम से जुड़ा है। छठ पूजा के प्रसाद में केला, नारियल, शरीफा, अमरूद जैसे मौसमी फल चढ़ाए जाते हैं, जिन्हें बहुत शुद्धता के साथ रखा जाता है।
इस गीत में कहा जाता है कि छठ पूजा के अर्घ्य के लिए रखे फलों पर एक तोता मंडरा रहा और उन्हें जूठा करने की कोशिश कर रहा है। इस पर व्रती उसे चेतावनी देती है कि मैं तुम्हें धनुष से मार दूंगी और फिर सुगनी यानी मादा तोता के विलाप और सूर्य देव से मदद की गुहार को बयां किया जाता है।
अर्घ्य के लिए रखे फलों पर मंडराता तोता
इस गीत में कहा जाता है कि अर्घ्य के लिए रखे केलों पर एक सुगा यानी तोता मंडरा रहा है। उस तोते को व्रती धमकी देती है कि अगर प्रसाद जूठा करने की कोशिश की, तो मैं धनुष से तुम पर तीर चलाऊंगी। धनुष के प्रहार से तोता बेहोश होकर गिर पड़ता है, जिस पर सुगनी यानी मादा तोता विलाप करने लगती है और सूर्य देव से सहायता की गुहार लगाती है।
ऊ जे केरवा जे फरेला घबद से, ओह पर सुगा मेड़राए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरछाय।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥
ये गीत छठ पूजा की महिमा को दिखाता है कि कोई भी प्राणी, जो सच्चे दिल से सूर्य देव और छठी मैया की शरण में जाता है, उनकी मनोकामनाएं जरूर पूरी होती हैं। इसी तरह गीत में प्रसाद में चढ़ाए जाने वाले अलग-अलग फलों का नाम लेकर गीत गाया जाता है।
क्या है इस गीत की खासियत?
इस गीत में छठी मैया और सूर्य देव की महिमा को बताता है कि वो सिर्फ इंसानों की नहीं, बल्कि सभी जीवित प्राणियों की मदद करते हैं। वहीं, इस गीत में छठ महाप्रसाद की पवित्रता के बारे में भी बताया गया है। ये गीत बताता है कि छठ पूजा पवित्रता और प्रकृति का सम्मान करने का त्योहार है।
साथ ही, अर्घ्य में सभी मौसमी फलों को ही चढ़ाया जाता है। इसमें कोई भी ऐसी चीज नहीं शामिल होती, जिसमें मिलावट हो या अशुद्ध हो सकता हो।
बिहार का पारंपरिक लोकगीत
ये छठ गीत बिहार में काफी समय से गाया जाता रहा है। छठ पूजा पर घाटों पर इस गीत को जरूर बजाया जाता है और इसकी धुन इतनी खूबसूरत है कि सुनकर हर कोई छठी मैया की भक्ति में डूब जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।