हाई ब्लड प्रेशर को न लें हल्के में! हार्ट अटैक से लेकर किडनी फेलियर तक, हो सकते हैं ये 6 बड़े नुकसान
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसके पीछे खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल जिम्मेदार हैं। हाई ब्लड प्रेशर भी उन्हीं में से एक आम समस्या बन गई है जो युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रही है। इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। हाई ब्लड प्रेशर से कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत का सही ढंग से ख्याल नहीं रख पा रहे हैं। इससे कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। High Blood Pressure भी उन्हीं में से एक आम समस्या बन गई है। पहले तो ये बड़े-बुजुर्गों में ही सुनने को मिलती थी, लेकिन अब ये कम उम्र के युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रही है। इसके पीछे आपकी खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की आदत ही जिम्मेदार है।
आपको बता दें कि हाई ब्लड प्रेशर को साइलेंट किलर भी कहा जाता है। क्योंकि ये बिना किसी खास लक्षण के धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है। बहुत से लोग लंबे समय तक इसके शिकार रहते हैं, लेकिन उन्हें पता भी नहीं चल पाता है। धीरे-धीरे ये समस्या गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है और दिल, दिमाग, आंखों और किडनी जैसे अंगों को प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि डॉक्टर हमेशा नियमित जांच करवाने और ब्लड प्रेशर पर ध्यान देने की सलाह देते हैं। आज हम आपको अपने इस लेख में बताएंगे कि हाई ब्लड प्रेशर से किन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आइए जानते हैं -
हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा
हाई ब्लड प्रेशर के कारण आर्टरीज को नुकसान पहुंचता है। खून की नलियों में फैट जमा होने से प्लाक बना लेता है, जिससे आर्टरीज सख्त और मोटी हो जाती हैं और हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
एन्यूरिज्म
बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर ब्लड वेसेल्स को कमजोर कर देता है। इस कारण उनमें सूजन आ जाती हैं। इसे एन्यूरिज्म कहते हैं। अगर ये एन्यूरिज्म फट जाए तो ये जानलेवा हो सकता है।
हार्ट फेलियर
हाई ब्लड प्रेशर होने पर हमारे दिल को ब्लड पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे दिल के पंपिंग चैंबर की दीवारें मोटी हो जाती हैं। इसे लेफ्ट वेंट्रिकुलर हाइपरट्रोफी कहते हैं। ऐसे में जब शरीर की जरूरतों को पूरा करने के लिए दिल सही मात्रा में खून पंप नहीं कर पाता है तो हार्ट फेलियर हो जाता है।
किडनी की समस्याएं
हाई ब्लड प्रेशर किडनी की ब्लड वेसेल्स को कमजोर कर सकता है, जिससे किडनी को नुकसान हो सकता है। हाई ब्लड प्रेशर से किडनी के फिल्टर करने का काम प्रभावित होता है। लंबे समय तक यही हालत रहती है तो इससे किडनी फेल भी हो सकता है।
आंखाें पर बुरा असर
ब्लड प्रेशर के बढ़ने से हमारी आंखों पर भी बुरा असर पड़ता है। इससे आंखों की ब्लड वेसेल्स मोटी होकर फट सकती हैं जिससे आपके आंखों की रोशनी भी जा सकती है।
डेमेंशिया
आर्टरीज के मोटा होने से हमारे दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन ठीक से नहीं हो पाता है। इससे वैस्कुलर डेमेंशिया नाम की बीमारी हो सकती है। जो डेमेंशिया का ही एक प्रकार है। स्ट्रोक, जो दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन को रोक देता है, ये भी वैस्कुलर डेमेंशिया का कारण बन सकता है। इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर हमारे मेमोरी पॉवर को भी प्रभावित करता है।
यह भी पढ़ें- फायदे तो हैं, इसके बावजूद इन 5 लोगों को नहीं खाना चाहिए अनार; वरना बढ़ सकती हैं दिक्कतें
यह भी पढ़ें- ब्लड प्रेशर ही नहीं, 5 गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम करती है DASH Diet; तुरंत बनाएं रूटीन का हिस्सा
Source-
- https://www.mayoclinic.org/diseases-conditions/high-blood-pressure/symptoms-causes/syc-20373410
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।