अस्थमा ही नहीं, फेफड़ों की लाइलाज बीमारी COPD का भी कारण बन सकता है प्रदूषण! ऐसे पहचानें इसके खतरनाक लक्षण
उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में धुंध भरा वायु प्रदूषण गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ और आंखों की ...और पढ़ें

कभी न ठीक होने वाली बीमारी है सीओपीडी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सांस लेने में तकलीफ होना, छोटे-मोटे काम के दौरान सांस फूलना, लगातार कफ और सांस लेते समय घरघराहट की समस्या श्वसन नली में सूजन या व्यवधान के कारण हो सकती है, यही क्रोनिक आब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज यानी सीओपीडी का शुरुआती लक्षण भी हैं।
घर के बाहर या अंदर प्रदूषकों (जैसे बारीक कण पीएम2.5, ओजोन, नाइट्रोजन डाइआक्साइड या धुआं) का स्तर बढ़ जाने से फेफड़ों में सूजन आ जाती है और पहले से सांस से जुड़ी समस्या है, तो परेशानी स्वाभाविक तौर पर बढ़ जाती है।
दरअसल, शरीर को आक्सीजन देने के लिए हमारे फेफड़े दिन-रात बिना थके काम करते हैं। अगर इनकी क्षमता की प्रभावित हो जाए, तो यह जीवन के लिए खतरनाक स्थिति हो सकती है। वायु प्रदूषण और खराब जीवनशैली के चलते फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
इनमें 'क्रोनिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज' (सीओपीडी) एक चिंताजनक समस्या है। यह फेफड़ों की एक आम बीमारी है, जिससे हवा का बहाव रुक जाता है और सांस लेने में दिक्कत होती है। इससे पीड़ित लोगों के फेफड़े डैमेज भी हो सकते हैं।
सामान्य परेशानी ले सकती है गंभीर रूप
सीओपीडी के लक्षणों में खांसी (कभी-कभी बलगम के साथ), सांस लेने में कठिनाई, सांस लेते समय घरघराहट की आवाज आना और थकान महसूस होना शामिल है। इस समस्या के गंभीर होने के पीछे मुख्य रूप से दो कारण जिम्मेदार होते हैं- धूमपान और वायु प्रदूषण।
सबसे चिंताजनक है कि इसका पूरी तरह से इलाज संभव नहीं है। ऐसे में उपाय यही है कि अगर वायु प्रदूषण से बचने और धूमपान की आदत को छोड़ दें और संक्रमण से बचाव के टीके लगवाएं, तो इसके लक्षणों को नियंत्रित किया जा सकता है। आमतौर पर सीओपीडी के लक्षण 50 वर्ष की उम्र के बाद दिखते हैं। इसके गंभीर होने पर अपने रोजमर्रा के सामान्य काम करना मुश्किल हो जाता है।
चूंकि, सांस फूलती है, इसलिए काम करने की क्षमता कम होने लगती है। सीओपीडी को एंफीसेमा या क्रोनिक ब्रोंकाइटिस भी कहा जाता है। इसका मतलब है- फेफड़ों में वायुमार्ग के अंत में मौजूद छोटी-छोटी हवा की थैलियों (एयर सैक्स) का नष्ट होना। वायुमार्ग में सूजन के कारण लगातार खांसी आने और बलगम बनने जैसी परेशानी हो सकती है।
अस्थमा और सीओपीडी मुश्किलों भरा है वायु प्रदूषण
अस्थमा के कारण सांस की नलियों में सूजन आ जाती है और वे संकरी हो जाती हैं, जिससे घरघराहट, खांसी, छाती में जकड़न और सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। वायु प्रदूषकों के संपर्क में आने से यह सूजन और बढ़ सकती है व अस्थमा का दौरा (अस्थमा अटैक) पड़ सकता है।
सीओपीडी से पीड़ित लोगों स्थिति गंभीर होने पर मेडिकल इलाज की जरूरत पड़ सकती है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और सांस रोगियों को हवा की गुणवत्ता खराब होने पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों के फेफड़े अभी भी विकसित हो रहे होते हैं, जबकि बुजुर्गों को अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिससे उनके लिए सांस संबंधी तनाव का सामना करना और भी मुश्किल हो जाता है।
