विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्लासरूम हो या मैदान… हंसते-खेलते बच्चों को अचानक क्यों आ रहा 'हार्ट अटैक'? इन लक्षणों को न समझें सिर्फ थकान

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:43 PM (IST)

खेलते-कूदते बच्चों के अचानक अचेत होने और बिना किसी लक्षण व संकेत के हृदय गति के अचानक थम जाने की घटनाएं चिंता बढ़ाने लगी हैं।

बच्चों में बढ़ते कार्डियक अरेस्ट के मामले (Picture Courtesy: Freepik)

बच्चों में बढ़ते कार्डियक अरेस्ट के मामले (Picture Courtesy: Freepik)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्लासरूम में दाखिल होते ही 13 साल के एक बच्चे की लखनऊ में मौत, उससे पहले दिल्ली में नौ साल बच्ची को कार्डियक अरेस्ट, मुजफ्फरनगर और राजस्थान में हुई दो अन्य बच्चों की मौतें, केवल बच्चों की बिगड़ती सेहत का मामला भर नहीं हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता पैदा करती हैं। 

जो बच्चे दिखने में स्वस्थ हैं, वे चलते-फिरते कैसे अचानक दम तोड़ रहे हैं, कार्डियक मौतें इतनी कम उम्र में होने लगी हैं, इसे बिल्कुल नए तरह से देखने-समझने की जरूरत है।

अगर कोई बच्चा बार-बार सांस फूलने की शिकायत करता है, व्यायाम के दौरान बेहोश हो जाता है या सीने में तकलीफ महसूस करता है, तो उसे सिर्फ आराम करने की सलाह देना काफी नहीं है। उसकी सेहत की संपूर्ण जांच जरूरी है, जैसे किसी वयस्क की जाती है। 

हालांकि, डर के कारण बच्चों को खेलकूद, शारीरिक शिक्षा या सक्रिय बचपन जीने से नहीं रोकना ठीक नहीं है, पर उनकी क्षमता, उनमें दिख रहे लक्षणों को लेकर भी सचेत होना है। किसी भी असामान्य स्थिति में बिना देर किए डॉक्टर से मिलना चाहिए।

घबराने नहीं, सतर्क होने की आवश्यकता

यह सही है कि बच्चों में अचानक कार्डियक अरेस्ट बड़ों की तुलना में बहुत कम होता है। अक्सर देखा गया है कि कार्डियक अरेस्ट वाले बच्चों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) या आटोमेटेड एक्सटर्नल डिफाइब्रिलेटर (एईडी) जैसी सुविधाएं समय पर नहीं मिल पातीं। 

दरअसल, बच्चों में होने वाला 'सडन कार्डियक अरेस्ट' (अचानक दिल का रुक जाना) हमेशा आम 'हार्ट अटैक' जैसा नहीं होता। यह दिल में किसी इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण हो सकता है, जिससे दिल की धड़कन खतरनाक रूप से असामान्य हो जाती है और दिल शरीर में ठीक से खून पंप नहीं कर पाता। 

साथ ही यह भी समझना होगा कि कहीं जन्मजात आसामान्यता या आनुवंशिक हृदय रोग तो इसके पीछे का कारण तो नहीं हैं। मेदांता के कार्डियक केयर विभाग के डायरेक्टर डॉक्टर परनीश अरोड़ा बताते हैं कि आमतौर पर बच्चों का इको और ईसीजी नहीं होता। 

उनके सामान्य पीडियाट्रिक चेकअप से कई बीमारियां पकड़ में नहीं आतीं। डॉक्टर अरोड़ा कहते हैं कि बच्चों की मामले में सभी बड़ी समस्या है कि बीमारी को कैसे चिह्नित किया जाए। जो बच्चे स्वस्थ दिख रहे हैं, उनकी समस्या को कैसे पकड़ा जाए।

अदृश्य लक्षण को कैसे समझें

एक स्वस्थ दिखने वाला बच्चा रोजमर्रा की गतिविधियों में भाग लेता है, जबकि उसके हृदय में एक जटिलता संभावित रूप से घातक लय विकार के जोखिम को बढ़ा रही होती है। जब कोई बच्चा अचानक गिर पड़ता है, तो बहुत से लोग तुरंत ‘कार्डियक अरेस्ट’ के बारे में नहीं सोचते। यहीं जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। 

इसके लिए अज्ञात वंशानुगत हृदयरोगों की पड़ताल की आवश्यकता है, क्योंकि विशेषज्ञ मानते हैं कि हृदय संबंधी मौतों में लगभग हर पांचवीं मौत आनुवंशिक कारणों से जुड़ी होती हैं। सीपीआर और एईडी की शिक्षा के लिए एकसमान दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। इसके लिए स्कूल में जागरूकता उपायों को बढ़ाने का प्रयास होना चाहिए।

कैसे पहचानें गंभीर लक्षणों को?

