JPSC के 10 घोटालेबाजों से मिलिए, एग्जाम शीट बदलने से लेकर सीटें बेचने तक; CID ने दाखिल किया पूरक आरोप पत्र
सीआईडी ने जेपीएससी मेधा घोटाले में 10 और आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें बताया गया ...और पढ़ें

सीआइडी की रांची स्थित विशेष अदालत में दाखिल किया गया है पूरक आरोप पत्र।
HighLights
सीआईडी ने जेपीएससी घोटाले में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।
एक सिंडिकेट ने जेपीएससी की अधिकतर सीटें बेचीं।
ओएमआर शीट में हेराफेरी कर अयोग्य पास कराए गए।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी आदि मामलों की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को रांची स्थित सीआइडी की विशेष अदालत में अपना पहला पूरक आरोप पत्र दाखिल किया। यह पूरक आरोप पत्र दस आरोपितों के विरुद्ध दाखिल किया गया है।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि संगठित रूप से एक सिंडिकेट ने जेपीएससी की अधिकतर सीटों को बेच दिया। कई अयोग्य अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में हेराफेरी कर अंक बढ़ाया और पास कराया। स्ट्रांग रूम से कापियां निकाली गईं और उनमें बाहर में लिखवाया भी गया।
14वीं जेपीएससी परीक्षा में ओएमआर शीट में हेराफेरी, अवैध वसूली व फर्जीवाड़े से जुड़े डिजिटल व वित्तीय साक्ष्य को भी सीआइडी ने कोर्ट में प्रस्तुत किया है। सीआईडी ने इस पूरे प्रकरण में अब तक जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते, उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता सहित 34 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनमें पूर्व में 12 आरोपितों पर और अब दस आरोपितों यानी कुल 22 आरोपितों पर सीआईडी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीआइडी ने चार्जशीट में बताया है कि जेपीएससी की परीक्षाओं में अंतरराज्यीय परीक्षा माफिया, दलाल, गलत तरीके से उत्तीर्ण अभ्यर्थी व बिचौलियों का बड़ा सिंडिकेट संगठित रूप से सक्रिय था।
ये हैं दस आरोपित, जिनपर CID ने दाखिल किया पूरक आरोप पत्र
बुद्धेश्वर भगत (दलाल व आपरेटर), रमेश कुमार (एजेंट), उमेश कुमार (दलाल), ब्रज कुमार राम (जेपीएससी की तत्कालीन सदस्य अजिता भट्टाचार्य का पीए), अरुण कुमार (निदेशक, परीक्षा एजेंसी बिंसिस), उमाकांत उरांव (सफल अभ्यर्थी सह एजेंट), मनोज कुमार (दलाल), धर्मेंद्र कुमार (जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते का कंप्यूटर आपरेटर सह बिचौलिया), रक्षक सिंह (अंतरराज्यीय सिंडिकेट सदस्य सह परीक्षा माफिया) व रोशन केरकेट्टा (सफल अभ्यर्थी)।
किस पर किस आरोप की पुष्टि
- बुद्धेश्वर भगत : यह मास्टरमाइंड अभय तिवारी का करीबी था। परीक्षा पास कराने के लिए 11 अभ्यर्थियों से इसने 1.10 करोड़ रुपये वसूला था। अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक दस्तावेज और वसूली गई नकद राशि को सिंडिकेट के शीर्ष स्तर तक पहुंचाया था।
- रमेश कुमार : यह परीक्षा केंद्र और मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान अनुचित लाभ दिलाने तथा ओएमआर शीट में हेराफेरी में शामिल था। वह अभ्यर्थियों से पैसे की उगाही करने व परीक्षा सामग्री गिरोह तक पहुंचाने में शामिल था।
- उमेश कुमार : इस पूरे नेटवर्क में धन और गोपनीय दस्तावेजों के सुरक्षित प्रबंधन का दायित्व इसपर था। सीआइडी जांच के दौरान पकड़े जाने के डर से साक्ष्य मिटाने और अभ्यर्थियों के दस्तावेज वापस करने में शामिल था।
- ब्रज कुमार राम : इसने पद का दुरुपयोग कर परीक्षा सेटिंग नेटवर्क और अधिकारियों के बीच मध्यस्त था। इसपर 11वीं-13वीं जेपीएससी के साक्षात्कार में अभ्यर्थी मनीष कुमार के 80 अंक बढ़वाकर डीएसपी पद पर चयन कराने और इसके एवज में आदित्य पांडे से पांच लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। सीडीपीओ परीक्षा में 20 लाख रुपये प्रति अभ्यर्थी के हिसाब से चार अभ्यर्थियों की अवैध तरीके से सेटिंग कराई थी। ब्लैकलिस्टेड एजेंसी ''बिनसिस टेक्नोलोजी'' को जेपीएससी का काम दिलाने के लिए तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते से मिलने आइजोल (मिजोरम) जाने और उनकी पत्नी को 2.50 लाख रुपये नकद देने में भी शामिल था।
- अरुण कुमार : इसकी एजेंसी ''बिनसिस टेक्नोलोजी'' अनियमितताओं को लेकर काली सूची में थी। इसने आरोपित धर्मेंद्र कुमार और ब्रज कुमार राम के माध्यम से जेपीएससी में काम लिया था।
- उमाकांत उरांव : 14वीं जेपीएससी परीक्षा में इसने अवैध तरीके से सफलता हासिल की थी और अन्य अभ्यर्थियों की भी सेटिंग कराई थी।
- मनोज कुमार : यह ओएमआर शीट में हेराफेरी कर अनुचित तरीके से अंक बढ़वाने की साजिश में शामिल था और डिजिटल व भौतिक साक्ष्य छुपाने की कोशिश की थी।
- धर्मेंद्र कुमार : एल. खियांग्ते के कंप्यूटर आपरेटर के साथ-साथ उनका वसूली एजेंट भी था।
- रक्षक सिंह : इसने ओएमआर शीट में हेराफेरी व साल्वर गैंग के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं को प्रभावित किया।
- रोशन केरकेट्टा : इसने मेरिट को दरकिनार कर सौदेबाजी के जरिए पद हासिल की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।