Jharkhand Politics: झारखंड नहीं छोड़ रहे सुदेश महतो? आजसू प्रमुख ने बंगाल से चुनाव लड़ने की चर्चा को बताया अफवाह
AJSU Supremo Sudesh Mahato आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने झारखंड छोड़कर जाने की चर्चाओं को अफवाह बताया है। बता दें कि ऐसी अफवाहों के चलते प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई थी। हालांकि अब महतो ने इन चर्चाओं का खंडन किया है। ज्ञात हो कि पिछले विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो सिल्ली से हार गए थे।

जागरण संवाददाता, पुरुलिया। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो झारखंड को छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। बता दें कि महतो के पश्चिम बंगाल से चुनाव लड़ने की चर्चाओं से झारखंड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई थीं। हालांकि, अब महतो ने ऐसी बातों को अफवाह बताया है।
दरअसल, झारखंड के पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावनाओं की चर्चाएं होने को लेकर शनिवार को सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि, स्वयं सुदेश महतो ने इस संबंध में हो रही चर्चाओं को अफवाह बताया है।
क्या है पूरा मामला
असल में शनिवार को सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं थीं कि आजसू प्रमुख ने बंगाल में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया है।
जानकारी मिली थी कि सुदेश महतो ने बाघमुंडी क्षेत्र की तुलिन पंचायत अंतर्गत 24 नंबर बूथ पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है।
उल्लेखनीय है कि तुलिन पंचायत, झालदा एक नंबर ब्लॉक अंतर्गत आता है। यहां सुदेश महतो के कुछ रिश्तेदार भी रहते हैं और उनके नाम जमीन भी दर्ज है।
उक्त जानकारियां सामने आने के बाद झारखंड के सियासी गलियारे में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था। इसके बाद महतो ने ऐसी बातों को साफ तौर पर अफवाह बताया है।
सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए थे महतो
ज्ञात हो कि झारखंड के बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो ने सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इधर, शनिवार को आजसू पार्टी के पश्चिम बंगाल के प्रदेश संयोजक धीरेंद्र नाथ रजक ने मीडिया को बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी चाहते हैं कि सुदेश महतो आगामी विधानसभा चुनाव में बाघमुंडी सीट से प्रत्याशी बनें। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी और सीट जीतने की संभावना बढ़ेगी।
यहीं से महतो के झारखंड छोड़कर जाने की अफवाहों को बल मिला था। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा और आजसू पार्टी के बीच चुनावी गठबंधन हुआ था, जिसके तहत बाघमुंडी सीट आजसू के खाते में गई थी।
हालांकि, उस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी सुशांत महतो ने आजसू प्रत्याशी आशुतोष महतो को 14 हजार वोटों से हराया था।
यह उनका व्यक्तिगत निर्णय: भाजपा
उधर, भाजपा पुरुलिया जिला कमेटी के अध्यक्ष शंकर महतो ने इन अफवाहों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में शनिवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि ये सुदेश महतो का व्यक्तिगत निर्णय है। जब उनसे पूछा गया कि भाजपा सुदेश महतो को बाघमुंडी से प्रत्याशी के रूप में समर्थन देगी या नहीं, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी स्तर पर लिया जाएगा। पार्टी जो निर्णय लेगी, हम उसका पालन करेंगे।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया क्या होगी?
बहरहाल, इन अफवाहों के बीच सवाल है कि आखिर बंगाल में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया क्या होगी?
इस संबंध में बताया गया है कि ऑनलाइन आवेदन के बाद सुदेश महतो को स्थानीय चुनाव पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज की जांच करानी होगी।
उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने के बाद बीडीओ कार्यालय से रिपोर्ट एसडीओ कार्यालय भेजी जाएगी। एसडीओ की संतुष्टि के बाद अंतिम प्रतिवेदन राज्य चुनाव आयोग को भेजा जाएगा।
इसके बाद ही सुदेश महतो का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। मतदाता सूची का प्रकाशन जनवरी 2026 में प्रस्तावित है।
अभी नहीं जुड़ा है नाम
मुझे एक माह पूर्व जानकारी मिली थी कि उन्होंने आवेदन किया है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नाम जुड़ सकेगा। - राणा राय, प्रधान, तुलिन पंचायत।
ये अफवाहें हैं, मैं और कुछ नहीं कहना चाहता: महतो
फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं है। रहने दीजिए ऐसी बातों को। ये अफवाह हैं। मैं अपनी ओर से इस संबंध में कुछ भी कहना नहीं चाहता। - सुदेश महतो, आजसू पार्टी प्रमुख
महतो की छवि धूमिल करने के प्रयास में विरोधी : भगत
आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने स्पष्ट किया है कि पार्टी प्रमुख सुदेश महतो द्वारा किसी अन्य विधानसभा, जिला या अन्य राज्य से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए कोई भी आवेदन नहीं दिया गया है। इस संबंध में कुछ मीडिया में चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
उन्होंने ऐसी खबरें उड़ाने के पीछे सुदेश विरोधियों का हाथ बताया, जो उनकी छवि धूमिल करने का बारंबार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुदेश महतो के बढ़ते ग्राफ से आजसू विरोधी घबरा गए हैं और उनकी छवि खराब करने की साजिश कर रहे हैं।
डॉ. भगत ने यह भी कहा कि पार्टी के विधि प्रकोष्ठ को निर्देश दिया गया है कि अगर इस संबंध में किसी ने सुदेश महतो के नाम से किसी अन्य स्थान पर कोई आवेदन दिया है तो उसके खिलाफ कानूनी कारवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई जाए।
डॉ. भगत ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व भी सुदेश महतो के एक वीडियो में छेड़छाड़ कर उनकी छवि खराब करने की साजिश की गई थी, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें
सुदेश महतो के वायरल वीडियो पर मचा सियासी घमासान, आजसू ने कई थानों में दर्ज कराई FIR
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।