लिट्टी-चोखा भी फेल है इस बिहारी टमाटर चोखा के आगे, कम मसालों में मिलेगा जबरदस्त देसी स्वाद; आसान है रेसिपी
बिहार में टमाटर का चोखा बड़े चाव से खाया जाता है। यह देहाती चोखा कम मसालों के साथ बेहद चटपटा और स्वादिष्ट बनता है।

बिहारी टमाटर चोखा रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में केवल लिट्टी-चोखा ही नहीं टमाटर का चोखा भी बड़े चाव से खाया जाता है। इस देहाती चोखे की सबसे खास बात यह है कि इसे बहुत कम सामग्री, कम मसालों के साथ एकदम चटपटा तैयार किया जा सकता है।
ऐसे में अगर आप एक ही तरह की सब्जी और दाल से हटकर खाने में ट्विस्ट चाहते हैं, तो बिहारी टमाटर चोखा एक स्वादिष्ट और आसान रेसिपी हो सकती है। आइए जानते हैं बिहारी टमाटर चोखा रेसिपी :
सामग्री
1 चम्मच सरसों का तेल
4-5 बारीक कटे देसी टमाटर
3-4 सूखी लाल मिर्च
7-8 लहसुन की कलियां
2 मीडियम साइज प्याज
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 चम्मच जीरा
2 कटी हरी मिर्च
1/4 चम्मच लाल मिर्च
1/2 नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
विधि
टमाटर का चोखा बनाने के लिए सबसे पहले 4-5 देसी टमाटर लेकर उन्हें धो लें और बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें। टमाटर अगर खट्टे हों तो चोखे ज्यादा स्वादिष्ट बनेगा।
सब पैन को गैस पर रखकर उसमें 1 चम्मच सरसों का तेल डालें।
जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें 3-4 सूखी लाल मिर्च भूनें। ध्यान रहे कि मिर्च को अच्छे से 1 मिनट तक सेंक लेना है।
इसके बाद 7-8 लहसुन की कलियां को बारीक काटकर तेल में सुनहरे हो जाने तक भूनें।
फिर इसी तेल में 1 छोटा चम्मच तेल डालकर 1 चम्मच जीरा डालकर भून लेना है।
अगले स्टेप में 2 मीडियम साइज बारीक कटी प्याज गोल्डन हो जाने तक फ्राई कर लें।
इसी के साथ 4-5 बारीक कटे देसी टमाटर भी इसमें डालें। इसे ढककर थोड़ी देर तक धीमी आंच पर पकने देना है।
जब लगे कि टमाटर अच्छी तरह पक गए हैं, तो उसे प्लेट में अलग निकाल रखें।
इसी टमाटर में भुने हुए लहसुन और सूखी लाल मिर्च को मिला देना है।
अब सारी चीजों को मैशर से मैश करें या चम्मच की मदद से मिलाते रहें जब तक भर्ता न बन जाए।
इसी दौरान 1/4 चम्मच लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक भी मिलाना है।
सभी चीजों को एक साथ मिक्स करने के बाद ऊपर से 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं।
फिर ऊपर हल्का खट्टापन बढ़ाने के लिए 1/2 नींबू का रस डालें।
इस तरह तैयार है आपका बिहारी स्टाइल टमाटर का चटपटा चोखा, इसे रोटी और चावल के साथ सर्व करें।