झारखंड CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, कल नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची के हिल ...और पढ़ें

मां रूपी सोरेन के साथ सीएम हेमंत सोरेन। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन।
रांची के हिल व्यू अस्पताल में बुधवार रात अंतिम सांस ली।
जागरण संवाददाता, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया था। उनके निधन की खबर से झामुमो परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। उन्हें सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू हास्पिटल में भर्ती कराया गया था।
नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अस्पताल से उनके आवास ले जाया जा रहा है। गुरुवार को पार्थिव शरीर पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिनभर बिगड़ती रही स्थिति, डॉक्टरों की टीम जुटी रही
बुधवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनका हार्ट रेट अनियंत्रित होने और लगातार गिरावट के बाद चिकित्सकों ने आपात बैठक कर आगे के उपचार पर चर्चा की थी।
स्थिति को देखते हुए न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वल राय समेत अन्य चिकित्सकों को अस्पताल बुलाया गया। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता भी शाम करीब छह बजे अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने हार्ट रेट नियंत्रित करने के लिए टेंपरेरी पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया था।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री और कई नेता
मां की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। सुबह से कल्पना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद थीं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव समेत कई नेता अस्पताल पहुंचे।
दिन में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने चिकित्सकों से जानकारी लेने के बाद कहा था कि फिलहाल स्थिति स्थिर है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं। रूपी सोरेन की तबीयत को लेकर मुख्यमंत्री ने अपने कई निर्धारित कार्यक्रम रद कर दिए थे। शाम को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। अब उनके निधन की खबर से झामुमो और सोरेन परिवार में शोक का माहौल है।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन जी की धर्मपत्नी और मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी की पूज्य माता श्रीमती रूपी सोरेन जी के निधन की सूचना से मर्माहत हूं, स्तब्ध हूं। मरांग बुरु पुण्यात्मा को अपने निज धाम में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें। रूपी चाची का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनका मुझे दिया गया पुत्रवत स्नेह सदैव मुझे उनकी याद दिलाता रहेगा। वो साक्षात ममता का स्वरूप थीं। प्रभु उनको मोक्ष प्रदान करें। ॐ शांति। @HemantSorenJMM
— Raghubar Das (@dasraghubar) October 7, 2026
दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन जी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से मन व्यथित है। झारखंड आंदोलन के समय की कई घटनाएं, कई यादें आँखों के सामने से गुजर रही हैं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें तथा परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार ! 🙏 https://t.co/WnqNFfyLCb
— Champai Soren (@ChampaiSoren) October 7, 2026
झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी की माताजी श्रीमती रूपी सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।
— Amba Prasad (@AmbaPrasadINC) October 7, 2026
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM जी की माताजी के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) October 7, 2026
