इस खास तरीके से बनाएंगे Beetroot Lip Balm, तो मिलेंगे मुलायम और नेचुरली पिंक होंठ
होंठों को फटने से बचाने और मुलायम रखने के लिए लिप बाम लगाना बेहद जरूरी है। लेकिन मार्केट में मिलने वाले केमिकल से बने लिप बाम कितने फायदेमंद हैं इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसे में आप घर पर ही चुंकदर की मदद से लिप बाम (Beetroot Lip Balm) बना सकते हैं जो होंठों को मुलायम बनाए रखेगा।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। होंठों को मुलायम और गुलाबी बनाने के लिए लिप बाम एक जरूरी प्रोडक्ट है। बाजार में मिलने वाले ज्यादातर लिप बाम केमिकल से बने होते हैं, जो होंठों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर आप नेचुरल तरीके से अपने होंठों की देखभाल करना चाहती हैं, तो घर पर ही चुकंदर से बेहतरीन लिप बाम (Beetroot Lip Balm) बना सकती हैं।
चुकंदर में मौजूद प्राकृतिक रंग और पोषक तत्व होंठों को गुलाबी और मॉइश्चराइज्ड बनाते हैं। आइए जानें चुकंदर से लिप बाम बनाने का तरीका (DIY Beetroot Lip Balm)।
चुकंदर के लिप बाम के फायदे
- प्राकृतिक रंग- चुकंदर का गहरा लाल रंग होंठों को नेचुरल पिंक टिंट देता है।
- मॉइश्चराइजिंग- इसमें मौजूद तेल होंठों को नमी देते हैं और उन्हें फटने से बचाते हैं।
- बिना केमिकल- यह लिप बाम पूरी तरह नेचुरल है, इसमें हानिकारक केमिकल नहीं होते।
- सस्ता और आसान- इसे बनाने में कम खर्च आता है और यह बनाने में बहुत आसान है।
बीटरूट लिप बाम बनाने की सामग्री
- 1 छोटा चुकंदर (गाढ़ा रस निकालने के लिए)
- 1 चम्मच नारियल तेल या ऑलिव ऑयल
- 1 चम्मच बीवैक्स
- 1/2 चम्मच शिया बटर या कोकोआ बटर (ऑप्शनल)
- खाली लिप बाम कंटेनर या छोटी शीशी
यह भी पढ़ें: मुलायम और गुलाबी होंठ पाने के लिए घर पर बनाएं 5 नेचुरल Lip Scrubs, पिगमेंटेशन भी होगी दूर
बीटरूट लिप बाम बनाने का तरीका
स्टेप 1- चुकंदर का रस निकालें
- चुकंदर को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- इसे मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें और कपड़े की मदद से रस निचोड़ लें।
- चुकंदर के रस को एक बाउल में निकालकर अलग रख दें।
स्टेप 2- तेल और मोम को पिघलाएं
- एक पैन में नारियल तेल और बीवैक्स डालकर हल्की आंच पर पिघलाएं।
- अगर आप शिया बटर या कोकोआ बटर का इस्तेमाल कर रही हैं, तो उसे भी इसमें डालें।
- सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं ताकि कोई लंप न रहे।
स्टेप 3- चुकंदर का रस मिलाएं
- अब इस पेस्ट में चुकंदर का रस धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें।
- पेस्ट को 2-3 मिनट तक हल्की आंच पर पकाएं, ताकि रस अच्छी तरह मिल जाए।
स्टेप 4- लिप बाम को स्टोर करें
- गैस बंद करके पेस्ट को थोड़ा ठंडा होने दें।
- फिर इसे खाली लिप बाम कंटेनर या छोटी शीशी में डालकर ठंडा होने के लिए रख दें।
- कुछ घंटों बाद यह जम जाएगा और इस्तेमाल के लिए तैयार होगा।
इस्तेमाल करने का तरीका
- इस लिप बाम को दिन में 2-3 बार होंठों पर लगाएं।
- यह होंठों को नमी देने के साथ-साथ प्राकृतिक गुलाबी रंग भी देगा।
इन बातों का ध्यान रखें
- अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो पहले पैच टेस्ट करके देखें।
- लिप बाम को फ्रिज में स्टोर करें, ताकि यह लंबे समय तक चले।
यह भी पढ़ें: क्या बार-बार फट रहे हैं आपके भी होंठ? तो हो सकते हैं ये 3 कारण जिम्मेदार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।