उम्र का असर मानकर न टालें सांस फूलने की परेशानी, अंदर ही अंदर फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती है ये साइलेंट बीमारी
हमारे फेफड़े बिना थके दिन-रात काम करते हैं, लेकिन क्या होगा अगर कोई बीमारी बिना शोर मचाए उन्हें अंदर ही ...और पढ़ें

सीढ़ियां चढ़ते वक्त सांस लेने में तकलीफ महसूस करता व्यक्ति (AI जनरेटेड तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आप भी सीढ़ियां चढ़ते वक्त सांस फूलने, सीने में होने वाली हल्की घरघराहट या हफ्तों तक चलने वाली खांसी को बस मौसम का बदलाव या बढ़ती उम्र का असर मानकर टाल देते हैं?
हम अक्सर अपनी रोजमर्रा की इन परेशानियों को यह सोचकर नजरअंदाज कर देते हैं कि 'प्रदूषण के इस दौर में यह तो आम बात है।' लेकिन हमारी यही छोटी-सी लापरवाही फेफड़ों के लिए एक बहुत बड़ा खतरा बन सकती है। जी हां, आपकी यह अनदेखी दरअसल क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) नाम की एक गंभीर बीमारी को शरीर में जड़ें जमाने का मौका दे देती है।
इसे फेफड़ों की साइलेंट डिजीज कहा जाता है, क्योंकि यह इतनी धीमी गति से अंदर ही अंदर बढ़ती है कि सालों तक लोगों को इसके लक्षणों का एहसास ही नहीं होता। आइए, इस आर्टिकल में डिटेल में समझते हैं कि यह बीमारी क्यों छिपी रह जाती है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
बढ़ती उम्र का बहाना और लक्षणों की अनदेखी
लगातार खांसी आना, बलगम बनना, सीने में घरघराहट या सांस का उखड़ना- ज्यादातर लोग इन परेशानियों को यह सोचकर टाल देते हैं कि यह तो बस बढ़ती उम्र, प्रदूषण या सिगरेट पीने का सामान्य असर है। इस अनदेखी का नतीजा यह होता है कि जब तक मरीज अपनी परेशानी लेकर डॉक्टर के पास पहुंचता है, तब तक उसके फेफड़े काफी हद तक खराब हो चुके होते हैं।
सिर्फ सिगरेट पीने वालों को नहीं होता खतरा
शुरुआती लक्षणों की जानकारी न होना इस बीमारी के छिपे रहने की एक बड़ी वजह है। इसके अलावा, एक भ्रम यह भी है कि यह केवल धूम्रपान करने वालों को होती है। असल में, लंबे समय तक जहरीली हवा, कारखानों के धुएं-धूल और चूल्हे के धुएं के बीच रहने वाले लोगों को भी इसका उतना ही खतरा है। भारत जैसे देश में, जहां घर के भीतर और बाहर का प्रदूषण एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है, वहां यह बात और भी ज्यादा मायने रखती है।
बीमारी पकड़ने का आसान तरीका
बीमारी का समय पर पता न लगने के पीछे एक और बड़ी चूक 'स्पाइरोमेट्री' टेस्ट का कम इस्तेमाल होना है। यह फेफड़ों की ताकत और काम करने की क्षमता नापने का एक बेहद आसान टेस्ट है, जिससे इस बीमारी का पक्का पता लगाया जा सकता है।
किसे रहना चाहिए सबसे ज्यादा सावधान?
अगर आपकी उम्र 40 वर्ष से अधिक है और आपको लंबे समय से सांस या खांसी की शिकायत है, तो आपको अलर्ट हो जाना चाहिए। खासतौर से उन लोगों को डॉक्टर से मिलकर स्पाइरोमेट्री जांच जरूर करानी चाहिए जो सिगरेट पीते हैं या अक्सर धूल, धुएं और प्रदूषण के संपर्क में रहते हैं।
सही समय पर कदम उठाने से संवर सकती है जिंदगी
यह बात सच है कि इस बीमारी से फेफड़ों की बनावट को जो नुकसान हो जाता है, उसे वापस पहले जैसा नहीं किया जा सकता, लेकिन अगर समय रहते बीमारी पकड़ में आ जाए, तो मरीज की जिंदगी को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकता है। इसके लिए सिगरेट छोड़ना, सही इनहेलर का इस्तेमाल, जरूरी टीके लगवाना, फेफड़ों की रिहैबिलिटेशन थेरेपी लेना और हानिकारक धुएं से खुद को दूर रखना बहुत कारगर साबित होता है।
लगातार खांसी और सांस उखड़ने को कभी भी सिर्फ बुढ़ापे की निशानी मानकर नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही कदम उठाकर आप अपने फेफड़ों को बचा सकते हैं और भविष्य की कई गंभीर परेशानियों से सुरक्षित रह सकते हैं।
(डॉ. ध्रुव तलवार, मेट्रो सेंटर फॉर रेस्पिरेटरी डिजीज, नोएडा के कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट हैं)
यह भी पढ़ें- अस्थमा ही नहीं, फेफड़ों की लाइलाज बीमारी COPD का भी कारण बन सकता है प्रदूषण! ऐसे पहचानें इसके खतरनाक लक्षण
यह भी पढ़ें- जहरीली हवा से बढ़ रहा फेफड़ों की इस गंभीर बीमारी का खतरा, ऐसे करें अपना बचाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।