नहाय खाय की लौकी से लेकर खरना की खीर तक, इन पारंपरिक व्यंजनों के बिना अधूरा है बिहार का छठ महापर्व
बिहार, पूर्वी यूपी और झारखंड में मनाए जाने वाले छठ महापर्व में साफ-सफाई और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है।

छठ पूजा पर जरूर बनती हैं ये डिशेज (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार का महापर्व कहलाने वाला छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं है, बल्कि लाखों लोगों की भावना है। बिहार के साथ-साथ पूर्वी उत्तर-प्रदेश और झारखंड में भी छठ पूजा बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। चार दिनों के इस पर्व में साफ-सफाई और नियमों का बहुत खास ध्यान रखा जाता है।
इस पर्व की शुरुआत होती है नहाय-खाय से, जिसमें लौकी की सब्जी और चावल बनाया जाता है। इसी तरह इस पर्व से और भी कुछ खास डिशेज जुड़ी हैं, जिनके बिना ये त्योहार अधूरा माना जाता है। आइए जानें छठ पूजा की इन खास डिशेज के बारे में।
लौकी की सब्जी और चावल
छठ पूजा के पहले दिन यानी नहाय-खाय के दिन लौकी और चने की दाल मिलाकर सब्जी बनाई जाती है। इस सब्जी को बहुत ही शुद्धता के साथ बनाया जाता है। बिना लहसुन-प्याज के, शुद्ध घी और सेंधा नमक में लौकी की सब्जी बनाई जाती है, जिसे अरवा चावल के साथ बनाया जाता है। अरवा चावल कच्चे चावल को कहते हैं, जिसे पतीले में पकाया जाता है। व्रती इस दिन लौकी की सब्जी और चावल ही खाती है।
गुड़ की खीस
छठ के दूसरे दिन खरना होता है, जिसमें गुड़ की खीर और रोटी बनाई जाती है। नए चावल, दूध और गुड़ को पकाया जाता है। इसमें चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। पारंपरिक रूप से इसे मिट्टी के चूल्हे पर बनाया जाता है। खरना को व्रती पूरे दिन उपवास करती है और शाम को गुड़ की खीर के साथ रोटी खाती है, जिसके बाद 36 घंटों का निर्जला उपवास शुरू होता है।
ठेकुआ
छठ पूजा के प्रसाद में ठेकुआ की खास जगह होती है। इसके बिना छठ महापर्व का प्रसाद अधूरा है। ठेकुआ गेहूं के आटे से बनता है, जिसके लिए गेहूं को पिसवाया जाता है और उससे पहले मिल की धुलाई की जाती है, ताकि प्रसाद की शुद्धता बनी रहे। गेहूं के आटे में गुड़ और देसी घी मिलाया जाता है। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें सौंफ और घिसा हुआ नारियल भी मिलाया जाता है। लकड़ी के सांचे पर इस पर डिजाइन बनाया जाता है और इसे चूल्हे पर धीमी आंच पर तलकर बनाया जाता है।
कसार
कसार चावल के आटे से बने लड्डू को कहते हैं। ये छठ पूजा के प्रसाद में शामिल होता है। नए चावल के आटे, गुड़ और शुद्ध घी से लड्डू बनाया जाता है। सभी सामग्रियों को एक साथ हाथों से अच्छी तरह मलकर लड्डू बनाया जाता है। सूर्य देव और छठी मैया को अर्घ्य देते समय सूप में कसार भी रखा जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।