जमशेदपुर में डेंगू फैलने से मचा हड़कंप, 29 हुई मरीजों की संख्या; बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान
जमशेदपुर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है गुरुवार को दो नए मरीज मिले हैं जिनमें एक 14 साल का बच्चा और एक 49 साल की महिला शामिल हैं। दोनों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 29 मामले सामने आए हैं। सिविल सर्जन ने लोगों से जल जमाव रोकने और सतर्क रहने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर में डेंगू का डंक लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को दो नए डेंगू मरीज मिले हैं। नए मरीज में एक 14 साल का बच्चा तथा 49 साल की एक महिला शामिल है। बच्चा छोटा गोविंदपुर और महिला टेल्को की रहने वाली है। दोनों मरीजों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
गुरुवार को डेंगू के दो नए मरीज मिलने से अब तक जिले में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 29 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि जिन क्षेत्रों में डेंगू मिले रहे हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव व फोगिंग कराया जा रहा है।
डेंगू से बचने का आसान उपाय
जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जिलेवासियों से अपील किया है कि सजग रहें और आसपास जल जमाव नहीं होने दें। परेशानी होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं तथा जांच के साथ डॉक्टरी सलाह पर ही दवाई खाएं। सिविल सर्जन ने बताया कि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर साफ पानी में पैदा होते हैं।
लोगों को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि घर के बागान, कूलर, ड्रम, फूलदान, गमले में जमा पानी में एडीज मच्छर पनपते हैं। अगर किसी के घर में इस तरह के मच्छर मिलते हैं, तो तुरंत पानी को गिरा दें। अगर किसी में डेंगू के लक्षण दिखायी दे, तो तुरंत अस्पताल जाकर जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग व नगर निकाय चला रहा अभियान
स्वास्थ्य विभाग जहां मच्छरों को जड़ से खत्म करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कर रहा है। वहीं, शहर के तीनों ही नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान के साथ ही ब्लीचिंग का छिड़काव कर रहे हैं। इसके अलावा संध्या के समय फोगिंग करने का काम कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।