आनुवंशिक स्थितियों में अक्सर स्पष्ट लक्षण तो नहीं दिखते, पर कुछ चेतावनी संकेतों पर गौर करके सतर्कता बढ़ाई जा सकती है। खासकर, अगर बच्चा बिना किसी स्पष्ट कारण शारीरिक गतिविधि के दौरान बेहोश हो जाता है या सक्रियता बढ़ने पर उसे सीने में दर्द, धड़कन बढ़ने या सांस फूलने जैसी समस्या हो रही है, तो उसे टालना नहीं चाहिए। 

अगर परिवार में पहले किसी को हार्ट की समस्या हो चुकी है, तो समय-समय पर चिकित्सकीय जांच अवश्य करानी चाहिए। ऐसे बच्चों का इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ईसीजी), इकोकार्डियोग्राम (ईसीएचओ) कराने के साथ साथ बाल हृदय रोग विशेषज्ञ से भी परामर्श करना चाहिए। ईसीजी हृदय की इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी के बारे में जानकारी देता है, यानी धड़कन में कुछ असमानता आ रही है, तो उसकी समय रहते पहचान हो जाती है। वहीं ईसीएचओ में हृदय की संरचना, मांसपेशियों और पंपिंग क्रिया की जांच के लिए अल्ट्रासाउंड किया जाता है। 

आवश्यकता होने पर डॉक्टर अन्य जांचें भी करा सकते हैं। भले ही स्क्रीनिंग कितनी भी अच्छी तरह क्यों न की जाए, फिर भी कुछ ऐसे बच्चे छूट सकते हैं जिन्हें कार्डियक अरेस्ट का खतरा है। ऐसे में जरूरी है कि स्थिति को तुरंत पहचाना जाए और सीपीआर तथा एईडी के बारे में लोगों को बताया जाए।

अगर कोई बच्चा अचानक बेहोश हो जाए, तो क्या करें?

  • सबसे पहले बच्चे के रिस्पांस को देखें और सांस लेने की स्थिति जांचें। ऐसा करने में 10 सेकंड अधिक समय नहीं लगना चाहिए।
  • इमरजेंसी सेवाओं को तुरंत काल करना चाहिए। अगर बच्चा प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है या सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा है या केवल हांफ रहा है, तो एंबुलेंस बुलाएं।
  • एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय तुरंत सीपीआर शुरू करें। मरीज को तुरंत इसकी जरूरत होती है।
  • प्रति मिनट 100–120 बार छाती को दबाएं (चेस्ट कंप्रेशन दें)।
  • अगर आप प्रशिक्षित हैं, तो अकेले सीपीआर करते समय 30 बार छाती दबाएं और उसके बाद दो बार 'रेस्क्यू ब्रेथ' (सांस) दें।
  • बीच में रुकावटें कम से कम रखें। जैसे ही एईडी उपलब्ध हो, उसका इस्तेमाल करें और उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करें।
  • इस तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों को सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट का प्रशिक्षण देना चाहिए।
  • आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट प्रोटोकाल बनाने और कर्मचारियों को आपात सेवाओं के बारे में बताना आवश्यक है। इसके लिए समय समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करना चाहिए।

बच्चे की शिकायत टालें नहीं, उसकी जांच कराएं


बच्चों में कार्डियक अरेस्ट वयस्कों से बिल्कुल अलग होते हैं। उनमें कार्नरी ब्लाकेज फैमिलियल हाइपरलिपिडिमिया की वजह से हो सकता है। यह दुर्लभ प्रकार का डिसआर्डर है। इसमें जीवन के पहले या दूसरे दशक में ब्लाकेज विकसित होता है। बच्चों में सबसे आम समस्या रिदम की होती है। यह कंजेनिटल सिंड्रोम यानी जन्मजात विकार के कारण होती है। इसे ईसीजी पर ही पकड़ा जा सकता है। ज्यादातर मामलों में बीमारी की पहचान नहीं हो पाती। कुछ बच्चे पैदा होते ही नीले पड़ जाते हैं, जिससे पता चल जाता है। अगर बच्चे में कोई लक्षण नहीं होते, तो उनकी बीमारी को पकड़ना आसान नहीं होता। बचाव के लिए बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री जानना जरूरी है। स्टेथोस्कोप के जरिए वाल्व की बीमारियां और कुछ बेसिक असमानताओं को पकड़ा जा सकता है, लेकिन सब कुछ संभव नहीं है। दिल की स्थिति जांचने के लिए ईसीजी, इको आवश्यक हैं। हालांकि, सभी बच्चों की जांच संभव नहीं है। बेहतर यही होगा कि पीडियाट्रिशन इसे लेकर जागरूक रहें, जैसे बच्चे में बहरापन हो रहा है तो ईसीजी और इको भी करा लेना चाहिए। अगर कोई बच्चा सांस लेने में या सीने में दर्द की शिकायत कर रहा है तो उसकी जांच करना आवश्यक है। इसे यह मानकर टाल देना कि बच्चे में यह समस्या हो ही नहीं सकती, तो वह गलत है। बच्चों में ब्लाकेज की समस्या बहुत ही कम होती है, लेकिन रिदम की समस्या, स्ट्रक्चरल हार्ट बीमारी, कंजेनिटल हार्ट डिजीज की समस्या होने की आशंका रहती है। अगर बच्चे की लाइफस्टाइल खराब हो गई है, तो उसका असर तुरंत नहीं दिखता है, वह तीन-चार दशक में ब्लाकेज के रूप में आता है। उम्र के पहले या दूसरे दशक में हार्टअटैक केवल रिदम की समस्या के चलते ही होता है।

-

डॉ. परनीश अरोड़ा, डायरेक्टर, इंटरवेंशनल कार्डियोलाजी, मेदांता अस्पताल, नोएडा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।