मिथिलांचल में मेहमानों को ‘सकरौरी’ खिलाकर की जाती है खातिरदारी, बूंदी से बनी इस स्वीट डिश की रेसिपी है आसान
बिहार के मिथिलांचल में बूंदी से बनने वाली पारंपरिक मिठाई 'सकरौरी' मेहमानों के स्वागत और खास मौकों पर बनाई जाती है।

मिथिलांचल की खास सकरौरी रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आमतौर पर खीर बनाने के लिए चावल, साबूदाना, सैवई, सूजी और मखाने से बनाई जाती है, लेकिन बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र में बूंदी की खीर बनाए जाने की परंपरा है। यहां शादी-ब्याह और खास मौकों पर इसे बनाया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में सकरौरी कहते हैं। कहीं-कहीं पर ससुराल में दूल्हे के स्वागत पर भी उसे सकरौरी खिलाई जाती है।
ऐसे में अगर आप खीर में कुछ अलग ट्विस्ट जोड़ना चाहते हैं, तो क्यों न इस फेस्टिव सीजन मिथिलांचल की इसी स्वीट डिश को बनाया जाए।
मिथिलांचल की खास सकरौरी रेसिपी
सकरौरी बनाने का तरीका बिल्कुल सामान्य खीर जैसा ही है, बस इसमें चावल या साबूदाना की जगह बेसन की बूंदी डाली जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि:
सामग्री
1 कप दूध
1/2 कप बेसन की बूंदी
1 कप मखाना
2 बड़े चम्मच कद्दूकस सूखा नारियल
1 बड़ा चम्मच काजू
1 बड़ा चम्मच बादाम
1 बड़ा चम्मच किशमिश
2-3 छुआरे
1/2 चम्मच इलायची पाउडर
स्वादानुसार चीनी या गुड़
विधि
सकरौरी बनाने के लिए सबसे पहले पैन में 1 कप मखाना डालकर रोस्ट कर लेना है।
इसके बाद मखाने प्लेट में अलग निकालकर उसमें तेल डालें और बेसन की बूंदी बना लें। इसे भी सुनहरा और क्रिस्पी भूनने के बाद प्लेट में निकाल लें।
अब 1 बड़ा चम्मच काजू, 1 बड़ा चम्मच बादाम, 1 बड़ा चम्मच किशमिश, 2-3 छुआरे एकदम बारीक काट लेने है।
दूसरी तरफ एक बड़े बर्तन में 1 लीटर दूध डालकर उसे गाढ़ा हो जाने तक धीमी आंच पर गर्म करते रहें।
दूध को बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहना है, ताकि वह ज्यादा गाढ़ा न हो जाए और मलाई भी किनारे पर न चिपके।
एक बार जब दूध गाढ़ा हो जाए, तो उसमें रोस्ट किए गए मखाने और 1/2 कप बेसन की बूंदी को डालकर कुछ सेकंड्स तक मिलाएं।
इस बात का ध्यान रखें कि मखाने और बूंदी में दूध अच्छी तरह एब्जॉर्ब हो जाए।
अगले स्टेप में अपने स्वादानुसार चीनी भी दूध में मिलानी है और इसे चम्मच से चलाते रहें।
सबसे आखिर में बारीक कटे 1 बड़ा चम्मच काजू, 1 बड़ा चम्मच बादाम, 1 बड़ा चम्मच किशमिश, 2-3 छुआरों के साथ 1/2 चम्मच इलायची पाउडर भी मिलाएं।
इस तरह तैयार है बिहार के मिथिलांचल की स्पेशल स्वीट डिश सकरौरी।