Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand News: बीजेपी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर लगाया टेंडर घोटाले का आरोप, कांग्रेस ने किया पलटवार

    Updated: Sun, 21 Sep 2025 07:25 PM (IST)

    भारतीय जनता पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग में टेंडर घोटाले का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि 11 टेंडर एक विशेष समुदाय के परिवार को दिए गए जिसमें नियमों का उल्लंघन किया गया। भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

    Hero Image
    टेंडर घोटाले पर BJP-Congress आमने-सामने। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग में निकले 11 टेंडर समुदाय विशेष के एक ही परिवार को दिए जाने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने रविवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के संरक्षण में यह टेंडर घोटाला हुआ है, जिसमें तुष्टीकरण की कोशिश भी शामिल है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि टेंडर देने में धर्म के नाम पर पक्षपात किया गया है। अजय साह ने बताया कि रांची, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला, बोकारो और देवघर जैसे जिलों में स्वास्थ्य विभाग के पिछले एक साल में जारी 11 में से सभी टेंडर रांची के एक ही मुस्लिम परिवार की कंपनियों को दिए गए।

    उन्होंने दावा किया कि इस परिवार ने तीन अलग-अलग कंपनियां, हिन्द इंफ्राटेक,भारत सप्लायर्स और ग्लोबल सप्लायर्स एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं और सभी टेंडर इन्हीं के नाम कर दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इन तीन में से दो कंपनियों में एक ही व्यक्ति डायरेक्टर के रूप में दर्ज है।

    अजय ने कहा कि जेम पोर्टल के क्लाज- 29 के तहत यदि कोई व्यक्ति अलग-अलग कंपनी बनाकर टेंडर भरता है तो उसकी सभी कंपनी तकनीकी रूप से अयोग्य घोषित कर दी जानी चाहिए और उनकी दावेदारी रद हो जानी चाहिए, लेकिन यहां इन कंपनियों को न सिर्फ योग्य घोषित किया गया बल्कि वर्क आर्डर देकर भुगतान तक कर दिया गया। यह एक सुनियोजित लूट है।

    इस पूरे घोटाले से साफ झलकता है कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के संरक्षण में स्वास्थ्य विभाग लूट खसोट का अड्डा बन गया है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी टेंडर को रद कर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

    कांग्रेस ने किया पलटवार

    झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। राकेश सिन्हा ने कहा कि जिस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष रक्षा सौदे में दलाली खाने का दोषी और सजायाफ्ता हो, उस पार्टी के प्रवक्ता को भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने का हक नहीं है।

    भाजपा के पास मुद्दों का दिवालियापन स्पष्ट नजर आ रहा है, इसलिए वे अब आधी-अधूरी और झूठी कहानियों के सहारे जनता को गुमराह कर रहे हैं।

    सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी अल्पसंख्यक समाज से आते हैं, इसलिए भाजपा उन्हें जानबूझकर टारगेट कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि मंत्री ने शिकायत प्राप्त होते ही विभागीय जांच शुरू करवाई और साफ कर दिया कि दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    शिकायत सबसे पहले मंत्री को मिली थी और उसी आधार पर जांच चल रही है। जिस संवेदक का नाम भाजपा ले रही है, वह पिछले कई वर्षों से यहां कार्यरत है। मंत्री पद संभालने के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने किसी भी संवेदक को अतिरिक्त लाभ या काम नहीं दिया है।

    मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा को चाहिए कि झूठे आरोपों का सहारा लेने के बजाय तथ्यों के साथ राजनीति करे। उन्होंने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है। एल-वन ठेकेदार का चयन जिला टेंडर समिति करती है।

    भाजपा जिस टेंडर का हवाला दे रही है, वे सभी टेंडर मंत्री के कार्यभार संभालने से पहले ही प्रक्रियाधीन थे। भाजपा को चाहिए कि झूठे आरोपों का सहारा लेने की बजाय तथ्यों के साथ राजनीति करें। इरफान अंसारी जनहित में पारदर्शी तरीके से काम करते हैं। उनके बढ़ते कद को देखकर भाजपा के नेता बौखला गए हैं।

    यह भी पढ़ें- शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य, SC के फैसले के खिलाफ नहीं जाएगी सरकार; आंदोलनकारियों का अब क्या होगा?

    यह भी पढ़ें- कुड़मी आंदोलन से रेल सेवाएं चरमराईं, ज्ञानेश्वरी समेत कई ट्रेनें रद; कुछ Trains के शेड्यूल में बदलाव