बढ़ते AQI के बीच कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये 5 गलतियां? अनजाने में सेहत को पहुंचा देंगे नुकसान
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण और उच्च AQI के दौरान सेहत को होने वाले नुकसान से बचने के लिए कुछ गलतियों से बचना जरूरी है।
-1793847267540_m.webp)
बढ़ते प्रदूषण के बीच रहें सावधान (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता वायु प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय है। ये हमारी सेहत के लिए काफी खतरनाक हो सकता है। हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 सांसों के जरिए हमारे फेफड़े और खून में पहुंचकर कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
ऐसे में जरूरी है कि बढ़े हुए AQI के दौरान हम कुछ गलतियों को करने से बचें, ताकि प्रदूषण की वजह से हमारी सेहत को कम से कम नुकसान हो। आइए जानें क्या हैं ये गलतियां।
क्लोथ मास्क को सुरक्षित समझना
साधारण कपड़े या सर्जिकल मास्क हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 को रोकने में असरदार नहीं होते। ये प्रदूषण इतने छोटे होते हैं कि आसानी से मास्क को पार कर जाते हैं। अगर घर से बाहर निकलना जरूरी है, तो हमेशा सही फिट वाला N95 मास्क ही पहनें और अपनी नाक और मुंह को अच्छी तरह कवर करें।
ज्यादा प्रदूषण के समय बाहर एक्सरसाइज करना
जब प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो, तो बाहर दौड़ना, साइकिल चलाना या किसी भी तरह की एक्सरसाइज करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। फिजिकल एक्सरसाइज के दौरान हमारी सांस लेने की गति तेज हो जाती है, जिसके कारम हम सामान्य से ज्यादा प्रदूषक अपने फेफड़ों के अंदर खींच लेते हैं। इसलिए ज्यादा प्रदूषण के समय घर के अंदर एक्सरसाइज करना ही फायदेमंद है।
प्रदूषण के दौरान खिड़कियां खुली रखना
प्रदूषण का स्तर जब सबसे ज्यादा होता है, उस समय खिड़कियां खुली रखना बाहर की जहरीली हवा को सीधे आपके घर के अंदर लाता है। जब बाहर ज्यादा प्रदूषण हो, तब खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। घर में फ्रेश एयर फ्लो के लिए दोपहर के समय खिड़कियां खोल सकते हैं, क्योंकि उस समय प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम होता है।
लगातार खांसी या सांस की तकलीफ को नजरअंदाज करना
लगातार खांसी, घरघराहट, सीने में जकड़न और सांस लेने में थोड़ी-सी परेशानी भी गंभीर चेतावनी हो सकती है। इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें। अगर ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
एयर प्यूरीफायर बाहरी जोखिम को खत्म कर देता है
अच्छे HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर घर के अंदर मौजूद प्रदूषण को कम करने में काफी मददगार होता है। हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि घर के अंदर प्यूरीफायर होने से आप बाहर भी सुरक्षित हो गए। आपके घर की बालकनी या बाहर निकलते समय आपको प्रदूषण का सामना करना पड़ता है, जिससे सेहत को नुकसान हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।