दीवाली के बचे ड्राई फ्रूट्स को महीनों तक रखना है 'फ्रेश'? अपनाएं दादी-नानी के ये 5 टिप्स, कभी नहीं लगेंगे कीड़े
दीवाली के बाद बचे ड्राई फ्रूट्स को महीनों तक ताजा और क्रिस्पी रखने के लिए आप यहां बताए 5 तरीके आजमा सकते हैं।

त्योहार के बचे ड्राई फ्रूट्स को कैसे करें स्टोर? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली का त्योहार तो खत्म हो गया, लेकिन हर घर में एक चीज अभी भी बची होगी। जी हां, ड्राई फ्रूट्स यानी सूखे मेवे। काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश न सिर्फ सेहत के लिए खजाना होते हैं, बल्कि ये काफी महंगे भी आते हैं। ऐसे में अगर इन्हें सही तरीके से न रखा जाए, तो इनमें बहुत जल्दी कीड़े लग जाते हैं या फिर इनका स्वाद कड़वा हो जाता है।
अगर आप भी इस बात को लेकर परेशान हैं कि बचे हुए ड्राई फ्रूट्स को लंबे समय तक ताजा और क्रिस्पी कैसे रखा जाए, तो फिक्र मत कीजिए। आज हम आपको दादी-नानी के खजाने से निकले वो 5 अचूक तरीके बता रहे हैं, जिनसे आपके मेवे महीनों तक बिल्कुल 'फ्रेश' रहेंगे।
एयरटाइट और कांच के कंटेनर का ही करें इस्तेमाल
ड्राई फ्रूट्स की सबसे बड़ी दुश्मन नमी होती है। प्लास्टिक के डिब्बों या खुले पैकेट में हवा आसानी से चली जाती है, जिससे मेवे सील जाते हैं। इन्हें हमेशा कांच के एयरटाइट डिब्बे में ही रखें। ढक्कन कसकर बंद करने से इनमें हवा और नमी नहीं जा पाती, जिससे इनका क्रंच बरकरार रहता है।
डिब्बे में डालें 4-5 लौंग
यह दादी-नानी का सबसे पुराना और आजमाया हुआ नुस्खा है। अगर आपको डर है कि आपके मेवों में कीड़े या जाले लग जाएंगे, तो जिस डिब्बे में आपने ड्राई फ्रूट्स रखे हैं, उसमें 4 से 5 लौंग डाल दें। लौंग की तेज महक से कीड़े कभी भी मेवों के पास नहीं फटकते और ये लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं।
हल्का-सा भूनकर रखें
अगर आपके घर में बहुत सारे ड्राई फ्रूट्स हैं, तो उन्हें स्टोर करने से पहले तवे या पैन पर हल्का-सा ड्राई रोस्ट कर लें। ऐसा करने से मेवों के अंदर छिपी हुई नमी पूरी तरह खत्म हो जाती है। जब ये पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तभी इन्हें डिब्बे में भरकर रखें।
फ्रिज बनेगा आपका सबसे अच्छा दोस्त
हम अक्सर मेवों को किचन की अलमारी में रख देते हैं, जहां का तापमान गर्म होता है। गर्मी की वजह से ड्राई फ्रूट्स अपना प्राकृतिक तेल छोड़ने लगते हैं, जिससे उनमें से अजीब-सी बदबू आने लगती है। अगर आप इन्हें 4-5 महीने से भी ज्यादा चलाना चाहते हैं, तो इन्हें एयरटाइट डिब्बे में पैक करके सीधा फ्रिज में रख दें। वहां ये बिल्कुल ताजे बने रहेंगे।
गीले हाथों से बिल्कुल न छुएं
कई बार हम जल्दबाजी में गीले हाथों से ही काजू-बादाम निकाल लेते हैं। पानी की एक बूंद भी पूरे डिब्बे के ड्राई फ्रूट्स को खराब कर सकती है और फंगस पैदा कर सकती है। इसलिए मेवे निकालते समय हमेशा ध्यान रखें कि आपके हाथ और इस्तेमाल की जाने वाली चम्मच बिल्कुल सूखी हो।
इसके अलावा, अलग-अलग तरह के मेवों को एक ही डिब्बे में मिक्स करके रखने से बचें। किशमिश और अंजीर में नमी ज्यादा होती है, अगर आप इन्हें काजू-बादाम के साथ रखेंगे, तो बाकी के मेवे भी सील सकते हैं।
यह भी पढ़ें- मिठाई वही, अंदाज नया! दीवाली के बाद बच गई हैं मिठाइयां? इनसे बना लें ये स्वादिष्ट डेजर्ट्स, आसान है रेसिपी
यह भी पढ़ें- समोसा-टिक्की का गिल्ट छोड़िए! शाम की हल्की भूख मिटाने के लिए 5 मिनट में तैयार करें चटपटी मखाना चाट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।