Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड कांग्रेस में कौन है 'विभीषण'? BJP को इन नेताओं से मिल रही मदद; बड़े नेता ने बताई अंदर की बात

    झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने रविवाद को दुमका परिसदन में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के स्लीपर सेल भाजपा को मदद पहुंचा रहे हैं। इससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा जल्द ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। झारखंड में परिसीमन के मुद्दे पर भी उन्होंने जवाब दिया।

    By Rajeev Ranjan Edited By: Piyush Pandey Updated: Sun, 09 Mar 2025 05:22 PM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने की बैठक। (सांकेतिक फोटो)

    जागरण संवाददाता, दुमका। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने रविवाद को दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड में कांग्रेस के स्लीपर सेल भाजपा को मदद पहुंचा रहे हैं। इससे पार्टी को नुकसान हो रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    के. राजू ने कहा कि झारखंड भ्रमण के क्रम में उन्हें यह पुख्ता फीडबैक मिला है कि यहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी भाजपा के मददगार बने हुए हैं। ऐसे लोगों को शीघ्र चिह्नित कर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि वह अब तक 18 जिलों का भ्रमण कर चुके हैं और इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर तमाम परिस्थितियों से अवगत हो रहे हैं। इस दौरान कांग्रेसियों के भाजपा में घुसपैठ की शिकायतें हर जगह मिली है।

    इसी क्रम में के. राजू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना कभी साकार नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान उन्होंने कांग्रेस को कमजोर करने के लिए हो रही तमाम साजिशों को विफल करने के लिए कार्यकर्ताओं को सजग रहने को कहा है।

    कांग्रेस प्रभारी ने की पत्रकार वार्ता। (जागरण)

    के. राजू ने गुजरात में दिए गए पार्टी नेता राहुल गांधी के बयान की चर्चा करते हुए कहा कि कमोबेश ऐसी स्थिति पूरी देश में है और झारखंड भी इसकी जद में है।

    बोर्ड-निगम में हिस्सेदारी और परिसीमन पर कांग्रेस करेगी विचार

    एक सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि झारखंड में परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस के आला नेता गंभीरता से मंथन कर अपना स्टैंड लेंगे। उन्होंने कहा कि यह मसला सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश का है।कांग्रेस पार्टी तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर ही परिसीमन के मुद्दे पर अपना स्टैंड क्लियर करेगी।

    इस सवाल पर कि झामुमो ने झारखंड में लोकसभा सीटों के परिसीमन का विरोध करने का निर्णय लिया है तो इस परिस्थिति में कांग्रेस क्या झामुमो के साथ खड़ा होगी के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आलाकमान ऐसे मुद्दों पर अपनी रणनीति तय करेगा।

    वहीं, झारखंड में बोर्ड-निगमों के गठन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस पर पैनी निगाह है। उन्होंने कहा कि बोर्ड-निगम की हिस्सेदारी को लेकर कांग्रेस गंभीरता से काम कर रही है।

    समर्पित व निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद इस पर अंतिम मुहर आपस में समन्वय बनाकर तमाम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

    विधि-व्यवस्था पर सरकार गंभीर, हो रही त्वरित कार्रवाई

    झारखंड में तेजी से बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, हिंसा, हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर के. राजू ने कहा कि कांग्रेस विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखे जाने को लेकर गंभीर है।

    हजारीबाग में एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या और दुमका के काठीकुंड में आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के हत्या मामले में पूछे जाने पर मौके पर मौजूद राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर तत्पर है।

    दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर त्वरित कार्रवाई हो रही है। आने वाले दिनों में झारखंड में अपराध पूरी तरह से नियंत्रण में रहेगा।

    सीधे जनता से जुड़ें सभी कांग्रेसी

    के. राजू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वह जनता की समस्याओं का निदान करें। जनता के बीच उनसे जुड़कर रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य महज चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है।

    महिला, युवा, अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़ा और आदिवासियों का सर्वांगीण विकास कांग्रेस की प्राथमिकता में है। के. राजू ने कहा कि झारखंड में महिला नेताओं को मजबूत किया जाएगा। इन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जगह दी जाएगी। कांग्रेस में प्रोफेशनल तरीके से काम किया जाएगा।

    एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक के लिए वर्किंग ग्रुप बनेगा। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि अगर झारखंड में कांग्रेस सत्ता में आती है तो यहां ओबीसी आरक्षण का दायरा बढ़ाया जाएगा।

    इस मौके पर उनके साथ झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, विधायक प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, प्रदेश प्रवक्ता श्यामल किशोर सिंह, जयशंकर पाठक, जिला अध्यक्ष महेशराम चंद्रवंशी, कृष्णानंद झा, संजीत सिंह, प्रो.मनोज अबंष्ट समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

    यह भी पढ़ें- 

    Sita Soren: BJP नेता सीता सोरेन को जान से मारने की कोशिश, पीए ने ही तान दी पिस्टल

    Jharkhand News: नए कांग्रेस प्रभारी के लिए आसान नहीं झारखंड की राह, कई चुनौतियों से होगा निपटना; जल्द होंगे बदलाव