Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    JMM ने जारी की केंद्रीय समिति सदस्यों की लिस्ट, हेमंत और कल्पना के साथ इनका नाम भी शामिल

    Updated: Thu, 17 Apr 2025 06:30 AM (IST)

    झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्रीय समिति के सदस्यों की सूची जारी की है। शिबू सोरेन को दुमका से अध्यक्ष हेमंत सोरेन को साहिबगंज से और कल्पना मुर्मू सोरेन को गिरिडीह से शामिल किया गया है। विधायकों और अन्य प्रमुख नेताओं को भी उनके जिलों से समिति में जगह मिली है। अन्य राज्यों के सदस्यों को भी केंद्रीय समिति में सम्मिलित किया गया है।

    Hero Image
    झामुमो ने जारी की केंद्रीय समिति सदस्यों की लिस्ट, हेमंत और कल्पना के साथ इनका नाम भी शामिल

    राज्य ब्यूरो, रांची। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बुधवार को पार्टी के केंद्रीय समिति के सदस्यों की सूची जारी की। इसमें संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन (Shibu Soren) को दुमका, अध्यक्ष हेमंत सोरेन (Hemant Soren) को साहिबगंज और गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन (Kalpana Soren) को गिरिडीह से केंद्रीय समिति में सम्मिलित किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विधायकों समेत अन्य प्रमुख नेताओं को उनके जिले से केंद्रीय समिति में शामिल किया गया है। इसमें राज्य सरकार में झामुमो कोटे से शामिल मंत्री भी हैं।

    रांची जिले से इन नेताओं को मिली जगह

    रांची जिले से केंद्रीय समिति में विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, अभिषेक प्रसाद पिंटू, मनोज पांडेय, नंदकिशोर मेहता, प्रो. अशोक कुमार सिंह, सुनील श्रीवास्तव, महुआ माजी, विकास सिंह मुंडा, अमीत कुमार महतो, मधु मंसुरी, पवन जेडिया, तनुज खत्री और अश्विनी शर्मा केंद्रीय समिति में शामिल किए गए हैं।

    इसके अलावा बंगाल, बिहार, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से भी केंद्रीय समिति में सदस्य सम्मिलित किए गए हैं।

    झामुमो की नई समिति गठित करने को हेमंत सोरेन अधिकृत

    दूसरी ओर, सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पार्टी की नई समिति के गठन के लिए नए अध्यक्ष हेमंत सोरेन को अधिकृत किया है। जल्द ही वे इसकी विधिवत घोषणा करेंगे। झामुमो के दो दिवसीय महाधिवेशन में अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद हेमंत सोरेन बुधवार को पार्टी के हरमू स्थित झामुमो के कैंप कार्यालय पहुंचे और वरीय नेताओं के साथ बैठक की।

    कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद पांडेय और सुप्रियो भट्टाचार्य ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। हेमंत सोरेन लगभग एक घंटे तक कार्यालय में रहे और उन्होंने नेताओं के साथ सांगठनिक मामलों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कामकाज को लेकर सुझाव दिए।

    इस दौरान तय किया गया कि मंत्री कार्यालय में बारी-बारी से कार्यकर्ताओं समेत आमलोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करेंगे। सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि महाधिवेशन में शिबू सोरेन ने हेमंत सोरेन को अध्यक्ष के लिए प्रस्तावित किया। लगभग 4500 प्रतिनिधियों और अध्यक्ष मंडल के सदस्यों ने एक स्वर में उनका समर्थन किया।

    अध्यक्ष चुनने के बाद महाधिवेशन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने नई टीम बनाने के लिए उन्हें अधिकृत किया है। वे काम का बंटवारा और जिम्मेदारी सौंपेंगे। जल्द ही झामुमो का नया कार्यालय बरियातू में बनकर तैयार हो जाएगा। दो-तीन माह में कार्यालय आरंभ हो जाएगा। नए अध्यक्ष और संस्थापक संरक्षक उसका विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यालय में मंत्रियों के बैठने का रोस्टर जल्द ही जारी किया जाएगा।

    झामुमो अपने खर्च पर कराएगा बाबूलाल का इलाज

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में सुप्रियो भट्टाचार्य ने सवाल उठाया कि उनके पेट में दर्द क्यों हो रहा है। उनके इलाज की समुचित जिम्मेदारी झामुमो की है। रिनपास या रिम्स में, जहां जरूरत होगी, वहां झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने खर्च पर उनका इलाज कराएगा। बाबूलाल बड़ी चीज है। वे बहुत चीजों को जोड़ते हैं। कही गलत हो रहा है तो वे जांच कराएं।

    भाजपा के राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा द्वारा राज्य की विधि-व्यवस्था खराब होने संबंधी आरोपों पर उन्होंने कहा कि वे मूलत: यूपी के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के बारे में भी वे बातें करें। जिस प्रकार से हाल में भाजपा के नेताओं द्वारा गैंगरेप हुआ। लोगों को आतंकित करने के लिए पूजा-प्रार्थना घरों तक को टारगेट किया गया। उसपर भी उन्हें अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

    ये भी पढ़ें- लालू और ममता को असहज कर सकता है हेमंत सोरेन का रुख, बिहार की 12 सीटों पर JMM की नजर

    ये भी पढ़ें- Jharkhand Politics: झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बने हेमंत, शिबू सोरेन को चुना गया संस्थापक संरक्षक