विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुबह चार से छह बजे प्रदूषण सबसे अधिक, बंद रखें खिड़कियां; मॉर्निंग वाॅक के बाद गर्म पानी से करें स्नान

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:40 AM (IST)

सीनियर पल्मोनोलाजिस्ट डाॅ. सुप्रभा चक्रवर्ती ने दैनिक जागरण की बैठक में वायु प्रदूषण के कारण, प्रभाव और बचाव के उपाय ...और पढ़ें

ठंड में वायु प्रदूषण से बचाव के उपाय जानें, डाक्टर ने दी महत्वपूर्ण सलाह।

ठंड में वायु प्रदूषण से बचाव के उपाय जानें, डाक्टर ने दी महत्वपूर्ण सलाह।

HighLights

  1. सुबह 4-6 बजे और शाम 4-5 बजे प्रदूषण अधिक होता है।

  2. ठंड में तापमान प्रतिलोमन से प्रदूषक कण जमीन पर रहते हैं।

  3. फेफड़ों के साथ दिल और दिमाग पर भी पड़ता है असर।

जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली के बाद वायु प्रदूषण बढ़ने की चर्चा आम है, लेकिन इसके लिए केवल पटाखों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। दीपावली ऐसे समय आती है, जब मौसम में ठंड की शुरुआत हो चुकी होती है।

तापमान में गिरावट, हवा की गति कम होने, कोहरा और वातावरण में नमी के कारण प्रदूषक कण जमीन के आसपास अधिक समय तक बने रहते हैं। ऐसे में पटाखों से निकलने वाला धुआं, गैस और सूक्ष्म कण पहले से मौजूद प्रदूषण को और बढ़ा देते हैं।

इसका सबसे अधिक असर दमा, अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ता है। सोमवार को हुए दैनिक जागरण की एकेडमिक बैठक में सीनियर पल्मोनोलाजिस्ट डाॅ. सुप्रभा चक्रवर्ती ने प्रदूषण के कारण, शरीर पर इसके प्रभाव और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में कई बार वातावरण में तापमान की ऐसी स्थिति बनती है, जिसमें जमीन के पास की ठंडी हवा ऊपर नहीं उठ पाती। इसे तापमान प्रतिलोमन (टेम्परेचर इनवर्जन) कहते हैं। सामान्य स्थिति में हवा के साथ प्रदूषक ऊपर की ओर फैल जाते हैं, लेकिन इस स्थिति में धुआं और प्रदूषक कण निचली सतह पर ही जमा रहने लगते हैं।

हवा की गति कम होने और कोहरे के कारण इनका फैलाव भी सीमित हो जाता है। पटाखों से निकलने वाले पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कण, सल्फर डाइआक्साइड, नाइट्रोजन आक्साइड तथा अन्य रासायनिक तत्व हवा की गुणवत्ता को और खराब करते हैं।

ये कण सांस के साथ शरीर में प्रवेश कर श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। सबसे अधिक प्रदूषित हवा सुबह चार बजे से सुबह छह बजे तक रहती है और शाम में चार से पांच बजे तक होता है।

ऐसे में सुबह और शाम घरों की खिड़कियां बंद रखनी चाहिए जिससे कुछ हद तक प्रदूषित हवा से राहत मिल सके। साथ ही गर्म पानी पीने की आदत बनानी चाहिए जो गले में प्रदूषण के संक्रमण को खत्म करते हैं।

फेफड़ों से आगे दिल और दिमाग पर भी असर

डाॅ. सुप्रभा चक्रवर्ती ने बताया कि वायु प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता। बड़े कण नाक और श्वसन नली में रुक सकते हैं, जबकि बेहद महीन कण फेफड़ों के गहरे हिस्से तक पहुंच जाते हैं। पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म कणों के संपर्क से फेफड़ों में सूजन और आक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है। इससे अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की परेशानी बढ़ती है।

