Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में दिनदहाड़े भाजपा नेता का मर्डर, टाइगर अनिल महतो को सिर में मारी गोली; कल रांची बंद का एलान

    Jharkhand Crime रांची में भाजपा नेता अनिल महतो टाइगर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से शहर में दहशत का माहौल है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

    By Jagran News Edited By: Yogesh Sahu Updated: Wed, 26 Mar 2025 08:09 PM (IST)
    Hero Image
    झारखंड की राजधानी में भाजपा नेता टाइगर अनिल महतो की हत्या।

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या करने के बाद बदमाश फरार हो गए। हालांकि, एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दहशत पैदा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने कांके चौक पर भारतीय जनता पार्टी के रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री, रामनवमी समिति, कांके के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर को सिर में गोली मारी। अनिल महतो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी थे।

    कब-कहां और कैसे हुई वारदात?

    जानकारी के अनुसार, राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में बुधवार को जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल महतो टाइगर की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।

    हमले के बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गोली मारने वाले शूटर को पिठोरिया इलाके से पकड़ा गया है।

    होटल में बैठे थे अनिल, गोली चलते ही मची भगदड़

    यह घटना बुधवार की शाम करीब पौने चार बजे हुई। बाइक सवार अपराधी ने ठाकुर होटल में बैठे अनिल टाइगर को सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई।

    सूचना मिलने के बाद कांके पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल टाइगर को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं था।

    बता दें कि घटना के वक्त राजधानी में दूसरी तरफ राज्य की बिगड़ती विधि व्यवस्था को लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता पुलिस मुख्यालय में बैठक कर रहे थे।

    अनिल महतो की हत्या के बाद इस युवक को मौके से पकड़ा गया।

    कल रांची बंद की सूचना

    बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के नेता की हत्या को लेकर 27 मार्च को एक दिवसीय रांची बंद बुलाए जाने की सूचना है।

    जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा की ओर से रांची बंद का आह्वान किया गया है। पार्टी ने अपने संदेश में अपने कार्यकर्ताओं से रांची को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराने की बात कही है।

    बाबूलाल मरांडी ने भी जताया दुख

    अनिल महतो की हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने भी कड़ी निंद की। घटना के बाद वह रिम्स अस्पताल भी पहुंचे और मृतक महतो के स्वजन को दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।

    इसके साथ ही मरांडी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करके राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अनिल को गोली मारे जाने की घटना से स्तब्ध हूं।

    मरांडी ने आगे लिखा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मरांडी का कहना था कि राज्य में न जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक। बाबूलाल ने सीएम हेमंत सोरेन से इस्तीफा भी मांगा।

    टाइगर की हत्या पर संजय सेठ बोले- राजधानी में पुलिसिंग फेल

    इधर, अनिल महतो टाइगर की हत्या पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सेठ ने कहा कि यह घटना हतप्रभ करने वाली है। कांके चौक पर दिनदहाड़े वरिष्ठ और सक्रिय नेता की हत्या हो जाती है।

    बीच चौराहे पर अपराधी गोली मार के चल देते हैं और पुलिस प्रशासन हाथ पैर हाथ धरे बैठा रह जाता है। राजधानी रांची में पुलिसिंग पूरी तरह फेल हो चुकी है। अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ समाप्त हो चुका है। इस घटना ने एक बार फिर से प्रमाणित कर दिया कि शहर में कोई सुरक्षित नहीं है।

    रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ।

    राजधानी में ऐसी घटना राज्य सरकार पर बड़ा सवाल: सेठ

    संजय सेठ ने कहा कि अनिल महतो टाइगर की हत्या निरंकुश हो चुके अपराधियों ने अंजाम दिया है। एक तरफ झारखंड का विधानसभा सत्र चल रहा है, दूसरी तरफ इतनी बड़ी घटना को अपराधी अंजाम देकर निकल जा रहे हैं। यह राज्य सरकार पर बड़ा सवाल है।

    झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल है और रांची जिला प्रशासन पर भी सवाल है। आक्रोश भरे लहजे में रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री खुद इस मामल में हस्तक्षेप करें।

    रांची में पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा हो और पुलिस पदाधिकारी पर भी कार्रवाई हो। अपराधियों पर भी कार्रवाई हो और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यदि यह सरकार ऐसा नहीं कर सकती है तो सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।

    अनिल टाइगर की हत्या की घटना अत्यंत निंदनीय: सुबोधकांत सहाय

    पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कांके निवासी रांची के पूर्व जिला परिषद सदस्य व समाजसेवी अनिल टाइगर की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है।

    सहाय ने कहा कि अनिल टाइगर सर्वप्रथम एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार जिस प्रकार आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के प्रति सक्रियता से जुटी है, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय।

    इसी प्रकार इस हत्याकांड की घटना का भी उद्वेदन यथाशीघ्र करने की दिशा में राज्य सरकार तत्परता दिखाए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इस हत्याकांड को राजनीतिक रंग देने की साजिश की जा रही है, यह शर्मनाक है।

    सहाय ने कहा कि अनिल टाइगर राजनीति से जुड़े जरूर थे, लेकिन राजनीति से परे उठकर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते थे।

    सभी वर्ग और समुदाय के बीच वह लोकप्रिय थे। सहाय ने दिवंगत की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

    आजसू पार्टी ने रांची बंद बुलाया

    टाइगर अनिल महतो की हत्या के विरोध में आजसू पार्टी ने भी गुरुवार 27 मार्च को रांची बंद का आह्वान किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय महतो ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत आजसू से की थी और वह पार्टी में जिलाध्यक्ष रह चुके थे।

    अनिल टाइगर की हत्या की सूचना पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर समेत पूर्व कुलपति डॉ. यू सी मेहता, जिलाध्यक्ष संजय महतो, बनमाली मंडल, दीपक महतो, संजय मेहता, हरीश कुमार, वीरेंद्र तिवारी, एतवा उरांव, मोहसिन खान, पूर्व जिप सदस्य मीना देवी, फूल कुमारी देवी, डॉ. मदन महतो, रूपलाल महतो, डॉ. मुकुंद मेहता, दुबराज महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

    राज्य में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, अपराधियों का राज : सुदेश महतो

    सुदेश महतो ने रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और राज्य अपराधियों-माफिया के हवाले है।

    उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को आमजन के जान माल की कोई चिंता नहीं। जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का भगवान ही मालिक है। सुदेश ने दिवंगत की पत्नी, पुत्र एवं परिजनों को ढांढस भी बंधाया।

    हत्या की सीबीआई जांच हो : प्रभाकर

    आजसू के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर एक सक्रिय उभरते नेता थे और उनकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। राज्य सरकार फेल साबित हुई है।

    अपराधियों का मनोबल बढ़ा : देवशरण

    आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है।

    अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि कांके थाना से थोड़ी दूर पर अपराधी एक राजनीतिक की हत्या हो जा रही है।

    यह भी पढ़ें

    Bokaro News: गाड़ी रोककर अधिकारियों को पीटा, बोकारो में घूसखोर को पकड़ने गई CBI की टीम पर हमला

    झारखंड में 9 अफसरों को झटका, अभी नहीं बन पाएंगे DSP से SP; हाई कोर्ट ने प्रमोशन पर लगाई रोक