हर खांसी की वजह सिर्फ 'प्रदूषण' नहीं! जानिए जहरीली हवा के बीच कब है डॉक्टर से मिलने की जरूरत
बढ़ता वायु प्रदूषण सांस संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर रहा है, खासकर दिल्ली जैसे शहरों में।

खांसी को मामूली समस्या समझकर न करें नजरअंदाज (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर आज एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। दिल्ली जैसे शहरों में ये समस्या और भी बड़ी है। हवा में मौजूद PM2.5, PM10 और दूसरे प्रदूषण सांस की नली को इरिटेट कर सकते हैं और फेफड़ों में सूजन पैदा कर सकते हैं।
इसके आम लक्षणों में लगातार खांसी, गले में खराश, सीने में जकड़न, घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ शामिल है। ऐसे में ये समझना जरूरी है कि कब डॉक्टर से सलाह लेनी जरूरी है।
किन लोगों को होती है सबसे ज्यादा परेशानी?
अस्थमा, सीओपीडी, दिल के मरीज, बच्चों और बुजुर्गों को वायु प्रदूषण सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। हालांकि, इस बात को न भूलें कि जो लोग पूरी तरह से स्वस्थ हैं, उन्हें भी वायु प्रदूषण की वजह से सांस से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
अगर आप प्रदूषित हवा से दूर रहते हैं, तो हल्की-फुल्की खांसी या गले की खराश अपने आप ठीक हो सकती है, लेकिन कुछ लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अगर लगातार खांसी बनी रहे, घरघराहट की समस्या बार-बार हो, सांस फूलने की समस्या बढ़ती जाए, सीने में जकड़न महसूस हो, पहले से मौजूद सांस की कोई बीमारी और ज्यादा गंभीर हो जाए या आपको अपने रेस्क्यू इनहेलर की जरूरत सामान्य से ज्यादा बार पड़ रही है, तो डॉक्टर से मिलना जरूरी है।
किन लक्षणों को अनदेखा न करें?
- अचानक या बहुत गंभीर रूप से सांस फूलना
- सीने में तेज दर्द होना
- सांस लेने में इतनी ज्यादा कठिनाई हो कि बोलते समय परेशानी हो
- होंठों का रंग नीला पड़ जाना
- खांसते समय खून आना
बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
- घर से बाहर निकलने से पहले AQI चेक करें और ज्यादा प्रदूषण वाले दिनों में बाहर ज्यादा मेहनत वाले काम करने से बचें।
- जिन इलाकों में ट्रैफिक ज्यादा हो, वहां जाने से बचें।
- अगर आपको अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार इनहेलर का इस्तेमाल करें।
- बिना डॉक्टर की सलाह के अपनी मर्जी से इनहेलर, एंटीबायोटिक्स या कफ सिरप न लें।
इस गलतफहमी से बचें
कभी ये मानकर न बैठें कि हर खांसी या सांस लेने में परेशानी सिर्फ प्रदूषण की वजह से हो रही है। अगर आपके लक्षण लंबे समय तक बने रहते हैं, तो यह अस्थमा, सीओपीडी, रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन या फेफड़ों से जुड़ी किसी दूसरी बीमारी का संकेत हो सकते हैं। इसलिए समय से अपने डॉक्टर से जांच कराएं और उनकी सलाह को फॉलो करें।
(डॉ. प्रवीण कुमार पांडेय, सीनियर डायरेक्टर, पल्मोनोलॉजी, मैक्स सुपर स्पेशेलिटी हॉस्पिटल, पटपरगंज)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।