Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jammu News : जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, जल मंत्री डार से आश्वासन के बाद की घोषणा

    Updated: Thu, 27 Mar 2025 11:36 AM (IST)

    जम्मू में पिछले सात दिनों से हड़ताल कर रहे जलशक्ति विभाग के डेलीवेजरों ने 7 अप्रैल तक हड़ताल को स्थगित कर दिया है। हड़तालकर्मियों ने जल मंत्री जावेद अहमद डार के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। डेली वेजरो ने यह भी कहा है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो फिर से हड़ताल शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि कुल 20 हजार डेलीवेजर हड़ताल पर थे।

    Hero Image
    जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

    जागरण संवाददाता,जम्मू। पिछले सात दिनों से हड़ताल पर डटे जल शक्ति विभाग के डेलीवेजरों ने जल मंत्री के आश्वासन और ईद व नवरात्रों को ध्यान में रखते हुए अपनी हड़ताल को 7 अप्रैल तक स्थगित कर दिया है। छह अप्रैल तक अगर सरकार ने उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की तो 7 अप्रैल से फिर हड़ताल होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जल मंत्री जावेद अहमद डार के साथ बैठक के बाद की घोषणा

    वीरवार सुबह फ्रंट के सदस्यों ने जल मंत्री जावेद अहमद डार के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। यह डेलीवेजर पिछले वीरवार यानि 20 मार्च शाम 8 बजे से हड़ताल पर चले गए थे। उन्होंने विगत दिवस तीसरी बार 72 घंटे के लिए हड़ताल को बढ़ाने की घोषणा की थी। कुल 20 हजार डेलीवेजर हड़ताल पर थे। करीब 90 प्रतिशत डेलीवेजर हैं जबकि 10 प्रतिशत स्थायी कर्मचारी। इन्हीं 10 प्रतिशत स्थायी कर्मचारियों से विभाग हड़ताल के बीच काम ले रहा था।

    वीरवार दोपहर बाद से डेलीवेजर कामकाज शुरू कर देंगे। फ्रंट के पांच सदस्य होशियार सिंह चिब, रवि हंस, राजेंद्र सिंह ताज, नवदीप सिंह व मनोहर लाल शर्मा ने मंत्री से भेंट की।

    डेली वेजर्स की हड़ताल से आम लोग परेशान

    हड़ताल की अवधि में आम लोगों को बहुत परेशान होना पड़ा था। कई दिनों से पानी की किल्लत होने से नाराज शहर के वार्ड 63 के लोअर ठठर इलाके में लोग बुधवार को सड़क पर आ गए थे।

    यह भी पढ़ें- JK News: घेराबंदी के बावजूद कहां गायब हो गए संदिग्ध, सकते में सुरक्षा बल; सुरंग होने का संदेह

    उनका कहना था उनके इलाके में डेलीवेजरों की हड़ताल से भी करीब 15 दिन पहले से पेयजल आपूर्ति बंद है। इससे उनको बहुत परेशानी हो रही है। जब वे अधिकारियों को फोन करते हैं तो वे फोन नहीं उठाते हैं। ट्यूबवेल के बाहर जमा हुए लोगों ने जलशक्ति विभाग और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना रोष जताया। लोगों का कहना था कि सरकार गरीब लोगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है।

    लोअर ठठर में 22 दिनों से पानी नहीं

    प्रदर्शन में शामिल पूर्व कॉर्पोरेटर कुलदीप सिंह चिब ने कहा कि डेलीवेजरों की हड़ताल तो अभी शुरू हुई है जबकि लोअर ठठर में पिछले 22 दिन से पानी नहीं आ रहा है। लिंक रोड लोअर ठठर में जमा हुए लोग हाथ में खाली बर्तन लिए हुए थे। पूर्व कॉर्पोरेटर ने कहा कि लोअर ठठर का ट्यूबवेल कब से बंद पड़ा है। यहां कोई मोटर चलाने वाला ही नहीं है। अब तो डेलीवेजर भी हड़ताल पर चले गए गए हैं।

    संबंधित जेई फोन नहीं उठाता। लोग टैंकर की मांग करते हैं तो कोई कार्रवाई नहीं होती। सिर्फ रसूखदारों के घरों तक सरकारी टैंकर पहुंच रहे हैं। गरीब लोग मिलजुलकर पैसे इकट्टे कर प्राइवेट टैंकर मंगवा कर गुजारा करने को मजबूर हो गए हैं। कोई पूछ नहीं रहा। अब तो सरकार को डेलीवेजरों की हड़ताल का बहाना मिल गया है।

    प्रदर्शनकारियों कमल शर्मा, चैन सिंह, मदन लाल, सोमा देवी, गीता देवी आदि ने कहा कि एक हजार रुपये में प्राइवेट टैंकर मंगवा कर गरीब लोग कहां से गुजारा करेंगे। अभी तो गर्मियां शुरू भी नहीं हुई हैं और हमारे क्षेत्र में हाहाकर मच गया है। एक बूंद पीने को पानी नहीं मिल रहा। लग ही नहीं रहा कि हम जम्मू शहर का हिस्सा हैं।

    यह भी पढ़ें-जम्मू-कश्मीर की नवयुग टनल में यात्रियों से भरी बस पलटी, हादसे में 12 लोग घायल