रांची के मोरहाबादी मैदान में रची गई थी JPSC घोटाले की साजिश, मॉर्निंग वॉक में तय हुआ दो करोड़ रुपये भुगतान व कमीशन
सीआईडी की चार्जशीट के अनुसार, जेपीएससी मेधा घोटाले की पटकथा रांची के मोरहाबादी मैदान में लिखी गई थी। परीक्षा संचालन ...और पढ़ें

एजेंसी टीडीपीएल को परीक्षा संचालन का काम दिलाने के लिए भी वहीं हुई थी डील।
HighLights
जेपीएससी मेधा घोटाले की पटकथा मोरहाबादी मैदान में लिखी गई।
परीक्षा संचालन एजेंसी दिलाने की डील भी यहीं हुई थी।
सफल अभ्यर्थियों की सेटिंग और रुपयों की बोली भी यहीं लगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी आदि मामलों की जांच कर रही सीआईडी ने कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में कई अहम जानकारियां दी है। कोर्ट में सौंपे गए सीआइडी के कागजात के अनुसार रांची के मोरहाबादी मैदान में मार्निंग वाक के दौरान जेपीएससी मेधा घोटाले की पटकथा लिखे जाने की जानकारी दी गई है।
पहले परीक्षा संचालन का काम मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) को दिलाने के लिए डील भी मोरहाबादी मैदान में ही हुई थी। वहां जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते के करीबी कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार से एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी व निदेशक रामवीर सिंह की मुलाकात हुई थी।
जहां धर्मेद्र ने आयोग में काम दिलाने के एवज में एल. खियांग्ते के लिए दो करोड़ रुपये व भुगतान पर 20 प्रतिशत कमीशन तय किया था।
अब एक और मामला सामने आया है, जिसमें मोरहाबादी मैदान में ही माॅर्निंग वाक के दौरान अभ्यर्थी रोशन केरकेट्टा व उमाकांत उरांव के बीच सेटिंग हुई थी।
इसके बाद ही दोनों 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए थे। वर्तमान में दोनों गिरफ्तार होने के बाद से ही जेल में बंद हैं। रोशन केरकेट्टा रांची में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था।
लगातार माॅर्निंग वाक के दौरान ही उसकी मुलाकात उमाकांत उरांव से हुई थी। उमाकांत ने ही उसे बताया था कि उसकी जेपीएससी व जेएसएससी में सेटिंग है और वह सीधे नौकरी लगवा देगा।
जब रोशन उसके झांसे में आया तो उमाकांत ने उसकी मुलाकात सिंडिकेट के सहयोगी रमेश कुमार से कराई थी। यहीं पर पदों के अनुसार बोली लगी थी और बताया गया था कि डीएसपी, बीडीओ व सीओ जैसे पदों पर 80 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक तय होता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।