विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शोक की लहर, नेताओं ने कहा- झारखंड आंदोलन में रहा अहम योगदान

Published: Wed, 07 Oct 2026 09:58 PM (IST)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया है। उनके ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी मां रूपी सोरेन। (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी मां रूपी सोरेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन।

  2. झामुमो और अन्य दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।

  3. झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन का अहम साथ दिया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया है। उनके निधन पर झामुमो के साथ ही विभिन्न दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

झामुमो नेता व धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने रूपी सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन की जीवनसंगिनी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने शिबू सोरेन के जीवन के उतार-चढ़ाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हर मुश्किल दौर में उनके साथ खड़ी रहीं।

झारखंड आंदोलन और राज्य के लिए चले लंबे संघर्ष को उन्होंने बेहद करीब से देखा और परिवार के संघर्ष में सहभागी रहीं। उनका निधन परिवार के साथ-साथ झारखंड के लिए भी दुखद क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

रूपी सोरेन का निधन पारिवारिक क्षति : अमितेश सहाय

झामुमो नेता एवं अध्यक्ष अमितेश सहाय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन से वर्षों से पारिवारिक संबंध रहा है। उनके घर आना-जाना और उनका स्नेह हमेशा मिलता रहा।

रूपी सोरेन हमेशा मेरे पिता को भाई मानती थीं और उन्हें ‘सहाय भैया’ कहकर संबोधित करती थीं। उनके निधन से परिवार के एक सदस्य को खोने जैसा दुख है। एक वर्ष के भीतर मैंने अपने पिता और रूपी चाचा को खो दिया।

रूपी सोरेन का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत और पारिवारिक क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री की मां का जाना अपूरणीय क्षति : राज सिन्हा

भाजपा विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। रूपी सोरेन के निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।

दुख की इस घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

झारखंड आंदोलन में रूपी सोरेन का रहा अहम साथ : अरूप चटर्जी

विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन बेहद दुखद है। इससे पहले गुरुजी शिबू सोरेन के निधन से भी परिवार और झारखंड को बड़ी क्षति हुई। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के संघर्ष के दौर में रूपी सोरेन ने शिबू सोरेन का हर कदम पर साथ दिया।

आंदोलन और संघर्ष के कठिन दौर में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनके निधन से झारखंड ने एक ऐसी महिला को खो दिया, जिसने आंदोलन के संघर्ष को करीब से देखा और परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहीं।