Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मादा को रिझाने के लिए बनाता है झोपड़ी, देता है रंग-बिरंगे तोहफे; ये है दुनिया का सबसे रोमांटिक बर्ड

    Updated: Thu, 03 Jul 2025 03:25 PM (IST)

    हम ऐसा मानते हैं कि अपने प्यार का इजहार इंसानों से बेहतर कोई नहीं कर सकता। लेकिन अगर हम बताएं कि एक ऐसा पक्षी भी है जो अपनी मादा को रिझाने के लिए (Bowerbird Courtship Behavior) घर बनाता है तोहफे देता है और डांस करता है तो क्या आप यकीन करेंगे। जी हां यह सच है। इस पक्षी को दुनिया का सबसे रोमांटिक बर्ड माना जाता है।

    Hero Image
    बड़े रोमांटिक अंदाज में मादा का दिल जीतता है बोवरबर्ड (Picture Courtesy: Instagram)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इंसानों की ही तरह प्रकृति में और भी कई जीव-जंतु हैं, जो अनोखे तरीकों से अपना प्यार और आकर्षण दिखाते हैं। लेकिन इन सभी में बोवरबर्ड (Bowerbird) को दुनिया का सबसे रोमांटिक पक्षी (Most Romantic Bird in the World) माना जाता है। यह पक्षी न केवल अपनी मादा को रिझाने के लिए खूबसूरत झोपड़ियां बनाता है, बल्कि उसे तोहफे भी देता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यहां तक कि वह मादा का दिल जीतने के लिए अनोखा डांस करने (Bowerbird Mating Dance) की कोशिश भी करता है। जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा है। ये पक्षी अपनी मादा का दिल जीतने के लिए इतनी मेहनत करता है। इस पक्षी का प्यार दिखाने के तरीकों के सामने तो अच्छे-अच्छे शर्मा जाते हैं। आइए इस अनोखे पक्षी के बारे में और डिटेल में जानते हैं।

    कहां पाए जाते हैं बोवरबर्ड?

    बोवरबर्ड ऑस्ट्रेलिया, न्यू गिनी और आसपास के द्वीपों में पाया जाने वाला एक मध्यम आकार का पक्षी है। इसकी लगभग 20 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से ज्यादातर नर अपनी मादा को आकर्षित करने के लिए एक खास प्रकार की झोपड़ी बनाते हैं, जिसे बावर (Bower) कहा जाता है। यह झोपड़ी न सिर्फ उनका घर होती है, बल्कि मादा को रिझाने का एक जरिया भी है।

    यह भी पढ़ें: बगीचे में आएंगी खूब सारी रंग-ब‍िरंगी त‍ितल‍ियां और Birds, बस करें ये 5 काम, खूबसूरत द‍िखेगा गार्डन

    मादा के लिए बनाते हैं घर

    बोवरबर्ड का सबसे खास गुण है उसकी बावर बनाने की कला। नर बोवरबर्ड टहनियों, पत्तियों और घास से एक छोटी सी झोपड़ी तैयार करता है, जिसे वह सजाता भी है। यह पक्षी अपनी बावर को चमकीली वस्तुओं जैसे कि रंगीन पत्थर, फूल, सीपियां, बोतल के ढक्कन, कांच के टुकड़े और यहां तक कि सिक्कों से भी सजाता है। कुछ बोवरबर्ड तो नीले रंग की वस्तुओं को ज्यादा पसंद करते हैं और उन्हें ही इकट्ठा करते हैं।

    इस झोपड़ी को बनाने में नर बोवरबर्ड को कई हफ्तों तक मेहनत करनी पड़ती है। वह अपनी बावर को लगातार सुधारता रहता है और अगर कोई दूसरा नर उसे नष्ट कर दे, तो वह फिर से नई बावर बनाने लगता है।

    मादा को देता है कई गिफ्ट्स

    बोवरबर्ड के लिए सिर्फ बावर बनाना ही काफी नहीं होता। वह अपनी मादा को आकर्षित करने के लिए तोहफे भी इकट्ठा करता है। वह जामुन, कीड़े और चमकदार वस्तुएं मादा के लिए लाता है। कुछ प्रजातियां तो मादा को "गिफ्ट प्रेजेंटेशन" देती हैं, जहां वह अपने तोहफों को सजाकर रखता है।

    इसके अलावा, नर बोवरबर्ड मादा के सामने नृत्य करता है। वह अपने पंख फड़फड़ाता है, सिर हिलाता है और कभी-कभी दूसरे पक्षियों की आवाजों की नकल भी उतारता है। यह सब करके वह मादा को दिखाता है कि वह उसके लिए सबसे अच्छा साथी है।

    मादा का फैसला

    मादा बोवरबर्ड अलग-अलग नरों की बावर देखती है और उनके डांस, सजावट और तोहफों के आधार पर फैसला करती है। अगर उसे कोई नर पसंद आ जाता है, तो वह उसे ही अपना साथी चुनती है। हालांकि, बाद में मादा अकेले ही अंडे देती है और बच्चों को पालती है, जबकि नर फिर से दूसरी मादाओं को आकर्षित करने की कोशिश करता है।

    लेकिन नर बोवरबर्ड की मादा को रिझाने की कला के बारे में जानने के बाद तो आप मान गए होंगे कि हां, यह पक्षी वाकई काफी रोमांटिक मिजाज का है।

    यह भी पढ़ें: आप या हम हाथ लगाएंगे, तो चिपक जाएंगे, लेकिन बिजली के तार पर बैठे पक्षियों को क्यों नहीं लगता करंट?