JPSC Scam में पुलिस जवान की संलिप्तता उजागर, सिंडिकेट ने कराई थी पास; सीजीएल में गड़बड़ी के आरोपितों को जमानत नहीं
सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और ओएमआर शीट हेराफेरी मामले में चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें कई ...और पढ़ें

बिहार का जमुई निवासी सिपाही मनोज कुमार भी हुआ था 14वीं सिविल सेवा पीटी में सफल।
HighLights
पुलिस जवान मनोज कुमार ने सिंडिकेट से पास की जेपीएससी परीक्षा।
सिंडिकेट को अग्रिम दस लाख रुपये और प्रमाण पत्र दिए थे।
जेएसएससी सीजीएल व जेपीएससी फर्जीवाड़े के आरोपियों को जमानत नहीं।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी व अनियमितता मामले की जांच कर रही सीआईडी ने रांची स्थित सीआइडी की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में कई अहम जानकारियां दी है।
सीआईडी ने कोर्ट में बताया है कि झारखंड पुलिस का एक जवान मनोज कुमार भी सिंडिकेट के सहयोग से ही 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुआ था। इसके लिए उसने सिंडिकेट को दस लाख रुपये अग्रिम व अपना मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी गारंटी के तौर पर दिया था।
मनोज कुमार मूल रूप से बिहार के जमुई का रहने वाला था। वर्ष 2017 में झारखंड पुलिस में सिपाही के पद पर बहाल मनोज कुमार वर्तमान में रांची जिला बल में पदस्थापित है। सीआइडी ने जांच में पाया है कि मनोज कुमार की मुलाकात सफल अभ्यर्थी सह एजेंट उमाकांत उरांव से बरियातू थाना के समीप स्थित एक चाय की दुकान पर हुई थी।
उमाकांत ने ही उसे बिचौलिए रमेश कुमार से मिलवाया था, जिसने जेपीएससी की परीक्षा पास कराने का भरोसा दिलाया था। मनोज कुमार ने सीआइडी को पूछताछ में बताया था कि उसे बिचौलिए ने कहा था कि परीक्षा में जिन प्रश्नों का उत्तर नहीं पता होगा, उसे ओएमआर शीट में खाली छोड़ देना है। केवल उन्हीं प्रश्नों के उत्तर भरने थे, जिनका सही जवाब पता था।
ओएमआर शीट की अभ्यर्थी कापी को एजेंट के माध्यम से बिचौलिए बुद्धेश्वर भगत व उमेश कुमार के माध्यम से परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीडीपीएल के निदेशक रणवीर सिंह तक पहुंचाई गई थी, ताकि खाली गोले में सही उत्तर भरा जा सके।
इन्हीं सभी अनियमितताओं की बदौलत मनोज कुमार ने उक्त परीक्षा में सफलता हासिल की थी। सीआइडी के मांगे जाने पर उसने अपनी ओएमआर शीट नहीं दिखाई थी।
सीजीएल व 14वीं सिविल सेवा पीटी में गड़बड़ी के आरोपितों को नहीं मिली जमानत
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी मामले में जेल में बंद आरोपित सुरेश राय को राहत नहीं मिली है। रांची के अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने उसकी ओर से दाखिल जमानत याचिका मंगलवार को सुनवाई के बाद खारिज कर दी।
सीआईडी ने उसे 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में है। उसने 24 अक्टूबर को जमानत की गुहार लगाते हुए याचिका दाखिल की थी। सुरेश राय पर बोकारो जिले के दुग्धा स्थित अपने क्वार्टर में 30 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर रटवाने का आरोप है।
जांच के दौरान सीआइडी को उसके बैंक खाते में 22 जनवरी 2026 को 14 लाख रुपये आने के साक्ष्य मिला है। वहीं, उसके बेटे उमेश राय के खाते में भी उसी दिन पांच लाख रुपये आने की जानकारी सामने आई है।
इधर, जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में जेल में बंद उस्मान को फिलहाल जेल में रहना पड़ेगा। अपर न्यायायुक्त प्रथम योगेश कुमार की अदालत ने उसकी ओर से दाखिल जमानत याचिका खारिज कर दी है।
अदालत ने सात नवंबर को याचिका पर सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था। मामले में उसे सीआइडी ने 22 जुलाई को गिरफ्तार किया था। तब से जेल में है। इनका संबंध कथित तौर पर परीक्षा फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड अभय तिवारी के सिंडिकेट से जुड़ा है। उसने एक अक्टूबर को जमानत की गुहार लगाते हुए याचिका दाखिल की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।