क्या प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ट्रेन में सफर किया जा सकता है? जुर्माने से बचने के लिए ध्यान रखें रेलवे का ये नियम
भारतीय रेलवे के प्लेटफॉर्म टिकट से जुड़े नियम अक्सर कई यात्रियों को पता नहीं होते हैं।

प्लेटफॉर्म टिकट लेकर कितनी देर स्टेशन पर रह सकते हैं? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के स्टेशनों पर यात्रियों की चहल-पहल तो रहती ही है, लेकिन उससे भी ज्यादा भीड़ अपनों को स्टेशन पर छोड़ने या लेने आने वालों की होती है। इसी बेतहाशा भीड़ को काबू में रखने और सुरक्षा तय करने के लिए रेलवे ने 'प्लेटफॉर्म टिकट' का सिस्टम बनाया है।
हम स्टेशन पर एंट्री के लिए टिकट तो ले लेते हैं, लेकिन इसके असली नियम बहुत कम लोगों को पता होते हैं। आइए, डिटेल में समझते हैं कि प्लेटफॉर्म टिकट के वो कौन-से नियम हैं, जो हर आम आदमी को पता होने चाहिए।
सिर्फ 2 घंटे की होती है एक्सपायरी
ज्यादातर लोगों को लगता है कि एक बार प्लेटफॉर्म टिकट खरीद लिया, तो वह पूरे दिन के लिए काम करेगा, लेकिन हकीकत में ऐसा बिल्कुल नहीं है। महज 10 रुपये में मिलने वाले इस टिकट की लाइफ सिर्फ 2 घंटे होती है। उत्तर रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जिस समय आप टिकट खरीदते हैं, ठीक दो घंटे बाद वह रद्दी हो जाता है। इसलिए, स्टेशन पर बेवजह ज्यादा देर रुकने से बचें।
स्टेशन फुल होने पर टिकट देने से हो सकता है इनकार
आपको यह जानकर शायद हैरानी हो कि प्लेटफॉर्म टिकट अनलिमिटेड नहीं होते। स्टेशन के आकार और उसकी कैपेसिटी के आधार पर ही यह तय होता है कि कितने लोगों को अंदर जाने दिया जाए। अगर स्टेशन के अंदर पहले से ही भीड़ अपनी लिमिट पार कर चुकी है, तो रेलवे स्टाफ आपको प्लेटफॉर्म टिकट देने से साफ मना कर सकता है। यह नियम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
इमरजेंसी में ट्रेन यात्रा करने की सुविधा
प्लेटफॉर्म टिकट का एक सबसे बड़ा और शानदार फायदा यह है कि आप इसके जरिए ट्रेन में सफर भी कर सकते हैं। जी हां, अगर आपको अचानक किसी जरूरी काम से जाना पड़ जाए और सफर का टिकट खरीदने का समय न बचे, तो आप यही प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ सकते हैं।
हालांकि, इसका भी एक तरीका है। ट्रेन में बैठते ही आपको बिना कोई देरी किए सीधे टीटीई को ढूंढना होगा और अपनी मंजिल तक का टिकट बनवाना होगा। इस दौरान आपका यह प्लेटफॉर्म टिकट टीटीई को यह साबित करने में मदद करेगा कि आपने असल में किस स्टेशन से ट्रेन पकड़ी है।
नियम तोड़ा, तो हो सकती है सख्त कार्रवाई
यहां एक बात का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी है- प्लेटफॉर्म टिकट से ट्रेन में चढ़ने की सुविधा केवल इमरजेंसी के लिए है, इसे किराया बचाने का कोई 'शॉर्टकट' बिल्कुल न समझें। भारतीय रेलवे अधिनियम के तहत बिना सही टिकट के यात्रा करना या जानबूझकर धोखाधड़ी करना एक गंभीर अपराध माना गया है।
अगर आप ऐसा करते पकड़े जाते हैं, तो आप पर 250 रुपये या यात्रा के किराए का दोगुना जुर्माना लग सकता है। स्थिति के आधार पर यह जुर्माना 1,260 रुपये तक भी पहुंच सकता है। इतना ही नहीं, जानबूझकर रेलवे को चकमा देने की कोशिश पर आपके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। इसलिए, हमेशा ईमानदारी से सही टिकट लें और बिना किसी टेंशन के अपने सफर का आनंद लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।