विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेपीएससी परीक्षा से पहले ही परिणाम बदलने की रची गई थी आपराधिक साजिश, CID का सनसनीखेज खुलासा

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:01 AM (IST)

सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में परिणाम बदलने की आपराधिक साजिश का खुलासा किया है, जिसमें अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज दलालों ...और पढ़ें

छापेमारी समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को सौंपे गए थे दस्तावेज, सीआईडी जांच में हुआ है खुलासा।

छापेमारी समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को सौंपे गए थे दस्तावेज, सीआईडी जांच में हुआ है खुलासा।

HighLights

  1. जेपीएससी परीक्षा परिणाम बदलने की आपराधिक साजिश रची गई।

  2. दलालों ने अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज रामगढ़ में छिपाए थे।

  3. मनचाहा पद दिलाने के लिए करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता आदि से जुड़े मामलों की जांच कर रही सीआईडी ने चार्जशीट में जानकारी दी है कि जेपीएससी की परीक्षा के पहले ही परिणाम बदलने की आपराधिक साजिश रची गई थी।

अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज दलालों के पास थे। सीआइडी की छापेमारी के समय दलालों ने उक्त दस्तावेज रामगढ़ में छुपा दिए थे। छापेमारी के समापन के बाद दलालों ने उक्त दस्तावेज दो थैले में भरकर रांची लाए और फिर सभी अभ्यर्थियों को वापस किया।

सीआईडी ने अदालत में बताया है कि जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में मेरिट लिस्ट में नाम दर्ज कराने व मनचाहा पद दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये के लेन-देन हुए थे। सीआईडी ने गिरफ्तार आरोपित रक्षक सिंह के बयान को भी चार्जशीट में लगाया है।

इसमें यह खुलासा हुआ है कि 22 जुलाई को सीआइडी की छापेमारी के वक्त बिचौलिए रक्षक सिंह व बुद्धेश्वर भगत अभ्यर्थियों से लिए गए मूल दस्तावेज को लेकर रामगढ़ पहुंचे, वहां एक आरोपित उमेश के माध्यम से दो बड़े थैले में भरकर उक्त दस्तावेज रामगढ़ में अविनाश नायक के घर में छुपाकर रख दिया।

सीआईडी की छापेमारी के समापन के बाद एक अगस्त को फिर आरोपित रामगढ़ गए और मूल दस्तावेज वापस लेकर संबंधित अभ्यर्थियों को लौटा दिए। बिचौलियों से ऐसा इसलिए किया था, ताकि परीक्षा में सफलता के बाद आरोपित तय राशि देने से मुकरे नहीं। पद के अनुसार 80 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक में परीक्षा का सौदा किया गया था।

रक्षक सिंह का बिचौलिया रमेश व बुद्धेश्वर भगत से था संपर्क

सफल अभ्यर्थी रक्षक सिंह का बिचौलिया रमेश व बुद्धेश्वर भगत से संपर्क था। बिचौलिया रमेश कुमार को प्रति अभ्यर्थी कुल सौदे का 10 प्रतिशत कमीशन मिलना था। ओरमांझी के एक नर्सिंग कालेज में कार्यरत रमेश कुमार ने चार अभ्यर्थियों उमाकांत उरांव, राकी सचिन लकड़ा, मनोज कुमार व रोशन केरकेट्टा को जाल में फंसाया।

रमेश ने इन चारों से एडवांस के तौर पर दस-दस लाख यानी कुल 40 लाख रुपये की वसूली की थी। इसमें से अपना 10 प्रतिशत कमीशन यानी चार लाख रुपये काटकर शेष 36 लाख रुपये मुख्य अभियुक्त बुद्धेश्वर भगत के हवाले कर दिया। 

यह भी पढ़ें- जेएसएससी-सीजीएल नियुक्ति रद करने के खिलाफ अपील की तैयारी कर रही झारखंड सरकार

यह भी पढ़ें- JPSC Scam में पुलिस जवान की संलिप्तता उजागर, सिंडिकेट ने कराई थी पास; सीजीएल में गड़बड़ी के आरोपितों को जमानत नहीं

यह भी पढ़ें- रांची के मोरहाबादी मैदान में रची गई थी JPSC घोटाले की साजिश, मॉर्निंग वॉक में तय हुआ दो करोड़ रुपये भुगतान व कमीशन

यह भी पढ़ें- JPSC के 10 घोटालेबाजों से मिलिए, एग्जाम शीट बदलने से लेकर सीटें बेचने तक; CID ने दाखिल किया पूरक आरोप पत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।