कुछ सूक्ष्म कण फेफड़ों की झिल्ली के जरिए रक्त प्रवाह तक भी पहुंच सकते हैं। इससे शरीर में सूजन, रक्त वाहिकाओं की कार्यप्रणाली में गड़बड़ी और खून का थक्का बनने की आशंका बढ़ती है। लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रदूषण का संबंध मस्तिष्क की कार्यक्षमता पर पड़ने वाले प्रभावों से भी सामने आया है। लगातार संपर्क में रहने से एकाग्रता में कमी, याददाश्त संबंधी परेशानी और ब्रेन फाग जैसी स्थिति हो सकती है।

ब्रेन फाग में व्यक्ति को सोचने, ध्यान केंद्रित करने और चीजों को याद रखने में परेशानी महसूस होती है। हालांकि, इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं और हर मामले को केवल प्रदूषण से जोड़ना सही नहीं है।

प्रदूषण से बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान

  • सुबह की सैर में सावधानी : ठंड के मौसम में सुबह बहुत जल्दी और कोहरे के दौरान टहलने से बचें, धूप निकलने के बाद वाक करें। बाहर निकलने से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) देखें। प्रदूषण अधिक होने पर खुले में व्यायाम करने के बजाय घर के भीतर ही हल्का व्यायाम करें।
  • मास्क का करें इस्तेमाल : बाइक से चलने वाले लोग प्रदूषण अधिक होने पर अच्छी गुणवत्ता वाला एन-95 मास्क पहनें। सामान्य कपड़े का मास्क सूक्ष्म प्रदूषक कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देता। एन-95 मास्क भी एक सप्ताह तक ही उपयोग करें, इसे धोए नहीं।
  • घर के भीतर भी रखें सावधानी : घर में सफाई और अन्य कामों में तेज रसायन वाले स्प्रे, सुगंधित उत्पाद, रासायनिक कीटनाशक और एयरोसोल का कम इस्तेमाल करें। किचन में चिमनी या एग्जास्ट फैन की व्यवस्था रखें, ताकि खाना बनाने के दौरान निकलने वाला धुआं बाहर जा सके। टायलेट क्लिनर का उपयोग मास्क पहनकर करें।
  • खिड़कियां खोलने-बंद करने का समय : सुबह कोहरा और प्रदूषण अधिक होने पर खिड़कियां बंद रखें। जब बाहर की हवा की गुणवत्ता बेहतर हो, तब घर में ताजी हवा आने के लिए खिड़कियां खोलें।
  • सैर के बाद सफाई : बाहर से लौटने के बाद हाथ-मुंह धोएं, कपड़े बदलें और जरूरत के अनुसार स्नान करें। इससे त्वचा और बालों पर जमा धूल-कण हटाने में मदद मिलती है।
  • लक्षणों को नजरअंदाज न करें : लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न या घरघराहट होने पर डाक्टर से संपर्क करें। दमा और सीओपीडी के मरीज अपनी निर्धारित दवाएं नियमित लें। इंहेलर ले रहे हैं तो इसे दवा के रूप में सोचकर प्रयोग करें, बीच में बंद न करें।

पीएफटी जांच से पता चलती है फेफड़ों की क्षमता

डाॅ. सुप्रभा ने फेफड़ों की सेहत पर नजर रखने के लिए पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) के महत्व की जानकारी दी। इस जांच में यह देखा जाता है कि फेफड़े कितनी हवा अंदर ले सकते हैं और कितनी तेजी से बाहर निकाल सकते हैं। स्पाइरोमेट्री इसके प्रमुख हिस्सों में से एक है।

इससे सांस की नलियों में रुकावट, फेफड़ों की कार्यक्षमता और अस्थमा या सीओपीडी जैसी बीमारियों के संकेत मिल सकते हैं। कुछ मामलों में फेफड़ों में हवा की कुल क्षमता और आक्सीजन को रक्त तक पहुंचाने की क्षमता भी जांची जाती है।

सांस संबंधी परेशानी, लंबे समय से खांसी, धूमपान या प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने वाले लोगों को डाक्टर की सलाह पर यह जांच करानी चाहिए। जांच कितनी बार जरूरी है, यह व्यक्ति की उम्र, लक्षण और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।