Basant Panchami 2025: वसंत पंचमी पर मां सरस्वती को लगाएं पीले रंग की 5 मिठाइयों का भोग, जानें रेसिपी
वसंत पंचमी (Basant Panchami 2025) ज्ञान की देवी मां सरस्वती को समर्पित एक खास त्योहार है। इस दिन विद्या संगीत और कला की देवी की पूजा की जाती है। बसंत पंचमी के दिन पीले रंग का विशेष महत्व होता है। माना जाता है कि मां सरस्वती को पीला रंग बेहद प्रिय है। इसलिए इस दिन पीले कपड़े पहने जाते हैं और पीले रंग की मिठाइयों का भोग लगाया जाता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Basant Panchami 2025: हर साल फरवरी महीने में आता है रंगों का त्योहार, वसंत पंचमी! माघ महीने की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व, न सिर्फ वसंत ऋतु का स्वागत करता है बल्कि हमारे जीवन में ज्ञान और बुद्धि का प्रकाश भी भरता है।
स्कूलों, ऑफिसों और घरों में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है। हवन-यज्ञ और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। इस साल 2 फरवरी, 2025 को मनाई जा रही वसंत पंचमी पर, पीले रंग के कपड़े पहनकर और पीले रंग का प्रसाद (Basant Panchami Special Bhog) चढ़ाकर आप मां सरस्वती को प्रसन्न कर सकते हैं।
जी हां, घर पर बनी पीली मिठाइयां (Yellow Sweets for Saraswati Puja) मां को विशेष रूप से प्रिय होती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से मां सरस्वती आपको मनचाहा ज्ञान और सफलता प्रदान करती हैं। आइए, इस आर्टिकल में आपको बताते हैं पीले रंग की 5 मिठाइयों (Yellow Sweets for Basant Panchami) के बारे में, जो इस त्योहार को और भी खास बना देती हैं।
मां सरस्वती को लगाएं पीले रंग की 5 मिठाइयों का भोग
मां सरस्वती की पूजा में पीले रंग का विशेष महत्व है। इसलिए बसंत पंचमी जैसे त्योहार पर मां को प्रसन्न करने के लिए पीली मिठाइयां चढ़ाई जाती हैं। ये मिठाइयां न केवल स्वादिष्ट होती हैं बल्कि बनाने में भी आसान होती हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ मिठाइयों के बारे में।
सूजी का हलवा
वंसत पंचमी पर आप सूजी का हलवा भी बना सकते हैं, जो बच्चों और बड़ों हर किसी को पसंद आता है। इसे बनाने के लिए सूजी को देसी घी में सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसमें दूध डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो चीनी और केसर मिलाएं। आखिर में बारीक कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता से गार्निश करें। सूजी का हलवा न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि पौष्टिक भी होता है।
बेसन की बर्फी
बेसन की बर्फी भी एक स्वादिष्ट मिठाई है, जो वंसत पंचमी के खास मौके पर घर पर ही तैयार की जा सकती है। इसके लिए बेसन को देसी घी में सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को एक थाली में फैलाकर ठंडा होने दें। जब यह पूरी तरह से ठंडा हो जाए तो मनचाहे आकार में काट लें। बेसन की बर्फी को आप फ्रिज में रखकर भी कुछ दिनों तक स्टोर कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Basant Panchami के दिन इन गलतियों से नाराज हो सकती हैं मां सरस्वती, जानें क्या करें और क्या न करें?
मूंग दाल का हलवा
मूंग दाल का हलवा भी बेहद पौष्टिक और स्वादिष्ट होता है। वंसत पंचमी के मौके पर इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को पीसकर एक महीन पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को घी में सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसमें चीनी और सूखे मेवे मिलाएं। लगातार चलाते हुए पकाएं जब तक कि हलवा गाढ़ा न हो जाए। मूंग दाल का हलवा प्रोटीन से भरपूर होता है।
राजभोग
राजभोग एक पारंपरिक भारतीय मिठाई है, जिसे आप वंसत पंचमी के त्योहार पर आसानी से बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए दूध को उबालकर उसमें नींबू का रस डालें। दही बनने पर उसे छानकर पानी निचोड़ लें। इस छेने को गूंधकर छोटे-छोटे गोले बना लें। इन गोलों को चीनी की चाशनी में पकाएं। राजभोग को केसर और सूखे मेवों से सजाया जा सकता है।
केसर भात
वंसत पंचमी पर पीले रंग की मिठाइयों में केसर भात भी एक परफेक्ट ऑप्शन है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को धोकर कुकर में डालें। फिर इसमें दूध, चीनी और केसर मिलाएं और कुकर में 2-3 सीटी लगाएं। जब चावल पक जाएं तो ऊपर से सूखे मेवे डालकर गार्निश करें। केसर भात को आप गरमागरम या ठंडा करके भी खा सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।