छठ पूजा पर घर जाने का है प्लान, लेकिन ट्रेन में नहीं मिल रही कंफर्म सीट? अपनाएं ये 3 स्मार्ट तरीके
छठ पूजा पर घर जाने के लिए कंफर्म ट्रेन टिकट न मिलने की समस्या आम है।

ट्रेन की लंबी वेटिंग से डरकर प्लान कैंसिल मत कीजिए (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। छठ पूजा का नाम सुनते ही यूपी-बिहार के लोगों का मन अपने घर-गांव लौटने को करता है। देश के किसी भी कोने में रहने वाला व्यक्ति इस महापर्व को अपने परिवार के साथ ही मनाना चाहता है, लेकिन असली परेशानी शुरू होती है ट्रेन टिकट बुक करते समय।
दरअसल, लंबी वेटिंग लिस्ट और खचाखच भरी ट्रेनों के चलते कंफर्म टिकट मिलना किसी लॉटरी से कम नहीं लगता। कई लोग तो टिकट न मिलने की निराशा में अपना सफर ही रद्द करने की सोचने लगते हैं।
मगर आपको परेशान होने या प्लान कैंसिल करने की कोई जरूरत नहीं है। अगर आप थोड़ी-सी स्मार्ट प्लानिंग करेंगे, तो बिना किसी दिक्कत के अपने घर पहुंच सकते हैं। आइए जानते हैं वो आसान तरीके जो टिकट न मिलने पर आपके बड़े काम आ सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
डायरेक्ट ट्रेन की जगह 'कनेक्टिंग ट्रेन' का फॉर्मूला अपनाएं
अगर एक ही ट्रेन से पूरा सफर करना मुमकिन नहीं हो पा रहा है, तो अपनी यात्रा को दो हिस्सों में बांट लें। यह तरीका कंफर्म सीट दिलाने में बहुत काम आता है। मिसाल के तौर पर, अगर आपको नई दिल्ली से दरभंगा या सहरसा जाना है और सीधी ट्रेन फुल है, तो आप दिल्ली से पहले पटना या पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक की टिकट बुक कर सकते हैं। इसके बाद, वहां से अपने शहर जाने वाली कोई दूसरी ट्रेन आसानी से ले सकते हैं।
छोटे स्टेशन के बजाय किसी बड़े जंक्शन का टिकट लें
अगर आपको सीधे अपने शहर या गांव जाने वाली ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है, तो उसके आसपास के किसी बड़े रेलवे स्टेशन या जंक्शन का टिकट चेक करें। अक्सर बड़े स्टेशनों के लिए आसानी से कंफर्म सीट मिल जाती है। एक बार आप उस बड़े जंक्शन पर पहुंच जाएं, तो वहां से कोई बस, लोकल ट्रेन या अन्य सवारी लेकर आराम से अपने घर तक का बाकी सफर पूरा कर सकते हैं।
स्पेशल सरकारी या प्राइवेट बसों का लें सहारा
अगर ट्रेन में बिल्कुल भी चांस नहीं बन पा रहा है, तो बस से सफर करने का ऑप्शन हमेशा खुला रहता है। छठ जैसे बड़े त्योहार के समय राज्य परिवहन निगम यात्रियों की सहूलियत के लिए कई रूटों पर स्पेशल बसें चलाते हैं। इसके अलावा, प्राइवेट ट्रैवल कंपनियां भी डायरेक्ट बस सेवाएं देती हैं, जो आपको समय पर घर पहुंचा सकती हैं।
भीड़ में धक्के खाने से बेहतर है सुरक्षित सफर
यह सच है कि ट्रेन बदलकर या फिर बस से जाने में आपको कुछ घंटे एक्स्ट्रा लग सकते हैं, लेकिन खुद सोचिए, बिना सीट के भीड़ में बुरी तरह धक्के खाते हुए जाने से तो ये कहीं बेहतर है। थोड़ा ज्यादा समय देकर आप अपने परिवार के पास सुरक्षित, आराम से और बिना थके पहुंच जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।