Republic Day 2025: क्या आप भी गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस में हो जाते हैं कन्फ्यूज, तो यहां पढ़ें दोनों का अंतर
भारत इस साल 26 जनवरी को अपना 76वां गणतंत्र दिवस (Republic Day 2025) मनाने वाला है। गणतंत्र दिवस का जोश पूरे भारत में देखने को मिलता है। स्कूल कॉलेजों में भी गणतंत्र दिवस (Gantantra Diwas 2025) के मौके पर खास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं लेकिन कुछ लोग गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के बीच कन्फ्यूज हो जाते है। खासकर बच्चे। आइए जानते हैं इन दोनों के बीच का अंतर।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Republic Day vs Independence Day: भारत के इतिहास में दो ऐसे महत्वपूर्ण दिन हैं जो देश के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक हैं। ये हैं गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस।
ये दोनों ही दिन देशवासियों के लिए विशेष महत्व रखते हैं और देशभक्ति की भावना को जागृत करते हैं। हालांकि, कई बार लोगों को इन दोनों दिनों में अंतर करने में कठिनाई होती है। आइए जानते हैं कि इन दोनों दिनों के बीच क्या अंतर है (Republic Day vs Independence Day celebrations) और इनका महत्व क्या है।
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी)
सबसे पहले बात करते हैं गणतंत्र दिवस की। हर साल 26 जनवरी को भारत अपना गणतंत्र दिवस मनाता है। इस दिन भारत का संविधान लागू किया गया था और भारत एक लोकतांत्रिक देश बना था। पहला गणतंत्र दिवस 1950 में मनाया गया था। इस साल 26 जनवरी (Gantantra Diwas 2025) को भारत को गणराज्य बने 75 साल पूरे हो जाएंगे और यह 76वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस का सेलिब्रेशन कर्तव्य पथ पर होता है। इस दिन राष्ट्रपति झंडा फहराते हैं, सैन्यबल परेड आयोजित करते हैं और अलग-अलग राज्यों की झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
- अर्थ- गणतंत्र दिवस उस दिन को चिह्नित करता है जब भारत का संविधान लागू हुआ था। 26 जनवरी, 1950 को भारत एक गणराज्य बना।
- महत्व- यह दिन भारत के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित है। इस दिन गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया जाता है जिसमें देश की सशस्त्र सेनाएं और विभिन्न सांस्कृतिक झांकियां शामिल होती हैं।
- ध्वजारोहण- गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति कर्तव्य पथ पर झंडा फहराते हैं।
यह भी पढ़ें: संविधान लागू करने के लिए क्यों चुना गया था 26 जनवरी का दिन? पढ़ें इसके पीछे की खास वजह
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त)
अब बात करते हैं स्वतंत्रता दिवस की। यह हर साल 15 अगस्त को मनाया जाता है। स्वतंत्रता दिवस अंग्रेजों से भारत की स्वतंत्रता का प्रतीक है। इस दिन साल 1947 में भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। इसलिए इस दिन को हर साल बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है। साल 2025 में भारत को आजाद हुए 78 साल हो जाएंगे और इस साल 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के दिन प्रधानमंत्री लाल किले पर ध्वजारोहण करते हैं और देश को संबोधित करते हैं। आजादी के प्रतीक स्वतंत्रता दिवस पर भारतवासियों के दिल में जोश और उत्साह भर जाता है। इस दिन आजादी का जश्न मनाने के लिए लोग पतंग भी उड़ाते हैं।
- अर्थ- स्वतंत्रता दिवस उस दिन को चिह्नित करता है जब भारत ब्रिटिश शासन से मुक्त हुआ था। 15 अगस्त, 1947 को भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र बना।
- महत्व- यह दिन देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों को याद करने का दिन है।
- ध्वजारोहण- स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री लाल किले से ध्वजारोहण करते हैं और राष्ट्र को संबोधित करते हैं।
दोनों दिनों का महत्व
स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस दोनों ही भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि हमने अपनी आजादी के लिए क्या-क्या त्याग किए हैं और गणतंत्र दिवस हमें अपने लोकतांत्रिक मूल्यों को याद दिलाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।