पहले पीरियड्स के लिए कैसी होनी चाहिए तैयारी? अगर आप भी हैं एक बेटी के पेरेंट, तो जरूर पढ़ें यह खबर
किसी भी टीनएज गर्ल के लिए पहला पीरियड बहुत अहम होता है। इसको लेकर उत्सुकता और डर दोनों तरह का भाव आता है। इस दौरान इमोशनल सपोर्ट देने के साथ-साथ पेरेंट्स को सही प्रोडक्ट इस्तेमाल करने की जानकारी देना भी उतना ही जरूरी है। साथ ही बच्चियों को पीरियड से जुड़ी जानकारी होना जरूरी है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। वैसे तो पीरियड आने की सामान्य उम्र 12 से 15 साल की होती है, लेकिन यह उम्र अब घटकर 9 से 10 साल हो गई है। ऐसे में कम उम्र से ही बच्चियों को पीरियड से जुड़ी जानकारी होना बेहद जरूरी है।
इसमें स्कूल अपनी भूमिका निभाता ही है लेकिन पेरेंट्स को भी अपनी बच्चियों को पहले से ही तैयार करने की जरूरत है। पहले पीरियड में किस तरह के प्रोडक्ट इस्तेमाल करने चाहिए और खुद का ध्यान कैसे रखना चाहिए, आइए इस बारे में जानते हैं।
पैड से करें शुरुआत
ज्यादातर लड़कियों को पैड इस्तेमाल करना आसान और आरामदायक लगता है। इन वजहों से पैड से शुरुआत करना सही है:
- इस्तेमाल में आसान होता है
- टेम्पोन या मेंस्ट्रुअल कप की तरह इन्हें इंसर्ट नहीं करना पड़ता
- बॉडी टाइप के हिसाब से कई साइज में आता है। कई ब्राण्ड तो टीनएजर्स के लिए खासतौर से पैड बनाते हैं।
यह भी पढ़ें- पसीना, थकान और हैवी ब्लीडिंग! गर्मियों में Periods क्यों बढ़ा देते हैं तकलीफ? जानें कारण
इन बातों का रखें ध्यान
- यदि आप पैड से शुरुआत कर रहे हैं तो उन्हें पैड को अंडरवियर पर स्टिक करना सिखाएं। पहला पीरियड आने से पहले ही इसकी प्रैक्टिस शुरू कर दें।
- ऑर्गेनिक कॉटन पैड्स ही लें, जिसमें कोई फ्रेगरेंस, डाई या क्लोरीन ब्लीच ना हो।
पेंटी लाइनर भी हैं काम के
- पहले पीरियड के लक्षण नजर आने पर ये काफी काम के साबित हो सकते हैं।
- पीरियड के बीच के हल्के-फुलके डिस्चार्ज में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- रेगुलर पैड से छोटे और पतले होते हैं, इसलिए साथ रखना आसान होता है।
पीरियड अंडरवियर
ये आम अंडरवियर की तरह ही दिखते हैं, लेकिन इनमें लेयर्स होती हैं। पीरियड के शुरूआती फेज में गर्ल्स इसका इस्तेमाल करना पसंद करती हैं। इसमें पैड स्टिक करने की जरूरत नहीं पड़ती। इसे कम फ्लो वाले दिनों में भी पहना जा सकता है।
एक्टविटी के लिए अच्छे होते हैं टेम्पोन और मेंस्ट्रुअल कप
इन्हें इस्तेमाल करने की कोई तय उम्र नहीं होती। अगर आपकी बेटी अपने पहले पीरियड से इनके लिए तैयार है तो ये दोनों ही अच्छे ऑप्शन हैं। स्वीमिंग, डांसिंग या स्पोर्ट्स जैसी एक्टिविटी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली गर्ल्स के लिए ये सही है। इन दोनों को ही इंसर्ट करने की जरूरत पड़ती है, इसलिए इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से बात कर लें या इसके बारे में प्रोडक्ट के पैकेट पर लिखे निर्देशों को जरूर पढ़ें।
ऐसा हो स्कूल के लिए पीरियड किट
पीरियड के दौरान स्कूल जाने पर उनके बैग में एक छोटा-सा पीरियड किट रख दें, जिसमें ये चीजें होनी चाहिए:-
- 2-3 पैड
- 2 पेंटी लाइनर्स
- एक जोड़ी साफ अंडरवियर
- सील किए जाने वाले प्लास्टिक बैग
- स्कूल बैग में फिट हो सकने वाला एक छोटा-सा पाउच
- पीरियड आने के बाद भी किट उनके बैग में रहने दें
पीरियड का ट्रैक रखें
- पहला पीरियड आने के बाद उनके पीरियड को ट्रैक करने से उनकी बॉडी को समझने में आसानी होगी, आप अगले पीरियड की डेट जान पाएंगे और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से बात करना भी आसान होगा।
- पीरियड का ट्रैक रखने के लिए आप कैलेंडर या इसके लिए खासतौर से डिजाइन किए गए ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- पीरियड शुरू होने और खत्म होने की तारीख और लक्षणों को नोट कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ये 6 संकेत बताते हैं हेल्दी नहीं हाे रहे आपके Periods, नजरअंदाज करने पर बढ़ सकती हैं मुश्किलें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।