बिरसा मुंडा पार्क में पर्यटकों ने मचाई धूम, एक दिन में हुई 1 लाख 60 हजार की कमाई, लेजर लाइट शो के लोग मुरीद
क्रिसमस के अवसर पर 25 दिसंबर को बिरसा मुंडा पार्क पर्यटकों से गुलजार रहा। इस दिन रिकॉर्ड 6500 पर्यटकों ने पार्क में दस्तक दी। इससे पार्क ने एक ही दिन ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। नववर्ष के स्वागत के लिए बिरसा मुंडा पार्क तैयार है। इस बार अप्रत्याशित तौर पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। रविवार को क्रिसमस डे के अवसर पर यहां तीन हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे। आगे पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने विशेष तैयारी की है। बिरसा मुंडा पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करता है।
21 एकड़ में फैले पार्क में कई तरह के इंतजाम
21 एकड़ में फैले पार्क में आकर्षक झूले, हरियाली, पेड़-पौधे, खिलौना ट्रेन, बच्चों के लिए विभिन्न सवारी, कैंटीन और विभिन्न प्रजातियों के पौधे हैं। आठ लेन सड़क भी लगभग बन चुकी है इसलिए यहां आवागमन भी पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक है। वैसे तो पर्यटकों का आना शुरू हो गया है, लेकिन 25 दिसंबर के बाद से 15 जनवरी तक पार्क गुलजार रहेगा। बिरसा मुंडा पार्क में इस समय तारामाची, टोरा-टोरा, जंपिग ट्रैक, मिक्की माउस, ड्रैगन, नाव आदि कई आकर्षक झूलों की व्यवस्था की गई है। बिरसा मुंडा पार्क में प्रवेश शुल्क 20 रुपये है। शनिवार व रविवार को यह शुल्क 25 रुपये है। पांच वर्ष से नीचे के बच्चों की एंट्री फ्री है।
.jpg)
शाम में म्यूजिकल लेजर फाउंटेन का उठाएं लुत्फ
बिरसा मुंडा पार्क का म्यूजिकल लेजर फाउंटेन पर्यटकों के इस्तकबाल के लिए तैयार है। यह सप्ताह में सातों दिन लोगों का मनोरंजन करेगा। लगभग चार करोड़ की लागत से 2018 में लेजर फाउंटेन की शुरुआत की गई थी। जर्मन तकनीक पर आधारित लेजर शो को देखने का अवसर मिलेगा। फिल्मी गीतों की धुन पर अलग-अलग तरह की जमीन से आसमां में उठती और फिर गिरती लाइट की रंग-बिरंगी आकृतियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगी।
लेजर शो के लिए लेना होगा दस रुपये का टिकट
लेजर शो के दौरान पानी का फव्वारा करीब 50 फीट ऊपर उठता और गिरता है। इस दौरान तरह-तरह की मनभावन आकृति उभरती है। बीच-बीच में लेजर शो के दौरान अलग-अलग फिल्मों के दृश्य भी उभरते और हीरो-हीरोइन नाचते-गाते दिखते हैं। हर दिन 20 मिनट लेजर शो चलेगा। नववर्ष को देखते हुए इसके लिए 10 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट दर निर्धारित की गई है। अमूमन यह नि:शुल्क रहता है।

ऐसे पहुंचे बिरसा मुंडा पार्क
मेमको मोड़ से सीधे आटो, टोटो, ई-रिक्शा रिजर्व कर यहां पहुंचा जा सकता है। वैसे इधर सवारी गाड़ियां नहीं चलती हैं, उम्मीद है पर्यटकों की भीड़ देखते हुए 25 दिसंबर से सवारी गाड़ियां चलेंगी। भूली से आने वाले लोग बिनोद बिहारी चौक नवाडीह तक आकर यहां से बिरसा मुंडा पार्क के लिए आटो-टोटो ले सकते हैं। रिजर्व और शेयरिंग दोनों सुविधा है। बेकारबांध-पालीटेक्निक रोड से आने वाले लोग भी बिनोद बिहारी चौक पर आकर सवारी गाड़ी ले सकते हैं।
क्रिसमस पर बिरसा मुंडा पार्क पहुंचे रिकॉर्ड 6500 पर्यटक
शहर के सबसे बड़े पार्क बिरसा मुंडा पार्क 25 दिसंबर को पूरी तरह से गुलजार रहा। कोविड-19 संक्रमण के लगभग दो वर्ष बाद सबसे अधिक पर्यटक पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। 25 दिसंबर यानी रविवार को एक दिन में 6500 पर्यटक पहुंचे। अकेले टिकट से ही पार्क को एक लाख 60 हजार रुपये की आमदनी हुई। पिछले वर्ष इसी दिन 25 दिसंबर को 4500 पर्यटक पहुंचे थे। इस लिहाज से इस बार 2000 अधिक पर्यटक पहुंचे।
पार्क में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था
नगर निगम के सिटी मैनेजर रणधीर प्रसाद वर्मा ने बताया कि लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। 70 किस्म के फ्लावर शो का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। सबसे अधिक पिकनिक मनाने वालों की भीड़ थी। धूप और छांव में सब खाद्य सामग्री के साथ पहुंचे और जमकर मस्ती की।
कई पर्यटक रामगढ़ और जामताड़ा से भी अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। पुलिस के जवान भी तैनात थे। इसके अलावा नगर निगम और पार्क कर्मी भी लगे हुए थे। रणधीर वर्मा ने उम्मीद जताई है कि इस बार नववर्ष के बाद तक पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ रहेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।