Jharia: कोयले व राजनीति के काले खेल में एक ही परिवार के दो गुटों में हुई फायरिंग,जमकर चले लाठी-डंडे और तलवारें
Clash In Jharia Raghukul and Singh Mention Group झरिया के सिंह नगर में गुरुवार सुबह करीब दस बजे सिंह मेंशन और रघुकुल के समर्थकों के बीच जबरदस्त हिंसक झड़प हई है। इस झड़प में दोनोंं ओर से जमकर फायरिंग की गई और तलवार चलाए गए।

धनबाद, जागरण संवाददाता: झरिया के सिंह नगर में गुरुवार सुबह करीब दस बजे सिंह मेंशन और रघुकुल के समर्थकों के बीच जबरदस्त हिंसक झड़प हई है। इस झड़प में दोनोंं ओर से जमकर फायरिंग की गई और तलवार चलाए गए। झड़प में दोनों गुटों के दो महिला समेत सात लोग घायल हो गए।
कोयला और राजनीतिक वर्चस्व का है मामला
घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें धनबाद के मेडिकल कालेज और अशर्फी अस्पताल मेंं भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने मौके से सात जिंदा बम, एक तलवार और राइफल का एक खाली खोखा बरामद किया है। ये झड़प कोयला और राजनीति पर वर्चस्व को लेकर हुई है।
दोनों पक्ष के समर्थक हुए घायल
रामबाबू धिक्कार रघुकुल के सबसे करीबी माने जाने वाले हर्ष सिंह के समर्थक हैं। घायलों में सिंह मेंशन के समर्थक धनंजय यादव, निरंजन तांती, मो कमाल उर्फ गार्डेन, विक्की कुमार राम एवं रघुकुल समर्थक रामबाबू धिक्कार, उसके पुत्र सुमित धिक्कार, रेखा देवी, कैलाश वर्मा एवं रानी देवी शामिल हैं। निरंजन तांती एवं सुमित धिक्कार की हालत बेहद नाजुक है। निरंजन को पहले अशर्फी फिर वहां से एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया। सुमित का इलाज अशर्फी में चल रहा है।
रघुकुल और सिंह मेंशन एक परिवार के ही दो विरोधी ध्रुव
बता दें कि रघुकुल और सिंह मेंशन एक परिवार के दो विरोधी ध्रुव हैं। रघुकुल से पूर्णिमा नीरज सिंह कांग्रेस की झरिया विधायक हैं। उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह हैं। पूर्णिमा सिंह के पति नीरज सिंह की हत्या में संजीव सिंह धनबाद जेल में बंद हैं। संजीव के जेल जाने के बाद कमान उनकी पत्नी रागिनी सिंह संभाल रही हैं। पूर्णिमा सिंह के देवर और पूर्व डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह पर अभी कुछ दिन पहले ही संजीव सिंह समर्थक युवक को गोली मारने की प्राथमिकी दर्ज हुई है।
रघुकुल समर्थकों ने सिंह मेंशन में शामिल हुए लोगों से की थी मारपीट
सिंह नगर गुलगुलिया बस्ती के लोग पहले रघुकुल समर्थक थे। अभी कुछ दिन पहले ही धनंजय यादव और विजय भुइयां ने इस बस्ती के लोगों को सिंह मेंशन के माध्यम से भाजपा में शामिल कराया था। इसी मामले को लेकर वहां तनाव चल रह था। बगल के बस्ती में रहने वाले रघकुल समर्थक रामबाबू धिवक्कार और उनके बेटे सुमित धिवक्कार के साथ सुबह वहां पहुंचे थे। लोगों का कहना है कि इन लोगों ने सिंह मेंशन में शामिल होने वाले लोगों के साथ मारपीट की थी।
समर्थकों के साथ मारपीट के बाद मेंशन समर्थकों ने किया पलटवार
यह बात सामने आने पर सिंह मेंशन समर्थक धनंजय यादव, निरंजन तांती, विक्की कुमार समेत करीब 30 से 40 लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई और लाठी-डंडा चले। इस क्रम में निरंजन और विक्की को रामबाबू धिक्कार और उसके लोगों ने दबोच लिया, जिसके बाद दाेनों की बुरी तरह से पिटाई की गई। जवाब में दूसरे पक्ष ने रामबाबू के बेटे सुमित धिक्कार और कई अन्य लोगों की बुरी तरह से पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर जब तक झरिया के इंस्पेक्टर पीके झा पुलिस बल के साथ पहुंचे, दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।