दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मशहूर हैं ये Desserts, क्या आपने चखा है इनका स्वाद?
भारत में मिठाइयों की तरह दुनिया भर के देशों में भी खास मीठे पकवान बनाए और खाए जाते हैं। इटली का तिरामिसू हो या यूके का स्टिकी टॉफी पुडिंग हर देश की अपनी पहचान है। जापान का मोची थाईलैंड का स्टिकी राइस विथ मैंगो और तुर्की का बकलावा भी बहुत प्रसिद्ध हैं। सिंगापुर का सेन्डोल और फ्रांस की क्रीम ब्रूली भी दुनियाभर में पसंद की जाती हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चाहे बंगाल की रसदार मिठाइयां हों या राजस्थान, गुजरात की बेसन से बनी मिठाइयां, मीठे पकवानों की अलग ही बात है। जिस तरह भारत में तरह-तरह की मिठाइयां और मीठे पकवान चाव से खाए जाते हैं, दुनिया के हर देश की अपनी एक मीठी डिश है, जो उस देश में सबसे ज्यादा खाई और बनाई जाती है। आइए आपको भी इस मजेदार मीठे पकवानों के सफर में ले चलते हैं, हो सकता है आपने भी उनमें से कई का स्वाद चखा हो।
इटली का तिरामिसू
आपने भारत के भी कई शहरों में तिरामिसू का स्वाद चखा हो, लेकिन ये क्रीमी डिसर्ट इटली का है। इसमें कॉफी, चॉकलेट, क्रीम का इस्तेमाल किया जाता है। साठ और सत्तर के दशक में अस्तित्व में आया तिरामिसू कई वैराइटी में मिलता है।
यूनाइटेड किंग्डम का स्टिकी टॉफी पुडिंग
यह डिसर्ट ब्रिटेन के लोगों को अपने बचपन की याद दिलाता है। इस सॉफ्ट केक के बेस में कटे हुए खजूर होते हैं और यह क्रीमी सॉस में डूबा होता है। इसमें काफी फ्लेवर्स होते हैं। मिनी केक के ऊपर चॉकलेट सॉस और व्हीप की गई क्रीम या फिर आइसक्रीम का एक बड़ा पोर्शन डाला जाता है।
यह भी पढ़ें- पोषण से भरपूर रहना है तो डाइट में शामिल करें चुकंदर, बनाएं ये टेस्टी और हेल्दी डिशेज
जापान का मोची
मोची जापान के एक मीठे चावल की वैराइटी मोचीगोम से बनती है। इसे रातभर भिगोकर रखा जाता है, फिर पीसकर आटे की तरह गूंथकर अलग-अलग आकार में तैयार कर लिया जाता है। मीठी वैराइटी वाली मोची में बीन पेस्ट, आइसक्रमी और ताजे फलों की अंदर फीलिंग की जाती है।
थाईलैंड का स्टिकी राइस विथ मैंगो
यह दुनिया के सबसे परफेक्ट डिसर्ट में से एक माना जाता है। थाईलैंड की इस पारंपरिक स्वीट डिश को थोड़े चिपचिपे चावल के साथ तैयार किया जाता है, जिसमें कोकोनट मिल्क और खजूर की शक्कर मिलाई जाती है। इस डिश के लिए आम की सिर्फ दो ही वैराइटी इस्तेमाल होती है- नाम डॉक मॅई और ओक रोंग। स्टिकी राइस के साथ दोनों आमों का कॉम्बिनेशन कमाल का होता है।
सिसिली का कनोली
इटली के 20 सबसे बड़े द्वीपों में से एक सिसिली द्वीप का बेहद ही प्रसिद्ध डिसर्ट है कनोली। यह व्यंजन यहां घर-घर में बनाया जाता है और इसमें कई सारे फ्लेवर्स भी मिलाए जाते हैं। इसकी बाहरी परत क्रिस्पी और सिंलिडर के आकार की होती है, जिसके अंदर क्रीमी फीलिंग होती है।
तुर्की का बकलावा
यह डिसर्ट भारत में भी काफी पसंद किया जाता है, लेकिन मूल रूप से बकलावा तुर्की का है। कई परतों में बने बकलावा में मूंगफली और नट्स की फीलिंग होती है। इसे शुगर सिरप में भी डुबोया जाता है। यह बनाने में आसान हैं और पूरी दुनिया में सबसे पसंदीदा डिसर्ट में से एक माना जाता है।
सिंगापुर का सेन्डोल
चिलचिलाती दुपहरी में गले को ठंडक देने के लिए सिंगापुर के लोग सेन्डोल खाते हैं। यह मीठी और ठंडी डिश समंदर किनारे के रेस्टोरेंट और स्ट्रीट पर भी बड़ी आसानी से मिल जाती है। ठंडे कोकोनट मिल्क के ऊपर पाम शुगर सिरप होता है, जिस पर यहां के लोग, पांडन फ्लेवर के नूडल्स डालकर खाना पसंद करते हैं। पांडन एक पेड़ की प्रजाति है, जिसके पत्ते और फल का यहां काफी ज्यादा इस्तेमाल होता है।
फ्रांस की क्रीम ब्रूली
इस क्रीमी डिसर्ट के ऊपर शुगर को कैरेमलाइज करके डाला जाता है। क्रीम ब्रूली को आमतौर पर प्योर क्रीम के साथ तैयार किया जाता है और कस्टर्ड बेस्ड सभी डिसर्ट में से सबसे रिच माना जाता है।
हांगकांग की डैन टैट
यह एक परतदार पेस्ट्री होती है, जिसके अंदर क्रीमी कस्टर्ड भरा होता है। यह शहर के लगभग हर बेकरी में आपको देखने को मिल जाएगी। इस डिश में अंडा, दूध, व्हीपिंग क्रीम, चीनी और वेनिला एक्सट्रेक्ट का इस्तेमाल होता है।
न्यूयॉर्क चीजकेक, यूनाटेड स्टेट्स
यह डिसर्ट तो पूरी दुनिया में ही पसंद किया जाता है। न्यूयॉर्क चीज़ केक में बहुत फैंसी चीजें इस्तेमाल नहीं की जाती है, थोड़ा सा वनिला एक्सट्रेक्ट या फिर लेमन जेस्ट, शुगर, अंडे, क्रीम और क्रीम चीज के साथ इस टेस्टी डिसर्ट को तैयार किया जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।