लक्षणों को समझें
- सांस लेने में कठिनाई, लगातार खांसी (कभी-कभी बलगम के साथ) और थकान महसूस होना।
- सांस लेते समय घरघराहट या लंबे समय तक रहने वाली खांसी आना।
- बार-बार श्वसन संबंधी संक्रमण होना, दिल की धड़कन तेज होना।
- पैरों और टखनों में सूजन आना, वजन कम होने जैसी समस्या।
गंभीरता दे सकती है नई परेशानी
- फेफड़ों का संक्रमण, जैसे फ्लू या निमोनिया
- फेफड़ों का कैंसर
- मांसपेशियों का कमजोर होना और हड्डियों का कमजोर या नाजुक होना
- दिल से जुड़ी समस्याएं
इनसे करें बचाव तभी रहेंगे सुरक्षित
- धूम्रपान- यह सीओपीडी के मुख्य कारणों में से एक है। लंबे समय तक तंबाकू के धुएं के संपर्क में रहने से फेफड़ों में जलन होने और नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ती है।
- वायु प्रदूषण- प्रदूषित हवा, औद्योगिक धुएं, धूल और रासायनिक वाष्प गंभीर समस्या दे सकता है। उन इलाकों में रहने से बचना चाहिए, जहां हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी रहती है।
- धूल-धुआं- धूल, रसायनों और धुएं से बचने के लिए खदानों, कारखानों जैसी जगहों पर लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए।
- श्वसन संबंधी संक्रमण- अगर पहले निमोनिया हो चुका है, तो गंभीर श्वसन संक्रमण और सीओपीडी का खतरा बढ़ता है।
जब एक्यूआई खराब हो तो कैसे करें बचाव
बाहर जाने से बचें- प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सुबह के समय बाहर टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए। घर या फिटनेस सेंटर के अंदर व्यायाम कर सकते हैं।
मास्क पहनें- मास्क हवा में मौजूद बारीक कणों से बचा सकता है, हालांकि यह हर तरह के प्रदूषक को नहीं रोक पाता।
घर में सतर्कता- घर के अंदर धूमपान करने, अगरबत्ती जलाने या धुआं आदि से बचाव करें। जब बाहर की हवा खराब हो खिड़कियां बंद रखें। सही फिल्टर वाले एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
तकलीफ बढ़े तो जांच व उपचार कराएं
प्रदूषण, धूमपान के चलते सीओपीडी की गंभीरता बढ़ जाती है। श्वसन नली में सूजन आने के चलते अन्य तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। इसमें दवाओं का भी पर्याप्त असर नहीं होता। इसमें शुरुआत में खांसी, बलगम, सांस फूलने और फेफड़ों के कमजोर होने जैसी परेशानी होती है। यह ब्रोंकल अस्थमा जैसा ही होता है, लेकिन उसमें दवा से थोड़ी राहत मिल जाती है, जबकि यहां दवाओं का प्रभाव बहुत सीमित रहता है। दिल्ली जैसे इलाकों में धूमपान के अलावा लगातार वायु प्रदूषण के चलते यह समस्या अधिक गंभीर है। आमतौर पर यह समस्या बच्चों में नहीं होती। क्रोनिक यानी लंबे समय तक धूमपान करने या वायु प्रदूषण के प्रभाव में रहने से यह समस्या बढ़ती है। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करना चाहिए। अगर कोई तकलीफ हो रही है, तो इसका जांच और पर्याप्त उपचार कराना चाहिए। अगर बहुत दिनों से खांसी ठीक नहीं हो रही है, तो लंग फंक्शन की जांच अवश्य करा लेनी चाहिए।
डॉ. राजेश चावला, सीनियर कंसल्टेंट, रेस्पिरेटरी एवं क्रिटिकल केयर, इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।