रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के अलावा सबकी एंट्री बैन, दिल्ली में प्लेटफॉर्म टिकट बंद; सिर्फ इन्हें मिली छूट
दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ...और पढ़ें

दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफाॅर्म टिकट बंद। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीपावली और छठ पूजा के समय होने वाली यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखकर कुछ दिनों के लिए नई दिल्ली सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
सिर्फ कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
छह प्रमुख स्टेशनों पर टिकट बिक्री बंद
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार हाॅल्ट और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर तीन नवंबर से 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री नहीं होगी।
टिकट काउंटर के साथ ही मोबाइल एप और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) से भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए उनके स्वजन या परिचित भी प्लेटफॉर्म टिकट लेकर पहुंच जाते हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ जाती है।
त्योहार के दिनों में यात्रियों की संख्या अधिक बढ़ जाती है। इस स्थिति में अन्य लोगों को प्लेटफॉर्म तक आने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को छूट
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, महिलाओं और निरक्षर यात्रियों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, जिससे कि उन्हें परेशानी न हो। उनके साथ सहायता के लिए आने वाले व्यक्ति को छूट मिलेगी।