Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    माता वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, हड़ताल के बावजूद साल के अंतिम दिन पहुंचे 41,445 से अधिक श्रद्धालु

    Updated: Wed, 01 Jan 2025 09:13 AM (IST)

    नए वर्ष के आगमन पर श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोपवे विरोध के बावजूद देशभर से श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं। मां वैष्णो देवी के भवन से लेकर कटड़ा तक श्रद्धालुओं से गुलजार है। चारों तरफ मां के जयकारे गूंज रहे हैं। नए साल के अवसर पर माता के दरबार में 41445 श्रद्धालु पहुंचे हैं।

    Hero Image
    नववर्ष के आगमन पर माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे 41,445 श्रद्धालु।

    राकेश शर्मा, जागरण। मां वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर बने रहे रोपवे के विरोध में जारी हड़ताल के बावजूद नववर्ष के आगमन को लेकर देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं। मां वैष्णो देवी के भवन से लेकर कटड़ा श्रद्धालु से गुलजार है। चारों तरफ मां के जयकारे गूंज रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह था कि यात्रा पंजीकरण केंद्रों व दर्शन ड्योढ़ी पर पर दिनभर लाइन लगी रही। दर्शन ड्योढ़ी पर एक किलोमीटर लंबी, तो भवन पर डेढ़ किलोमीटर लंबी श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

    नएवर्ष पर माता के दरबार पहुंचे 41,445 श्रद्धालु

    मंगलवार रात दस बजे तक 41,445 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष करीब 40,000 श्रद्धालु कम पहुंचे हैं। वर्ष 2023 में 94 लाख 80 हजार 197 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी, जबकि इस साल 94 लाख 41965 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे।

    यह भी पढ़ें- मां वैष्णो देवी कटड़ा में बंद-हड़ताल समाप्त, प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद बनी सहमति; रोका गया रोपवे का निर्माण

    मां वैष्णो की यात्रा के इतिहास में एक दिन में सर्वाधिक यात्रा 30 सितंबर 2017 को दर्ज की गई थी। इस दिन 54,696 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे थे। नववर्ष के आगमन को लेकर अचानक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस तथा प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं, माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड भीड़ पर नजर बनाए हुए हैं।

    श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह

    मां वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक हड़ताल के साथ ही घोड़ा, पिट्ठू पालकी की सेवाएं ठप होने के बावजूद मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। श्रद्धालु हाथों में लाठियां लिए माथे पर मां वैष्णो देवी का पटका बांधे 'जय माता दी' के जयकारे लगाते भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। कटड़ा से लेकर भवन तक उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

    देशभर से कटड़ा पहुंच रहे श्रद्धालुओं को खाने-पीने को लेकर कोई परेशानी ना हो, इसलिए देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने जगह-जगह लंगर लगा रखा है।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति कैथल हरियाणा की ओर से रेलवे मार्ग, ऊधमपुर मार्ग, जम्मू मार्ग, चरण पादुका मंदिर क्षेत्र, ताराकोट मार्ग, सांझी छत आदि स्थानों पर लंगर लगाए गए हैं। वहीं, मां वैष्णो देवी इंटरनेशनल ट्रस्ट कटड़ा की ओर से बाण गंगा मार्ग पर लंगर लगाया गया है।

    वर्ष 2024 में किस माह में कितने पहुंचे श्रद्धालु

    • जनवरी- 61,6609 श्रद्धालु
    • फरवरी- 43,2925 श्रद्धालु
    • मार्च- 8,61517 श्रद्धालु
    • अप्रैल- 95,5575 श्रद्धालु
    • मई- 11,64301 श्रद्धालु
    • जून- 11,15719 श्रद्धालु
    • जुलाई- 76,5726 श्रद्धालु
    • अगस्त- 57,3730 श्रद्धालु
    • सितंबर- 67,8484 श्रद्धालु
    • अक्टूबर- 87,4657 श्रद्धालु
    • नवंबर- 67,7549 श्रद्धालु
    • दिसंबर- 55,0870 श्रद्धालु

    31 दिसंबर को मां के दरबार में पहुंचे श्रद्धालु

    • वर्ष 2015- 50,215
    • वर्ष 2016- 53,874
    • वर्ष 2017- 49,997
    • वर्ष 2018- 43,123
    • वर्ष 2019- 45,033
    • वर्ष 2020- 14,797
    • वर्ष 2021- 35,374
    • वर्ष 2022- 35,765
    • वर्ष 2023- 42,028
    • वर्ष 2024- 41,445

    यह भी पढ़ें- कश्मीर से कन्याकुमारी तक का रेल सफर और आसान, जम्मू में 198 करोड़ की लागत से बनेगा नया डिवीजन; PM मोदी 6 को करेंगे शुभारंभ