विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले कर लें ये खाने-पीने की तैयारियां, त्योहार के दिन किचन में नहीं बितानी पड़ेगी शाम

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:00 AM (IST)

सही प्लानिंग से दीवाली के दिन आपकी कुकिंग का समय आधा हो जाएगा और आप पार्टी को पूरी तरह एन्जॉय कर पाएंगे।

दीवाली पर किचन की भागदौड़ कम करने के लिए पहले से तैयार रखें ये चीजें (Image Source: AI-Generated)

दीवाली पर किचन की भागदौड़ कम करने के लिए पहले से तैयार रखें ये चीजें (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली का मतलब है अपनों का साथ, मस्ती और खूब सारा लजीज खाना, लेकिन अक्सर पार्टी वाले दिन घर के होस्ट की पूरी शाम किचन में ही बर्तन खड़खड़ाते और पसीना बहाते निकल जाती है।

जी हां, अगर आप चाहते हैं कि इस बार की दीवाली पार्टी में आप भी मेहमानों के साथ बैठकर ठहाके लगाएं और त्योहार का असली मजा लें, तो इसका सबसे बड़ा सीक्रेट है आपकी 'स्मार्ट प्लानिंग'। आइए जानते हैं कि आप मेन्यू की कौन-सी चीजें कुछ दिन पहले से बनाकर रख सकते हैं।

हफ्तों तक खराब न होने वाले सूखे स्नैक्स

मेहमानों के आते ही चाय या कोल्ड ड्रिंक्स के साथ परोसने के लिए सूखे स्नैक्स सबसे बेहतरीन विकल्प हैं। आप पार्टी से लगभग एक हफ्ता पहले ही कुरकुरी अजवाइन वाली मठरी, मसालेदार नमकपारे, क्रिस्पी चकली और चटपटा चिवड़ा बनाकर एयरटाइट डिब्बों में भर सकते हैं। अगर कुछ हेल्दी रखना चाहते हैं, तो मखानों को घी और चाट मसाले में रोस्ट करके पहले ही स्टोर कर लें। ऐन मौके पर ये रेडी-टू-ईट स्नैक्स आपके बहुत काम आएंगे।

मिठाइयों की तैयारी में दिखाएं समझदारी

दीवाली का त्योहार बिना मीठे के तो पूरा हो ही नहीं सकता। बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बचने के लिए आप घर पर ही बेसन के लड्डू, काजू कतली, मूंगफली की चिक्की या नारियल की बर्फी बना सकते हैं। इन मिठाइयों की खासियत यह है कि इन्हें आप तीन से चार दिन पहले ही आराम से बनाकर स्टोर कर सकते हैं। अगर मेन्यू में गुलाब जामुन हैं, तो उन्हें भी एक रात पहले तलकर चाशनी में डुबोकर रखा जा सकता है।

चटनी और मास्टर ग्रेवी से बचेगा समय

समोसे हों या टिक्की, इंडियन स्नैक्स बिना चटनी के बिल्कुल फीके लगते हैं। तीखी धनिया-पुदीने की चटनी और खट्टी-मीठी इमली या खजूर की चटनी को पार्टी से दो-तीन दिन पहले ही बनाकर फ्रिज में रख लें। मेन कोर्स के लिए सबसे ज्यादा समय प्याज-टमाटर भूनने में लगता है। इसलिए अदरक-लहसुन, प्याज और टमाटर का एक गाढ़ा मसाला पहले से अच्छी तरह भूनकर फ्रिज में स्टोर कर लें। पार्टी वाले दिन आपको बस इसमें उबले हुए छोले या पनीर डालना होगा और आपकी रेस्टोरेंट स्टाइल डिश मिनटों में तैयार हो जाएगी।

पार्टी से एक रात पहले के जरूरी काम

पार्टी से ठीक एक रात पहले आप वो छोटे-छोटे काम निपटा लें जो सबसे ज्यादा वक्त लेते हैं। मटर छीलना, गाजर-बीन्स जैसी सब्जियां काटना और आलू उबालकर फ्रिज में रखना आपके अगले दिन के काम को आधा कर देगा। अगर आप दही भल्ले बना रहे हैं, तो भल्लों को एक दिन पहले ही तल लें। सर्व करने से कुछ घंटे पहले इन्हें हल्के गर्म पानी में भिगोएं और ठंडे-मीठे दही के साथ प्लेट में सजाएं।

इन छोटी-छोटी तैयारियों के साथ आपकी दीवाली पार्टी यकीनन एक सुपर-हिट इवेंट बन जाएगी। आपका किचन भी साफ रहेगा और सबसे जरूरी बात कि आपको अपनों के साथ त्योहार की खुशियां बांटने का पूरा समय भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें- दीवाली पर मिठाई ही नहीं, इस देसी सब्जी को खाना भी है शुभ! पूर्वांचल में सदियों से चली आ रही परंपरा

यह भी पढ़ें- न घंटों मेहनत, न बाजार जाने की झंझट; दीवाली पार्टी के लिए घर पर ही झटपट बनाएं ये टेस्टी मिठाइयां और स्टार्टर्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।