किस डिश के लिए सही है कौन-सा बर्तन? इन जरूरी बातों को जान लिया तो मिलेगा खाने का पूरा स्वाद
खाना पकाने की कला में बर्तनों का सही ज्ञान भी जरूरी है। किस सब्जी को किस बर्तन में पकाना चाहिए यह जानना जरूरी है। फ्राइंग के लिए पैन सॉस के लिए सॉस पैन और चाइनीज कुकिंग के लिए वोक बेहतर होते हैं। ब्रेजियर पॉट धीमी आंच पर पकने वाली डिशेज के लिए अच्छे हैं। आइए जानते हैं खाने के लिए सही बर्तनों के बारे में।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। खाना बनाने में महारत रखने वालों को पाककला में निपुण होने का तमगा दिया जाता है, लेकिन ये निपुणता कला के साथ-साथ बरतनों की सही समझ से भी आती है। काफी लोगों को खाना खाने के साथ-साथ पकाने का भी शौक होता है। अगर खाना बनाने के साथ-साथ उन बर्तनों की भी सही समझ हो जाए, तो खाने का स्वाद और बढ़ जाता है।
फर्ज करें, जिस सब्जी को पॉट में पकाना था, आपने उसे कड़ाही में पका दिया और कड़ाही में पकने वाली चीज को पैन में, तो सिर्फ स्वाद की नहीं बल्कि उसकी सूरत भी बदल जाती है। आइए आपके इस कन्फ्यूजन को दूर करने की कोशिश करते हैं और बताते हैं कि कौन-सा बर्तन किस तरह की कुकिंग के लिए ज्यादा बेहतर होता है।
यह भी पढ़ें- सिर्फ अच्छा खाना और एक्सरसाइज ही नहीं, आपके रहने की जगह और जॉब भी डालती है सेहत पर असर
एक नहीं कई तरह के होते हैं पैन
- फ्राई पैन: ये पैन फ्राइंग, तेज भुनाई, सब्जियों और मीट को ब्राउन करने और अंडे बनाने के लिए अच्छे रहते हैं। इसके बॉटम की ज्यादा चौड़ाई एक समान हीट देते हैं और इसमें खाना अच्छे से पकता है।
- सॉते पैन (Saute Pan): ये पैन थोड़े गहरे होते हैं। इसका बॉटम चौड़ा होता है, जो इसे भूनने और हल्के फ्राइंग के लिए उपयोगी बनाता है। इसका डिजाइन फूड आयटम को चलाने और उलटने-पलटने में आसान बनाता है।
- सॉस पैन: इसकी ऊंचाई ज्यादा होती है और इसका हैंडल भी लंबा होता है। लिक्विड को गरम करने, सॉस बनाने और अनाजों को उबालने के लिए सॉस पैन सही रहते हैं। इसका छोटा सरफेस भाप को आसानी से उड़ने नहीं देता और इसका टाइट ढक्कन फ्लेवर्स को बनाए रखता है।
- वोक: इसका ढलाननुमा आकार और चौड़ा बॉटम इसे एक वर्सेटाइल पैन बनाता है। फूड आयटम की हल्की-भुनाई और डीप-फ्राइंग के लिए बहुत अच्छा है। इसका आकार कुकिंग को तेज और एकसमान बनाता है। इसे चाइनीज कुकिंग के लिए सबसे बेहतर माना गया है।
- कास्ट आयरन की कड़ाही: इसका सालों-साल चलना ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। ये हीट को बनाए रखती है और कई प्रकार की कुकिंग में इस्तेमाल हो सकती है। आप इसे फ्राइंग, बेकिंग और ग्रीलिंग में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें हीट एक समान रूप से बंटती है और समय के साथ-साथ इसमें नॉन-स्टिक इफेक्ट आ जाता है।
कई तरह के हैं पॉट भी
- ब्रेजियर पॉट: इस चौड़े और गहरे पॉट में दो लूप हैंडल होते हैं, जो कि धीमी आंच पर पकने वाले फूड आयटम के लिए काफी अच्छे होते हैं। इनमें आप कम तापमान पर मीट, सब्जियां पका सकते हैं। झोल वाली सब्जियां और स्वादिष्ट डिशेज बनाने में काफी कमाल का है।
- पास्ता पॉट: ये पॉट ऊंचे और सकरे होते हैं। इनमें स्ट्रेनर या पास्ता इंसर्ट आता है, जिससे पास्ता की कुकिंग और उसे ड्रेन करना आसान हो जाता है। इसके लिए आपको अलग से छन्नी लगाने की झंझट नहीं करनी पड़ती। इसमें पास्ता, सब्जियां और सी-फूड बनाना बहुत आसान होता है।
- डबल बॉयलर: इसमें दो पॉट एक साथ जुड़े हुए आते हैं, इसमें नीचे के पॉट में पानी भरना होता है और ऊपर का हिस्सा चॉकलेट पिघलाने, कस्टर्ड बनाने या फिर स्वादिष्ट सॉस बनाने के लिए किया जाता है। इसमें हल्की और इन-डायरेक्ट हीट आती रहती है। ऐसे में फूड आयटम के जलने का खतरा नहीं रहता।
मिट्टी की कड़ाही लाती है स्वाद
नेचुरल मिट्टी से बनी कड़ाही में पकी डिशेज बहुत ही अद्भुत स्वाद देती है। पारंपरिक रेसिपीज बनाने और धीमी कुकिंग के लिए ये कड़ाही अच्छी रहती है।
प्रेशर कुकर के भी हैं कई शेप और साइज
प्रेशर कुकर भी कई आकार और धातु का बना होता है। स्टील, एल्युमिनियम, हार्ड एनोडाइज्ड प्रेशर कुकर के अलावा सेरेमिक प्रेशर कुकर्स का इस्तेमाल अलग-अलग प्रकार की कुकिंग के लिए किया जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।