Chaitra Navratri के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी को लगाएं नारियल की खीर का भोग, सेव कर लें रेसिपी
चैत्र नवरात्र (Chaitra Navratri 2025) 30 मार्च से शुरू हो चुकी है। इस दौरान देवी के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। नवरात्र के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। देवी को सफेद रंग की चीजों का भोग (Navratri Day-2 Bhog) लगाया जाता है। ऐसे में आप नवरात्र के दूसरे दिन नारियल की खीर बना सकते हैं। आइए जानें नारियल की खीर बनाने की रेसिपी।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। नवरात्र के पावन पर्व पर मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। चैत्र नवरात्र (Chaitra Navratri 2025) 30 मार्च से शुरू हो चुका है। नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की उपासना की जाती है, जो तप और संयम की देवी हैं। मां ब्रह्मचारिणी को सफेद रंग प्रिय है। इसलिए नवरात्र के दूसरे दिन पर किसी सफेद चीज का भोग (Navratri Day 2 Bhog) लगाने से देवी प्रसन्न होती हैं।
इसलिए आप नवरात्र के दूसरे दिन उन्हें नारियल की खीर का भोग लगा सकते हैं। मां ब्रह्मचारिणी को नारियल की खीर का भोग लगाना काफी शुभ होता है। नारियल को शुभता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि देवी ब्रह्मचारिणी को नारियल बेहद प्रिय है।
वहीं, खीर को दूध और चावल से बनाया जाता है, जो बेहद पौष्टिक होता है। इसका भोग लगाने से मां ब्रह्मचारिणी प्रसन्न होती हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। आइए जानते हैं नारियल की खीर बनाने की एकदम आसान रेसिपी (Nariyal Kheer Recipe), जिसे फॉलो करके आप बिना ज्यादा समय बर्बाद किए स्वादिष्ट खीर बना सकते हैं।
नारियल की खीर बनाने की सामग्री
- 1 लीटर दूध
- 1/2 कप चावल (बासमती या सामान्य)
- 1 कप नारियल (कद्दूकस किया हुआ)
- 1/2 कप चीनी (स्वादानुसार)
- 4-5 हरी इलाइची (दाने निकालकर पीस लें)
- 10-12 काजू और बादाम (बारीक कटे हुए)
- 1 चम्मच घी
- केसर के कुछ तार
यह भी पढ़ें: चैत्र नवरात्र में मध्य प्रदेश के इन दिव्य देवी मंदिरों का करें दर्शन, जानें इनका महत्व
नारियल की खीर बनाने की विधि
- चावल को अच्छी तरह धोकर 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें।
- एक बर्तन में घी गर्म करें और उसमें दूध डालकर उबाल लें।
- जब दूध उबलने लगे, तो इसमें धुले हुए चावल डाल दें।
- धीमी आंच पर चावल को दूध में पकने दें, समय-समय पर चलाते रहें।
- जब चावल नरम हो जाएं और दूध गाढ़ा होने लगे, तो इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें।
- इसके बाद इसमें चीनी और इलाइची पाउडर मिलाएं।
- खीर को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पकाएं, ताकि यह गाढ़ी हो जाए।
- जब खीर तैयार हो जाए, तो इसमें कटे हुए काजू और बादाम डालकर मिलाएं।
- खीर को केसर के कुछ धागों से सजाएं और हल्का ठंडा होने दें।
यह भी पढ़ें: व्रत के दौरान जरूर रखें इन 5 बातों का ध्यान, वरना सेहत को पहुंचा बैठेंगे नुकसान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।