खाली पेट घर से निकलना सेहत पर पड़ेगा भारी! दिनभर की एनर्जी के लिए 5 मिनट में बनाएं ये हेल्दी ब्रेकफास्ट
सुबह खाली पेट घर से निकलना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जिससे दिनभर थकान और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है।

सुबह झटपट बनाएं ये हेल्दी ब्रेकफास्ट (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भागदौड़ के चक्कर में अक्सर लोग सुबह नाश्ता नहीं बना पाते हैं। अगर आप भी सुबह की जल्दबाजी में ब्रेकफास्ट नहीं बना पाते हैं और इस वजह से सुबह खाली पेट ही घर से निकलते हैं, तो आपको बता दें ये आदत सेहत के लिए नुकसानदेह है।
सुबह खाली पेट रहने से दिनभर थकान होती है और चिड़चिड़ापन महसूस होता है। इसलिए अगर सुबह समय कम होता है, तो आप कुछ क्विक ब्रेकफास्ट आइडियाज ट्राई कर सकते हैं। ये डिशेज स्वाद में लाजवाब होती है, सेहत के लिए फायदेमंद होती है और इन्हें बनाने में भी बहुत कम समय लगता है। आइए जानें इन डिशेज के बारे में।
ओट्स उपमा
फाइबर और प्रोटीन से भरपूर ओट्स वजन घटाने में काफी मददगार होता है। इसे बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा-सा तेल गर्म करें और उसमें राई, कढ़ी पत्ता, बारीक कटे प्याज और हरी मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें अपनी पसंद की कटी हुई सब्जियां डालें और दो मिनट पकाने के बाद इसमें रोल्ड ओट्स और थोड़ा पानी डालें। स्वादानुसार नमक मिलाकर इसे 3-4 मिनट पकाएं और ओट्स उपमा तैयार है।
बेसन का चीला
बेसन प्रोटीन का अच्छा सोर्स है और चीला बनाने में समय भी काफी कम लगता है। बेसन के चीले को इंडियन पैनकेक भी कहा जाता है। एक बाउल में बेसन लें, उसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, हल्दी और नमक मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें और तवे पर थोड़ा तेल या घी लगाएं, घोल को फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। इसे हरी चटनी के साथ गर्मा-गरम परोसें।
ब्रेड पोहा
ब्रेड पोहा पारंपरिक पोहे से जल्दी बन जाता है। इसके लिए ब्रेड के टुकड़ों को छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें। अब एक कड़ाही में तेल गरम करके इसमें राई, मूंगफली, प्याज और कढ़ी पत्ता भूनें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और कटे हुए टमाटर डालें। जब मसाला भुन जाए, तो कटे हुए ब्रेड के टुकड़े डालें और दो मिनट पका लें। ब्रेड पोहा तैयार है।
स्प्राउटेड मूंग चाट
अगर आप बिना गैस जलाए कुछ सुपर हेल्दी खाना चाहते हैं, तो स्प्राउटेड मूंग चाट काफी अच्छा ऑप्शन है। इसके लिए मूंग दाल स्प्राउट्स में बारीक कटे प्याज, टमाटर, खीरा और हरा मिर्च मिलाएं। ऊपर से चाट मसाला, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और आधे नींबू का रस निचोड़े और ऊपर से हरा धनिया डालकर मिला लें।
अंडा या पनीर भुर्जी
नाश्ते के लिए अंडा या पनीर भुर्जी भी काफी अच्छा ऑप्शन हैं। पैन में मक्खन गरम करें और इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें मैश किया हुआ पनीर या फेंटे हुए अंडे डालें। नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर 3-4 मिनट कर पकाएं। अंडा या पनीर भुर्जी तैयार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।