लखनऊ के ध्यानार्थ... वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, तीन श्रद्धालु घायल
माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आए लखनऊ के तीन श्रद्धालु बुधवार को बैटरी कार मार्ग पर हुए भूस्खलन में जख्मी हो गए। सभी को श्राइन बोर्ड के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संवाद सहयोगी, कटड़ा: माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए आए तीन श्रद्धालु मंगलवार-बुधवार की रात करीब सवा दो बजे बैटरी कार मार्ग पर हुए भूस्खलन में घायल हो गए। उन्हें श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में ओमप्रकाश (49) पुत्र रामप्रकाश, मुकेश कुमार (28) साल पुत्र रमाकांत और अमरीका सिंह (45) पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह सभी निवासी लखनऊ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। सभी भवन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैटरी कार मार्ग पर पंछी कॉलोनी क्षेत्र में वह भूस्खलन की चपेट में आ गए। भूस्खलन में मार्ग पर बना शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन प्रशासन के कर्मचारी व अधिकारी तथा पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। बैटरी कार मार्ग बंद होने से बैटरी कार सेवा स्थगित कर दी गई।
इस मार्ग से पत्थर हटाने का काम जारी है। अलबत्ता पारंपरिक मार्ग से यात्रा जारी है। वहीं हेलीकॉप्टर और केबल कार सेवा सुचारु रही। 14 जनवरी को 16000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे तो बुधवार को शाम चार बजे तक 9000 से अधिक श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे।