विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: एनआरएचएम घोटाला मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, प्रमोद सिंह उनकी पत्नी और पिता पर दाखिल की चार्जशीट

Published: Mon, 21 Apr 2025 07:48 PM (IST)

झारखंड में एनआरएचएम घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमोद सिंह उनकी पत्नी प्रिया सिंह और पिता आदित्य ...और पढ़ें

खबर की प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
खबर की प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

HighLights

  1. पीएमएलए की रांची स्थित विशेष अदालत में ईडी ने दाखिल की है चार्जशीट
  2. एनआरएचएम के तहत आवंटित 9.39 करोड़ रुपये की सरकारी राशि का दुरुपयोग से जुड़ा है मामला

राज्य ब्यूरो, रांची। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) निधि से 9.39 करोड़ रुपये के घोटाले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने आरोपित प्रमोद सिंह, उनकी पत्नी प्रिया सिंह और पिता आदित्य नारायण सिंह के विरुद्ध रांची स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।

चार्जशीट में बताया गया है कि प्रमोद कुमार सिंह ने एनआरएचएम निधि की राशि को अपने, अपनी पत्नी प्रिया सिंह और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर निवेश किया। उनके नाम पर अचल संपत्तियां अर्जित की।

वह धनबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) झरिया सह जोड़ापोखर में अनुबंध के आधार पर प्रखंड खाता प्रबंधक के रूप में कार्यरत था। उसे 17 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था।

प्रमोद कुमार सिंह के विरुद्ध सबसे पहले एसीबी धनबाद ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके आधार पर ही ईडी ने पीएमएलए अधिनियम में जांच कर भ्रष्टाचार उजागर किया था।

ईडी ने पीएमएलए कोर्ट को बताया है कि प्रमोद सिंह ने तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शशि भूषण प्रसाद (अब स्वर्गीय) के साथ मिलीभगत कर पद का दुरुपयोग किया।

आधिकारिक पदों का किया दुरुपयोग

उसने जिला स्वास्थ्य सोसाइटी के माध्यम से पीएचसी झरिया सह जोड़ापोखर को एनआरएचएम के तहत आवंटित 9.39 करोड़ रुपये (लगभग) की सरकारी राशि का दुरुपयोग करने के लिए अपने आधिकारिक पदों का दुरुपयोग किया। इस राशि को पल्स पोलियो, प्रशिक्षण और मानदेय में खर्च करना था।

यह धनराशि अवैध रूप से पीएचसी के दो आधिकारिक बैंक खातों और पीएचसी प्रबंधन सोसाइटी के एक बैंक खाते से प्रमोद कुमार सिंह, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के व्यक्तिगत बैंक खातों में स्थानांतरित की गई थी।

उक्त राशि को प्रमोद कुमार सिंह ने अपने और अपनी पत्नी प्रिया सिंह के अलावा अन्य सहयोगियों के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां अर्जित की।

ईडी को जांच के दौरान प्रमोद कुमार सिंह के पीएनबी के खाते में 3.93 करोड़ रुपये स्थानांतरित होने और अपने खाते से पत्नी प्रिया के खाते में चेक से दस लाख रुपये के स्थानांतरण के भी सबूत मिले हैं।

जमीन खरीदने में किए गए भुगतान से संबंधित दस्तावेज भी ईडी को मिले। प्रमोद की पत्नी प्रिया और पिता आदित्य नारायण सिंह ने रुपयों के लेन-देन के लिए जो तर्क दिए थे, उसे वे साबित नहीं कर पाए।

ईडी ने तलाशी के दौरान प्रमोद कुमार सिंह के आवासीय परिसर से चार महंगी लग्जरी गाड़ियां और 2.17 लाख रुपये की नकदी बरामद की थी, साथ ही बैंक खाते में कुल 4 लाख रुपये की शेष राशि को फ्रीज कर दिया था।

इसके अलावा ईडी ने प्रमोद कुमार सिंह की पत्नी प्रिया सिंह की 1.63 करोड़ रुपये (लगभग) की अचल संपत्ति को गत वर्ष 30 अगस्त को अंतिम रूप से कुर्क किया था।

यह भी पढ़ें-

NRHM Scam: एनआरएचएम निधि घोटाले में कोयला कारोबारी प्रमोद सिंह गिरफ्तार, रिमांड पर ED करेगी पूछताछ

NRHM Scam: प्रमोद ने घोटालों के पैसों से पत्नी प्रिया के नाम पर बनाई प्रॉपर्टी, ED की जांच में खुलासा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।